उत्तर प्रदेश : किसानों ने ₹500 प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य घोषित करने की मांग की, गन्ना समिति कार्यालय पर दिया धरना

बिजनौर: भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक से जुड़े सैकड़ों किसानों ने शुक्रवार को बिजनौर में गन्ना समिति कार्यालय पर प्रदर्शन कर गन्ने का मूल्य कम से कम 500 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग उठाई। किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर चीनी मिलों का संचालन

शुरू होने से पहले गन्ना मूल्य तय करने और बकाया भुगतान जल्द कराने की मांग की।किसानों का कहना है कि, गन्ने का भाव पहले से घोषित होने पर उन्हें फसल की खेती और बिक्री से जुड़े फैसले लेने में आसानी होगी। उन्होंने चीनी मिलों पर बकाया भुगतान जल्द कराने की मांग भी की।

ChiniMandi WhatsApp Channel

बारिश से खराब फसलों के मुआवजे की मांग

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने बारिश से खराब हुई फसलों का मुआवजा देने, समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा आलू किसानों को सस्ते बीज मुहैया कराने की मांग की। इसके अलावा, कोल्ड स्टोरेज के लिए सहायता देने और ठेके पर खेती करने वाले किसानों को विशेष राहत प्रदान करने की अपील भी की गई।

20 हजार किसानों के शपथ पत्र मिलने का दावा

किसान नेता दिगंबर चौधरी ने बताया कि, गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर पूरे उत्तर प्रदेश में ज्ञापन दिए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत बिजनौर में भी एडीएम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने कहा कि, ज्ञापन में बिलाई शुगर मिल से जुड़े स्थानीय मुद्दों के साथ तहसील और बिजली संबंधी समस्याओं को भी शामिल किया गया है। दिगंबर चौधरी के अनुसार, किसानों ने प्रशासन को 10 हजार शपथ पत्र सौंपे हैं। इन शपथ पत्रों में संबंधित किसानों ने बिलाई शुगर मिल को गन्ना नहीं देने की इच्छा जताई है। इसके अलावा, 10 हजार अन्य किसानों ने भी संगठन को अपने शपथ पत्र दिए हैं। किसान नेता ने दावा किया कि, इस अभियान से अब तक कुल 20 हजार किसान जुड़ चुके हैं।

20 अक्टूबर से आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की चेतावनी

दिगंबर चौधरी ने चेतावनी दी कि, यदि प्रशासन की ओर से दिए गए आश्वासन पूरे नहीं होते हैं, तो 20 अक्टूबर से 20 हजार किसान आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएंगे। उन्होंने 25 अक्टूबर से सोशल मीडिया मंच एक्स (ट्विटर) पर अभियान शुरू करने की बात भी कही। किसान नेता ने कहा कि यदि बिलाई शुगर मिल ने निर्धारित समय से पहले गन्ने का बकाया भुगतान नहीं किया और किसानों के गन्ने को दूसरी मिलों में भेजने की व्यवस्था नहीं हुई, तो किसान गन्ना लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि जिलाधिकारी कार्यालय में जगह कम पड़ने पर किसान जिलाधिकारी के आवास पर भी गन्ना लेकर पहुंच सकते हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here