चीनी उद्योग और किसानों के हित के लिए एफआरपी का एमएसपी के साथ ‘लिंकिंग’ जरूरी

कोल्हापुर : चीनी के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और गन्ने के उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) को आपस में जोड़ना (Linking) चीनी उद्योग और गन्ना किसानों के बीच लंबे समय से चली आ रही एक प्रमुख मांग और वर्तमान में आर्थिक आवश्यकता भी बन गई है। आर्थिक संकट से जूझ रहें चीनी उद्योग को आत्मनिर्भर बनाने के लिए और उनके द्वारा किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान समय पर होने के लिए एमएसपी और एफआरपी के दरों का ‘लिकिंग’ काफी जरुरी बन गया है।साथ ही, देश कई संगठनों द्वारा रेवेन्यू शेयरिंग (RSF) फार्मूला लागु करने की मांग भी उठाई जा रही है।

केंद्र सरकार हर पेराई सीजन के लिए गन्ना किसानों को मिलने वाला न्यूनतम निर्धारित मूल्य (FRP) तय करती है।बीज, उर्वरक और अन्य कृषि इनपुट की बढ़ती लागत को ध्यान में रखते हुए एफआरपी में लगभग हर साल वृद्धि की जाती है।पिछले 7 वर्षों में लगभग एफआरपी में 26% से जादा वृद्धि हुई है,लेकिन चीनी के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में केवल एक बार संशोधन हुआ है।2019 से एमएसपी में कोई बढ़ोतरी नही हुई है, और एमएसपी 31 रूपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर है।आपको बता दे की, सरकार द्वारा चीनी सीजन 2026-27 के लिए भी गन्ने के एफआरपी में 10 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

एफआरपी में लगातार बढ़ोतरी, लेकिन एमएसपी अब भी 2019 के स्तर पर

चीनी उद्योग का सबसे बड़ा खर्च गन्ने की खरीद है। केंद्र सरकार हर वर्ष गन्ने का एफआरपी (फेयर एंड रेम्युनरेटिव प्राइस) घोषित करती है। वर्ष 2020-21 में प्रति टन 2,850 रुपये रही एफआरपी को 2026-27 पेराई सत्र के लिए 3,650 रुपये प्रति टन कर दिया गया है। इसके विपरीत, चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) फरवरी 2019 से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल पर ही स्थिर है। एफआरपी, उत्पादन लागत और अन्य खर्चों में लगातार वृद्धि को देखते हुए चीनी उद्योग ने केंद्र सरकार से एमएसपी को बढाने की मांग की है। हालांकि, इस पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। चीनी उद्योग की लंबे समय से मांग रही है कि, चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि की जाए और इसे गन्ने के प्रचलित उचित और लाभकारी मूल्य (एफआरपी) के साथ संरेखित किया जाए, जो कि राष्ट्रीय बेंचमार्क है।

चीनी उद्योग में मिलों की आर्थिक स्थिति काफी महत्वपूर्ण

चीनी उद्योग एक ऐसे संतुलन पर काम करता है, जिसमें चीनी मिलों की वित्तीय स्थिति सीधे किसानों के हितों को प्रभावित करती है।यदि मिलें आर्थिक दबाव में रहती हैं, तो किसानों को समय पर गन्ने का भुगतान करना मुश्किल हो जाता है। इसका बोझ अंततः किसानों पर ही पड़ता है। यहीं पर बढ़ते गन्ना एफआरपी और लंबे समय से स्थिर चीनी एमएसपी के बीच का अंतर एक बड़ी नीतिगत विसंगति को उजागर करता है।पिछले कई वर्षों में गन्ने का एफआरपी लगातार बढ़ा है। इसके विपरीत, चीनी का एमएसपी (जो मिलों की बिक्री से होने वाली आय निर्धारित करने वाला महत्वपूर्ण मानक है और बैंकों से लिए गए ऋण के बदले चीनी के स्टॉक के मूल्यांकन को भी प्रभावित करता है) लंबे समय से अपरिवर्तित है।भारत में चीनी का एमएसपी फरवरी 2019 के बाद से नहीं बदला है। इसका परिणाम यह हुआ है कि, गन्ना खरीद लागत और चीनी बेचकर होने वाली आय के बीच का अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है।

एफआरपी और चीनी एमएसपी को जोड़ना आर्थिक जरूरत

चीनी उद्योग की अर्थव्यवस्था की सबसे बड़ी विशेषता इसकी परस्पर निर्भरता है। किसान और चीनी मिलें एक-दूसरे से अलग रहकर काम नहीं कर सकते। एक की आर्थिक स्थिति दूसरे को सीधे प्रभावित करती है।आर्थिक संकट से जूझ रही चीनी मिल किसानों को समय पर भुगतान नहीं कर सकती। दूसरी ओर, किसानों की आर्थिक बदहाली अंततः उद्योग की आपूर्ति शृंखला को कमजोर करती है। इसलिए नीतियां बनाते समय केवल अलग-अलग समस्याओं का समाधान करने के बजाय पूरे चीनी मूल्य शृंखला को ध्यान में रखना आवश्यक है।यदि खेती की बढ़ती लागत के अनुरूप गन्ने का मूल्य बढ़ाया जाता है, तो चीनी की कीमतों में भी बाजार की वास्तविकताओं और उत्पादन लागत को ध्यान में रखते हुए संशोधन होना चाहिए। इससे पूरी मूल्य शृंखला की आर्थिक व्यवहार्यता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

एथेनॉल की कीमतों में संशोधन भी जरूरी

सरकार के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम ने चीनी उद्योग को आय का एक महत्वपूर्ण अतिरिक्त स्रोत दिया है। इसके माध्यम से अतिरिक्त चीनी का उपयोग ऊर्जा उत्पादन में किया जा रहा है। हालांकि, एथेनॉल क्षेत्र की आर्थिक व्यवस्था में भी बदलाव की जरूरत है।कच्चे माल की बढ़ती लागत के अनुरूप एथेनॉल की खरीद कीमतों में वृद्धि करना आवश्यक है। इससे उद्योग में निवेश को बनाए रखने और चीनी मिलों के पास पर्याप्त नकदी उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।भारत के चीनी और जैव ईंधन क्षेत्र आज एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़े हैं। देश ने एथेनॉल मिश्रण के जरिए अतिरिक्त चीनी को ऊर्जा के अवसर में बदलने, कच्चे तेल के आयात को कम करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रगति की है।लेकिन इस बदलाव को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए नीतियों में निरंतरता और आर्थिक वास्तविकताओं के अनुरूप फैसले जरूरी हैं।

रंगराजन समिति का रेवेन्यू शेयरिंग फार्मूला

गन्ना किसानों के साथ रेवेन्यू शेयरिंग (RSF) एक ऐसी व्यवस्था है जिसके तहत चीनी मिलों द्वारा चीनी और उसके सह-उत्पादों (जैसे एथेनॉल, बिजली, और बगास) की बिक्री से होने वाली कुल कमाई का एक निश्चित हिस्सा गन्ना किसानों के साथ साझा किया जाता है।भारत में यह मॉडल मुख्य रूप से रंगराजन समिति की सिफारिशों पर आधारित है। रंगराजन समिति की सिफारिशों के अनुसार, चीनी मिलों की राजस्व प्राप्ति का बंटवारा इस प्रकार तय किया गया है: केवल चीनी से होने वाली कमाई पर: मिलों को चीनी की बिक्री से होने वाले कुल राजस्व का 75% हिस्सा गन्ना मूल्य के रूप में किसानों को देना होता है।यदि चीनी के साथ-साथ बगास, मोलासेस, और एथेनॉल जैसे सह-उत्पादों की कमाई को भी शामिल किया जाए, तो कुल राजस्व का 70% हिस्सा किसानों के भुगतान में जाना चाहिए।

एफआरपी और रेवेन्यू शेयरिंग में संबंध

केंद्र सरकार द्वारा तय किया गया उचित और लाभकारी मूल्य (एफआरपी) किसानों के लिए एक न्यूनतम गारंटी मूल्य होता है।चीनी मिलों को किसी भी स्थिति में किसानों को कम से कम एफआरपी का भुगतान करना ही पड़ता है। यदि रेवेन्यू शेयरिंग फॉर्मूला के तहत गन्ने की गणना की गई कीमत मिल द्वारा दी जाने वाली एफआरपी से अधिक बैठती है, तो चीनी मिलों को वह अतिरिक्त लाभ बोनस या अंतिम भुगतान के रूप में किसानों को देना होता है।

रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल के लाभ

•पारदर्शिता और निष्पक्षता: वैश्विक स्तर पर ब्राजील, थाईलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे प्रमुख चीनी उत्पादक देश इसी फॉर्मूले का उपयोग करते हैं, जिससे चीनी बाजार के उतार-चढ़ाव के अनुसार गन्ने के दाम तय होते हैं।

•एथेनॉल से होने वाली अतिरिक्त आय: हाल के वर्षों में एथेनॉल उत्पादन से चीनी मिलों की कमाई में भारी वृद्धि हुई है। किसान संगठनों की मांग रही है कि एथेनॉल से होने वाले इस अतिरिक्त मुनाफे को RSF के तहत किसानों के साथ साझा किया जाना चाहिए।

•बकाया से मुक्ति: जब चीनी के दाम बढ़ते हैं तो किसानों को सीधे लाभ मिलता है, और मिलों पर एकमुश्त भारी वित्तीय बोझ नहीं पड़ता, जिससे भुगतान समय पर होने की संभावना बढ़ती है।

राज्य के पूर्व चीनी आयुक्त शेखर गायकवाड ने ‘चीनीमंडी’ से बातचीत के दौरान कहा की, रंगराजन समिति की सिफारिशों के अनुसार, रेवेन्यू शेयरिंग फॉर्मूला (RSF) लागू करने वाला महाराष्ट्र देश का एकमात्र राज्य है। अन्य सभी राज्यों में राज्य परामर्श मूल्य (SAP) के नाम से एफआरपी से अधिक दर घोषित की जाती है।पिछले 10 वर्षों के महाराष्ट्र के आंकड़ों का विश्लेषण करने पर पता चलता है कि, राज्य में केवल 4 से 5 चीनी मिलें ही मुनाफा कमाती हैं। अन्य मिलों का RSF, एफआरपी से कम होता है।इसलिए एफआरपी बढ़ाने और चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) कम रखने से किसानों को नुकसान हो रहा है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here