नई दिल्ली: टैरिफ संबंधी बाधाओं के बावजूद अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान भारत का अमेरिका को वस्तुओं का निर्यात 11.1 प्रतिशत बढ़कर 50.81 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। वहीं, अमेरिका से भारत का आयात 26 प्रतिशत बढ़ा है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से गुरुवार को प्रस्तुत आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई। पिछले वर्ष की समान अवधि में भारत का अमेरिका को निर्यात 45.73 अरब डॉलर था, जो इस वर्ष बढ़कर 50.81 अरब डॉलर हो गया। इसी दौरान अमेरिका से भारत का आयात 25.66 अरब डॉलर से बढ़कर 32.33 अरब डॉलर पहुंच गया।
भारत-अमेरिका व्यापार बढ़ा, व्यापार अधिशेष में कमी
आंकड़ों के अनुसार, टैरिफ को लेकर अनिश्चितताओं के बावजूद भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार में वृद्धि जारी रही। हालांकि, अमेरिका के साथ भारत का वस्तु व्यापार अधिशेष पिछले वर्ष के 20.07 अरब डॉलर से घटकर 18.48 अरब डॉलर रह गया। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में अमेरिका भारत का वस्तुओं के निर्यात का सबसे बड़ा गंतव्य बना रहा।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बातचीत सही दिशा में: राजेश अग्रवाल
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है। दोनों देश जल्द से जल्द इस समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहे हैं। एक प्रेस वार्ता के दौरान अग्रवाल ने कहा, “बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है। संभवतः हम एक बहुत अच्छी स्थिति में हैं। हमें उम्मीद है कि समझौते को जल्द से जल्द अंतिम रूप देकर उस पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि समझौते का अंतिम स्वरूप अमेरिका में व्यापक टैरिफ ढांचे को औपचारिक रूप दिए जाने पर निर्भर करेगा। अमेरिका में व्यापार कानून की धारा 301 के तहत भी समानांतर प्रक्रिया चल रही है। अग्रवाल ने कहा कि, समग्र टैरिफ संरचना को अंतिम रूप दिए जाने के बाद ही समझौते पर हस्ताक्षर किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि धारा 301 के तहत सामने आने वाले कुछ परिणामों के आधार पर अमेरिका में टैरिफ ढांचे को फिर से निर्धारित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
भारतीय निर्यातकों के लिए अमेरिकी बाजार में तरजीही पहुंच की मांग
वाणिज्य सचिव ने कहा कि भारत अमेरिकी बाजार में अपने निर्यातकों के लिए तरजीही पहुंच चाहता है, ताकि भारतीय कंपनियां दूसरे देशों के निर्यातकों के साथ प्रभावी ढंग से प्रतिस्पर्धा कर सकें। उन्होंने कहा कि व्यापार समझौते से केवल दोनों देशों के बाजारों तक पहुंच ही नहीं मिलती, बल्कि किसी विशेष बाजार में तरजीही पहुंच का लाभ भी मिलता है।
अग्रवाल के अनुसार, प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में भारतीय निर्यातकों को मिलने वाली तरजीही बाजार पहुंच भी नए टैरिफ ढांचे का हिस्सा होगी। भारत और अमेरिका के बीच जारी बातचीत दोनों देशों के व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इस समझौते के माध्यम से बाजार तक पहुंच से जुड़ी टैरिफ संबंधी चुनौतियों का समाधान तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।

















