वॉशिंगटन डीसी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बयान का समर्थन करते हुए संकेत दिया है कि, भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौता जल्द ही अंतिम रूप ले सकता है।मंगलवार को स्थानीय समयानुसार आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान ट्रंप से पूछा गया कि क्या भारत के साथ व्यापार समझौता करीब है। इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, वे समझौता करना चाहते हैं। हम समझौता करने जा रहे हैं। हां, हम काफी करीब हैं। यह समझौता अतीत में किए गए समझौतों से काफी अलग होगा।इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी कहा था कि, भारत-अमेरिका व्यापार समझौता “बेहद करीब” है और इसे जल्द अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।
नेटवर्क18 से बातचीत करते हुए रुबियो ने बताया कि, वह व्यक्तिगत रूप से बातचीत में शामिल नहीं हैं, क्योंकि वार्ता की जिम्मेदारी अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि के पास है। हालांकि, उन्होंने कहा कि वह बातचीत की प्रगति पर करीबी नजर रख रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि यह समझौता महीनों में नहीं, बल्कि कुछ हफ्तों में पूरा हो सकता है।रुबियो ने कहा, मैं व्यक्तिगत रूप से इस पर बातचीत नहीं कर रहा हूं। यह काम हमारे व्यापार प्रतिनिधि के माध्यम से हो रहा है। लेकिन मुझे इसकी जानकारी है और मैं पूरी प्रक्रिया पर करीबी नजर रख रहा हूं। हमें उम्मीद है कि यह समझौता महीनों में नहीं, बल्कि कुछ ही हफ्तों में सामने आ जाएगा।
समझौते की घोषणा से पहले हर बारीकी पर सहमति जरूरी
समझौते के अंतिम चरणों के बारे में विस्तार से बताते हुए रुबियो ने कहा कि, सार्वजनिक घोषणा से पहले प्रत्येक बिंदु पर पूरी सहमति होना बेहद जरूरी है। इससे दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण संबंधों पर किसी तरह का नकारात्मक प्रभाव पड़ने से बचा जा सकता है।उन्होंने कहा, मुझे पहले भी ऐसा ही लगा था। इस तरह के समझौतों में यह जरूरी है कि घोषणा से पहले हर बिंदु और हर विवरण पर पूरी सहमति हो। इतने महत्वपूर्ण संबंधों को इस जोखिम में नहीं डाला जा सकता कि समझौते की घोषणा कर दी जाए और बाद में पता चले कि उसे अंतिम रूप ही नहीं दिया गया था।”
रुबियो ने आगे कहा कि, दोनों देश अब कुछ तकनीकी मुद्दों पर काम कर रहे हैं।उन्होंने कहा, समझौता बेहद करीब है।मेरा मानना है कि अब केवल कुछ तकनीकी विवरणों को सुलझाना बाकी है।ये तकनीकी बातें भी महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि दोनों पक्षों को इस बात पर सहमत होना होगा कि समझौते में इस्तेमाल की गई भाषा का अर्थ दोनों के लिए एक जैसा है। बातचीत अब इसी स्तर पर पहुंच गई है।
भारत के लिए समझौते के परिणाम लाभकारी होने की उम्मीद
अन्य देशों की तुलना में भारत पर लागू होने वाली शुल्क दरों से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए रुबियो ने कहा कि, प्रस्तावित समझौते का अधिकांश हिस्सा भारत के लिए लाभकारी होगा।उन्होंने कहा, इसका बड़ा हिस्सा आपके लिए अच्छा है। हम भी यही हासिल करना चाहते हैं। मैं इस समझौते के पूरा होने का इंतजार कर रहा हूं, क्योंकि ऐसे कई क्षेत्र हैं जिनमें हम मिलकर काम कर सकते हैं।
भारत के विभिन्न क्षेत्रों को समझना जरूरी: रुबियो
भारत के विशाल आकार और विविधता का उल्लेख करते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि किसी देश को समझने के लिए केवल उसकी राजधानी का दौरा करना पर्याप्त नहीं होता। उसके विभिन्न क्षेत्रों और उनकी परिस्थितियों को जानना भी जरूरी है।रुबियो ने कहा कि, जिस तरह अमेरिका को समझने के लिए केवल वॉशिंगटन जाना पर्याप्त नहीं है, उसी तरह भारत को समझने के लिए भी उसके अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा करना महत्वपूर्ण है।
उन्होंने दक्षिण भारत, पश्चिमी तट, न्यूयॉर्क और शिकागो जैसे अमेरिकी क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी बड़े देश की वास्तविक विविधता को समझने के लिए व्यापक अनुभव जरूरी है।उन्होंने कहा, भारत एक बड़ा और महत्वपूर्ण देश है। मैं यह दावा नहीं करता कि विदेश मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल में मैं पूरे भारत को देख पाऊंगा या उसके हर क्षेत्र के बारे में जान पाऊंगा। लेकिन इतने विशाल और महत्वपूर्ण देश को देखना और उसके बारे में जितना संभव हो, उतना सीखना जरूरी है।
भारत के निर्यात और घरेलू उद्योग के लिए महत्वपूर्ण समझौता
भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को वैश्विक व्यापार में भारत की भागीदारी के लिहाज से एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया जा रहा है।समझौते से संबंधित विवरणों के अनुसार, इसका उद्देश्य 30 ट्रिलियन डॉलर से अधिक मूल्य वाले अमेरिकी बाजार में भारतीय निर्यात को लगातार तरजीही पहुंच प्रदान करना है। प्रस्तावित प्रावधानों में सीमा शुल्क व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित करना, उत्पादों की बड़ी श्रेणियों के लिए शून्य-शुल्क पहुंच, डिजिटल और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना तथा भारतीय किसानों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) और घरेलू उद्योगों के हितों की सुरक्षा के लिए संतुलित व्यवस्था तैयार करना शामिल है।हालांकि, समझौते के अंतिम प्रावधानों और उनके वास्तविक प्रभाव का आकलन इसके औपचारिक रूप से अंतिम रूप दिए जाने और विस्तृत शर्तें सामने आने के बाद ही किया जा सकेगा।

















