नई दिल्ली: भारत का एथेनॉल उद्योग मांग और आपूर्ति के बीच बढ़ते असंतुलन का सामना कर रहा है। सरकार के E20 ईंधन मिश्रण कार्यक्रम के बाद एथेनॉल उत्पादन क्षमता में तेजी से विस्तार हुआ है, लेकिन तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) की ओर से खरीद सीमित बनी हुई है। बिजनेस स्टैंडर्ड ने ब्रिकवर्क रेटिंग्स के हवाले से यह जानकारी दी है।करीब 75,600 करोड़ रुपये के एथेनॉल उद्योग में 499 डिस्टिलरी हैं, जिनकी कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता लगभग 1,825 करोड़ लीटर है। हालांकि, मौजूदा पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम से पैदा होने वाली मांग की तुलना में उत्पादन क्षमता अधिक हो गई है।
वर्ष 2025-26 के एथेनॉल आपूर्ति वर्ष के लिए निविदाओं के पहले दौर में तेल विपणन कंपनियों ने 1,050 करोड़ लीटर एथेनॉल की मांग की, जबकि उत्पादकों ने 1,776 करोड़ लीटर की आपूर्ति के प्रस्ताव दिए। इस तरह 726 करोड़ लीटर का अतिरिक्त प्रस्तावित उत्पादन सामने आया। इससे स्पष्ट होता है कि, डिस्टिलरी संचालकों के सामने पर्याप्त खरीद आदेश हासिल करने और अपनी उत्पादन क्षमता का पूरा उपयोग करने की चुनौती बढ़ रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, इस अतिरिक्त एथेनॉल को खपाने के लिए मिश्रण दर को 20 प्रतिशत से आगे बढ़ाना होगा। इसके साथ ही E85 और E100 जैसे ईंधनों, फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों और टिकाऊ विमानन ईंधन जैसे नए बाजारों को विकसित करना भी जरूरी होगा।भारत में एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम की शुरुआत आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से की गई थी। देश में पेट्रोल के साथ एथेनॉल मिश्रण की दर 2013-14 में 1.53 प्रतिशत थी, जो 2025-26 में बढ़कर लगभग 20 प्रतिशत हो गई। इस तरह भारत ने निर्धारित समय से करीब पांच साल पहले ही E20 लक्ष्य हासिल कर लिया।
सरकार की नीतियों से एथेनॉल उत्पादन क्षमता में बड़े निवेश को बढ़ावा मिला। जनवरी 2021 में देश की वार्षिक उत्पादन क्षमता 684 करोड़ लीटर थी, जो जून 2025 तक बढ़कर 1,825 करोड़ लीटर हो गई। यानी लगभग साढ़े चार वर्षों में क्षमता 2.7 गुना बढ़ गई। इसके अलावा, 250 करोड़ लीटर की अतिरिक्त उत्पादन क्षमता विकसित करने का काम भी चल रहा है।ब्रिकवर्क रेटिंग्स का अनुमान है कि, E20 की जरूरतों को पूरा करने के लिए लगभग 1,700 करोड़ लीटर की वार्षिक उत्पादन क्षमता पर्याप्त होगी। मौजूदा क्षमता इस स्तर से अधिक होने के कारण अब उद्योग की प्राथमिकता उत्पादन क्षमता बढ़ाने के बजाय मौजूदा संयंत्रों का बेहतर इस्तेमाल करने और अतिरिक्त खरीदार तलाशने पर केंद्रित हो गई है।
एथेनॉल की मांग मुख्य रूप से सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों—इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन—की खरीद पर निर्भर है। चूंकि इन कंपनियों की खरीद निर्धारित एथेनॉल मिश्रण लक्ष्यों से जुड़ी है, इसलिए मौजूदा जरूरतों से अधिक खरीद बढ़ाने की उनकी क्षमता सीमित है।अधिक आपूर्ति की स्थिति से छोटी डिस्टिलरी, विशेषकर वे इकाइयां जो केवल एक प्रकार के कच्चे माल पर निर्भर हैं, वित्तीय दबाव में आ सकती हैं। खरीद आदेशों की संख्या या मात्रा घटने से संयंत्रों का उपयोग कम हो सकता है, जबकि कंपनियों को कर्ज की किस्तें, ब्याज और अन्य निश्चित परिचालन खर्च जारी रखने पड़ेंगे।रिपोर्ट के अनुसार, जिन कंपनियों के पास अलग-अलग प्रकार के कच्चे माल से एथेनॉल बनाने की सुविधा है, वे बाजार में बदलती परिस्थितियों का बेहतर सामना कर सकती हैं।
E85 और फ्लेक्स-फ्यूल वाहन बन सकते हैं नए बाजार
ब्रिकवर्क रेटिंग्स ने घरेलू खपत बढ़ाने के लिए E85 ईंधन को एक संभावित विकल्प बताया है। E85 में 85 प्रतिशत एथेनॉल होता है। रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2026 में इसकी बिक्री 48 पेट्रोल पंपों पर शुरू हुई थी। दिसंबर 2026 तक इस नेटवर्क को लगभग 500 पेट्रोल पंपों और 2027 के अंत तक करीब 5,000 पेट्रोल पंपों तक बढ़ाने की योजना है।रिपोर्ट में बताया गया है कि, E85 की कीमत E20 पेट्रोल की तुलना में लगभग 20 रुपये प्रति लीटर कम है। हालांकि, अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन के इस्तेमाल को व्यापक बनाने के लिए उपयुक्त वाहनों और वितरण व्यवस्था का विस्तार भी जरूरी होगा।
फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को बढ़ावा मिलने से भी एथेनॉल की मांग बढ़ सकती है। ये वाहन अधिक मात्रा में एथेनॉल मिले ईंधन का इस्तेमाल करने में सक्षम होते हैं।इसके अलावा, एथेनॉल से बनने वाला टिकाऊ विमानन ईंधन (सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल) भी उद्योग के लिए एक नया बाजार बन सकता है। अंतरराष्ट्रीय विमानन क्षेत्र में टिकाऊ ईंधन के इस्तेमाल के अनिवार्य लक्ष्य बढ़ने से इस क्षेत्र में मांग बढ़ने की संभावना है।रिपोर्ट में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में टिकाऊ विमानन ईंधन के इस्तेमाल के लिए 2027 तक 1 प्रतिशत, 2028 तक 2 प्रतिशत और 2030 तक 5 प्रतिशत के लक्ष्यों का उल्लेख किया गया है।
2030-31 तक एथेनॉल बाजार 1.23 लाख करोड़ रुपये का होने का अनुमान
ब्रिकवर्क रेटिंग्स के आधारभूत अनुमान के अनुसार, भारत में एथेनॉल मिश्रण की दर वित्त वर्ष 2030-31 तक बढ़कर 25 प्रतिशत हो सकती है। अधिक सकारात्मक परिस्थितियों में यह दर 30 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। वहीं, कमजोर परिस्थितियों में मिश्रण दर मौजूदा 20 प्रतिशत के आसपास ही बनी रह सकती है।रिपोर्ट के अनुसार, भारत का एथेनॉल बाजार 2025-26 में लगभग 75,600 करोड़ रुपये से बढ़कर 2030-31 तक करीब 1.23 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है।
हालांकि, इस वृद्धि को हासिल करने के लिए ई20 से आगे एथेनॉल मिश्रण बढ़ाना, फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों का व्यापक इस्तेमाल सुनिश्चित करना और एथेनॉल की खपत के लिए वैकल्पिक बाजार विकसित करना आवश्यक होगा।रिपोर्ट का निष्कर्ष है कि, भारत के एथेनॉल उद्योग के विकास का अगला चरण केवल नई डिस्टिलरी और उत्पादन क्षमता जोड़ने पर निर्भर नहीं करेगा। इसके बजाय, अतिरिक्त उत्पादन की नियमित और टिकाऊ मांग तैयार करना उद्योग के भविष्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण होगा।


















