नैरोबी: राष्ट्रपति विलियम रुटो ने देश के चीनी उद्योग पर नियंत्रण रखने वाले कथित माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बिचौलियों और दलालों पर गन्ना किसानों का शोषण करने तथा घरेलू चीनी उत्पादन को कमजोर करने का आरोप लगाया। नैरोबी में आयोजित कृषि एवं खाद्य प्रणाली परिवर्तन शिखर सम्मेलन (AFSS) में किसानों को संबोधित करते हुए रुटो ने कहा कि, सरकार को उन लोगों की जानकारी है, जो कथित तौर पर केन्या शुगर बोर्ड (KSB) के देशव्यापी निदेशक चुनावों में बाधा डाल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि, कुछ समूह बार-बार अदालतों में मामले दायर कर चुनाव प्रक्रिया को रोक रहे हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि, सरकार इस समस्या से निपटने के लिए कदम उठाने की तैयारी कर रही है।
तीन बार स्थगित हो चुके हैं चुनाव
केन्या शुगर बोर्ड के निदेशक चुनाव अब तक तीन बार स्थगित किए जा चुके हैं। चुनाव की पिछली निर्धारित तारीख 5 सितंबर 2026 को भी प्रक्रिया बाधित होने की बात सामने आई। रुटो ने आरोप लगाया कि, कुछ समूह किसानों को आर्थिक सहायता देकर अदालतों का रुख करने और चुनाव रोकने वाले आदेश हासिल करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।राष्ट्रपति के अनुसार, इस हस्तक्षेप का उद्देश्य चीनी बाजार पर अपना नियंत्रण बनाए रखना है। इससे सस्ती चीनी के आयात को बढ़ावा मिलता है और देश के घरेलू उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि, किसानों की आय बढ़ाने और चीनी उद्योग को मजबूत करने के लिए इस क्षेत्र को बिचौलियों और कथित माफियाओं के प्रभाव से मुक्त करना जरूरी है।
किसानों के कर्ज के लिए 1.8 अरब केन्याई शिलिंग
सरकार की सहायता योजनाओं की जानकारी देते हुए रुटो ने घोषणा की कि, किसानों के कर्ज का बोझ कम करने के लिए दिसंबर 2026 तक 1.8 अरब केन्याई शिलिंग (Ksh 1.8 billion) निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को बोनस का भुगतान नवंबर 2026 की शुरुआत तक कर दिया जाएगा।आर्थिक संकट से जूझ रही चीनी मिलों को चालू रखने के लिए सरकार ने निजी क्षेत्र की भागीदारी की अनुमति भी दी है।
चीनी उद्योग में सुधार पर चर्चा
ये घोषणाएं केन्या के चीनी उद्योग में बदलाव और सुधार पर हुई चर्चाओं के दौरान की गईं। सम्मेलन में शामिल हितधारकों ने मिलों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने, उत्पादकता में सुधार करने और किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ दिलाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया। चर्चा के प्रमुख मुद्दों में गुणवत्तापूर्ण बीज गन्ने की उपलब्धता, कृषि विस्तार सेवाएं, जलवायु परिवर्तन के प्रति सहनशील गन्ने की किस्में, गन्ने का मूल्य निर्धारण, पारदर्शी तौल व्यवस्था और समय पर भुगतान शामिल रहे।इसके अलावा, चीनी विकास कोष के उपयोग, वित्तपोषण, मूल्य संवर्धन तथा चीनी उद्योग के उप-उत्पादों के इस्तेमाल पर भी चर्चा हुई। इन उपायों के जरिए संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
गन्ने से चीनी तक सुधार की व्यापक रूपरेखा पर जोर
चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि गन्ने की आपूर्ति सुनिश्चित करने, मिलों की कार्यक्षमता बढ़ाने, किसानों की आय में सुधार करने और उद्योग को अधिक टिकाऊ तथा समावेशी बनाने के लिए गन्ने से चीनी तक की पूरी प्रक्रिया में व्यापक सुधार ढांचा तैयार करना जरूरी है। कार्यक्रम में नवाचार, चुनौतियों का सामना करने की क्षमता और गन्ना मूल्य श्रृंखला के विकास में योगदान देने वाले किसानों को भी सम्मानित किया गया।

















