गन्ना किसानों और चीनी उद्योग से जुड़े मुद्दों की जांच के लिए सरकार ने गठित की समिति

नई दिल्ली: भारत सरकार ने गन्ना किसानों की समस्याओं और चीनी उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों की जांच करने तथा उनके समाधान के लिए उचित उपाय सुझाने के उद्देश्य से नीति आयोग के पूर्व सदस्य प्रो. रमेश चंद की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है।इस समिति का गठन कर्नाटक और महाराष्ट्र के गन्ना किसान प्रतिनिधियों की केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री तथा केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री के साथ हुई बैठक में लिए गए निर्णयों के बाद किया गया है।

गन्ने के उचित मूल्य और चीनी के एमएसपी की होगी समीक्षा

ChiniMandi WhatsApp Channel

समिति खेती की लागत और अन्य प्रासंगिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गन्ना किसानों को मिलने वाले उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) में वृद्धि की मांग की जांच करेगी।इसके साथ ही, समिति चीनी की उत्पादन लागत, बाजार में बिक्री से प्राप्त होने वाली कीमत और चीनी मिलों की आर्थिक व्यवहार्यता को ध्यान में रखते हुए मिल गेट पर चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) में संशोधन की मांग पर भी विचार करेगी।

चीनी रिकवरी की जांच और पारदर्शिता पर जोर

समिति चीनी रिकवरी की जांच और रिपोर्टिंग के मौजूदा तरीकों की समीक्षा करेगी। इसके साथ ही रिकवरी की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा।चीनी मिलों में गन्ने की तौल की मौजूदा व्यवस्था की भी समीक्षा होगी। इसमें तौल उपकरणों के सही अंशांकन (कैलिब्रेशन), निरीक्षण और सत्यापन की व्यवस्थाओं की पर्याप्तता का आकलन किया जाएगा।

मशीन से गन्ने की कटाई में वजन कटौती की भी होगी जांच

समिति मशीनों से काटे गए गन्ने के वजन में कटौती से जुड़ी मौजूदा प्रथाओं की जांच करेगी। साथ ही, यह आकलन किया जाएगा कि मशीनी कटाई के कारण वास्तव में कितना नुकसान होता है।इस प्रक्रिया में किसानों को मिलने वाले गन्ना मूल्य पर मौजूदा व्यवस्था के वित्तीय प्रभाव का भी मूल्यांकन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर समिति इससे संबंधित अन्य मुद्दों पर भी विचार कर सकेगी।

किसानों और चीनी उद्योग के सभी पक्षों से होगा परामर्श

समिति अपनी जांच के दौरान सभी संबंधित पक्षों से परामर्श करेगी। इनमें किसान प्रतिनिधि, चीनी मिल संघ, राज्य सरकारें तथा आवश्यकतानुसार अन्य विशेषज्ञ और संगठन शामिल होंगे।समिति अपने निष्कर्षों और स्पष्ट सिफारिशों वाली रिपोर्ट जल्द से जल्द सक्षम प्राधिकारी के विचारार्थ प्रस्तुत करेगी।

कौन हैं समिति के अध्यक्ष प्रो. रमेश चंद?

समिति के अध्यक्ष प्रो. रमेश चंद प्रसिद्ध कृषि अर्थशास्त्री और सार्वजनिक नीति विशेषज्ञ हैं। उन्होंने 2015 से 2026 तक नीति आयोग के सदस्य के रूप में कार्य किया है। इससे पहले वे भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय कृषि अर्थशास्त्र एवं नीति अनुसंधान संस्थान (ICAR-NIAP) के निदेशक और पंद्रहवें वित्त आयोग के सदस्य भी रह चुके हैं।कृषि विकास, किसानों से जुड़े मुद्दों, खाद्य सुरक्षा, कृषि बाजारों और मूल्य निर्धारण नीति के क्षेत्र में उन्हें व्यापक विशेषज्ञता प्राप्त है।

समिति में कौन-कौन होंगे शामिल?

समिति में निम्नलिखित अधिकारी सदस्य के रूप में शामिल होंगे:

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के कृषि आयुक्त।
खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के संयुक्त सचिव (चीनी)।
उपभोक्ता मामले विभाग के संयुक्त सचिव (विधिक माप विज्ञान)।
इस समिति के गठन से गन्ना किसानों को उचित मूल्य दिलाने, चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य की समीक्षा करने और चीनी मिलों में गन्ने की तौल तथा रिकवरी की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर विचार किए जाने की उम्मीद है।

(Source : PIB)

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here