चीनी और एथेनॉल पर सरकार के संतुलित फैसले का ISMA ने किया स्वागत, लेकिन समर्पित एथेनॉल प्लांट्स को मिल रही प्राथमिकता पर जताई चिंता

नई दिल्ली: भारतीय चीनी एवं जैव-ऊर्जा निर्माता संघ (ISMA) ने एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2026-27 (ESY 2026-27) के लिए घरेलू चीनी की उपलब्धता और पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण के राष्ट्रीय लक्ष्य के बीच संतुलन बनाए रखने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है। हालांकि, संगठन ने चेतावनी दी है कि समर्पित एथेनॉल प्लांट्स (DEPs) को दी जा रही प्राथमिकता भविष्य के वर्षों में जारी नहीं रहनी चाहिए।

ISMA की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घरेलू खपत के लिए पर्याप्त चीनी उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस वर्ष अल नीनो की उभरती परिस्थितियों और प्रमुख गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में मौसम की अनिश्चितता के कारण फसल की पैदावार और चीनी उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।संगठन का कहना है कि, एथेनॉल उत्पादन को वास्तविक फसल उपलब्धता और चीनी के मौजूदा संतुलन के अनुरूप रखना जरूरी है। इससे घरेलू बाजार में चीनी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ राष्ट्रीय एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम को भी समर्थन मिलेगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

गन्ने के रस और बी-हैवी शीरे से बने एथेनॉल को निविदा से बाहर रखा गया

एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2026-27 की खरीद निविदा में गन्ने के रस, चीनी के सिरप और बी-हैवी शीरे से उत्पादित एथेनॉल को शामिल नहीं किया गया है। हालांकि, सी-हैवी शीरे से बनने वाले एथेनॉल को खरीद के लिए पात्र रखा गया है। ISMA के अनुसार, आगामी फसल को लेकर अनिश्चितता के बीच चीनी को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ने पर रोक लगाना घरेलू चीनी उपलब्धता की सुरक्षा के लिहाज से उचित है। सी-हैवी शीरे से एथेनॉल उत्पादन जारी रखकर चीनी मिलें अपनी एथेनॉल उत्पादन में भागीदारी बनाए रख सकती हैं, जबकि इससे वसूली योग्य चीनी की मात्रा को इथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ने की जरूरत नहीं पड़ती।

समर्पित इथेनॉल संयंत्रों को प्राथमिकता देने पर आपत्ति

ISMA ने मौजूदा निविदा में दीर्घकालिक खरीद समझौते (LTOA) वाले समर्पित एथेनॉल प्लांट्स (DEPs) को प्राथमिकता दिए जाने पर चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि, यह व्यवस्था चालू आपूर्ति वर्ष के लिए लागू हो चुकी है, लेकिन यदि इसे आने वाले वर्षों में भी जारी रखा गया तो चीनी उद्योग को गंभीर नुकसान हो सकता है। गन्ना एक मौसमी और चक्रीय फसल है। इसके उत्पादन और उपलब्धता में हर वर्ष बदलाव होता है, जिसके कारण चीनी उत्पादन कभी कम तो कभी अधिक रहता है। जब चीनी का उत्पादन मांग से अधिक होता है, तब अतिरिक्त चीनी को इथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल करना जरूरी हो जाता है। इससे घरेलू बाजार में चीनी की अधिकता और कीमतों में गिरावट के जोखिम को कम किया जा सकता है।

ISMA के मुताबिक, यदि ऐसे समय में समर्पित एथेनॉल प्लांट्स को प्राथमिकता देने से चीनी मिलों को एथेनॉल खरीद व्यवस्था में पर्याप्त अवसर नहीं मिलता, तो मिलों को आय के एक महत्वपूर्ण स्रोत से वंचित होना पड़ सकता है। इससे उनकी आर्थिक कठिनाइयां बढ़ सकती हैं और गन्ना किसानों को उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) का भुगतान समय पर करना भी मुश्किल हो सकता है। इसीलिए संगठन ने सरकार से आगामी इथेनॉल आपूर्ति वर्षों के लिए प्राथमिकता आवंटन व्यवस्था की दोबारा समीक्षा करने की मांग की है, ताकि चीनी मिलों के हित प्रभावित न हों।

ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने क्या कहा?

ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा कि, मौजूदा निविदा में दीर्घकालिक खरीद समझौते वाले समर्पित एथेनॉल प्लांट्स को दी गई प्राथमिकता यदि भविष्य में भी जारी रहती है, तो इससे चीनी उद्योग के हितों को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि, अधिक उत्पादन वाले वर्षों में अतिरिक्त चीनी को एथेनॉल में बदलना घरेलू बाजार में अतिरिक्त आपूर्ति रोकने के लिए आवश्यक है। यदि प्राथमिकता आवंटन के कारण चीनी मिलों की एथेनॉल खरीद व्यवस्था तक पहुंच सीमित होती है, तो उनकी आय प्रभावित होगी, वित्तीय दबाव बढ़ेगा और किसानों को समय पर एफआरपी भुगतान करने की क्षमता कमजोर हो सकती है।

बल्लानी के अनुसार, एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम का एक प्रमुख उद्देश्य चीनी उद्योग की वित्तीय स्थिति और नकदी प्रवाह में सुधार करना तथा गन्ना किसानों का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने में मदद करना है। यदि चीनी मिलों को अतिरिक्त चीनी से एथेनॉल बनाने के पर्याप्त अवसर नहीं मिलते, तो यह उद्देश्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने सरकार से आगामी आपूर्ति वर्षों के लिए आवंटन नीति की समीक्षा कर चीनी मिलों को समान और पर्याप्त अवसर देने की अपील की।

सी-हैवी शीरे से बनने वाले इथेनॉल की कीमत बढ़ाने की मांग

ISMA ने सी-हैवी शीरे से उत्पादित एथेनॉल की मौजूदा खरीद कीमत पर भी चिंता जताई है। इसकी कीमत 57,970 रुपये प्रति किलोलीटर यानी 57.97 रुपये प्रति लीटर है, जो पिछले वर्ष के स्तर पर ही बनी हुई है। इस बीच गन्ने के उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) के साथ रसायनों, श्रम, ईंधन और नियामकीय अनुपालन की लागत में वृद्धि हुई है। संगठन का कहना है कि लागत बढ़ने के बावजूद एथेनॉल की खरीद कीमत स्थिर रहने से उत्पादकों का लाभांश प्रभावित हो रहा है और आपूर्ति करने का प्रोत्साहन कमजोर पड़ रहा है।

ISMA लंबे समय से ऐसी पारदर्शी मूल्य निर्धारण व्यवस्था की मांग कर रहा है, जिसमें एथेनॉल की खरीद कीमत को गन्ने के एफआरपी से जोड़ा जाए। इससे गन्ने की कीमत में होने वाली वृद्धि के अनुरूप एथेनॉल की कीमत में भी स्वतः संशोधन हो सकेगा। संगठन के अनुसार, ऐसी व्यवस्था से हर साल कीमतों को लेकर बनी रहने वाली अनिश्चितता कम होगी, चीनी मिलों और ऋणदाताओं का भरोसा बढ़ेगा तथा उत्पादन एवं आपूर्ति की मध्यम अवधि की योजना बनाना आसान होगा।

सी-हैवी एथेनॉल की कीमत 62.23 रुपये प्रति लीटर करने की मांग

ISMA ने सरकार से सी-हैवी शीरे से बनने वाले इथेनॉल की खरीद कीमत बढ़ाकर 62.23 रुपये प्रति लीटर करने की मांग की है। संगठन के अनुसार, यह कीमत मौजूदा शीरे की कीमतों और इथेनॉल उत्पादन की रूपांतरण लागत को ध्यान में रखकर तय की जानी चाहिए। इसके साथ ही ISMA ने चीनी उद्योग की ओर से प्रस्तावित सी-हैवी एथेनॉल की पूरी मात्रा यानी 100 प्रतिशत खरीद आवंटित करने की मांग की है।

संगठन का कहना है कि, उचित कीमत और सुनिश्चित खरीद मिलने से चीनी मिलें अपनी मौजूदा डिस्टिलरी क्षमता का बेहतर उपयोग कर सकेंगी। इससे उपलब्ध शीरे का उत्पादक इस्तेमाल होगा और गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने में मदद मिलेगी। ISMA ने चेताया है कि यदि एथेनॉल का लाभकारी मूल्य और उसकी खरीद की पर्याप्त गारंटी नहीं मिलती, तो डिस्टिलरी की बड़ी क्षमता निष्क्रिय रह सकती है या उसका पूरा उपयोग नहीं हो पाएगा।

टिकाऊ एथेनॉल नीति के लिए सरकार के साथ काम करने को तैयार ISMA

ISMA ने कहा कि, वह भारत के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम को टिकाऊ और संतुलित तरीके से आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार तथा सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है। संगठन के अनुसार, समय पर नीतिगत समर्थन, लाभकारी कीमत और पात्र चीनी-आधारित एथेनॉल की सुनिश्चित खरीद मिलने से उद्योग अपनी मौजूदा उत्पादन क्षमता का अधिक प्रभावी उपयोग कर सकेगा। इससे देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने, गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और चीनी क्षेत्र से जुड़े लाखों किसानों की आजीविका को समर्थन देने में मदद मिलेगी।

Bioenergy Times

1 COMMENT

  1. This decision to divert cane juice, syrup/ B heavy molasses should have been taken during fag end of last crushing season itself when it became clear that there would be shortfall in sugar production due to cane shortage and factories had closed early due to this reason. Distilleries would have planned in advance remedial measures.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here