ढाका : प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने राजशाही क्षेत्र के 38,970 गन्ना किसानों को प्रोत्साहित करने और उनकी आर्थिक मदद के लिए 12 करोड़ टका की वित्तीय सहायता प्रदान की है। इस पहल का उद्देश्य गन्ने की खेती को बढ़ावा देना और किसानों को सहयोग देना है। हाजी मुहम्मद मोहसिन सरकारी हाई स्कूल के मैदान में आयोजित एक जनसभा के दौरान डिजिटल भुगतान प्रणाली के माध्यम से सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के मोबाइल खातों में हस्तांतरित की गई।
डिजिटल माध्यम से किसानों के खातों में पहुंची सहायता राशि
सहायता राशि जारी करने की घोषणा करते हुए प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने कहा कि, सरकार ने इस योजना के लिए 12 करोड़ टका निर्धारित किए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि, आर्थिक सहायता से किसानों को गन्ने की खेती जारी रखने और उसका विस्तार करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर कंप्यूटर का बटन दबाकर डिजिटल माध्यम से राशि हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की। इस अवसर पर उन्होंने सहायता कार्यक्रम के तहत 15 गन्ना किसानों को चेक भी वितरित किए।
जनसभा में हजारों पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल
इस जनसभा की अध्यक्षता बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के कार्यवाहक महासचिव एवं अधिवक्ता रुहुल कबीर रिजवी ने की। कार्यक्रम में राजशाही जिले के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों पार्टी नेता, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। इस अवसर पर कई वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधि और राजनीतिक नेता भी मौजूद रहे। इनमें सांस्कृतिक मामलों के मंत्री निताई रॉय चौधरी, उद्योग मंत्री खोंदकर अब्दुल मुक्तादिर और स्थानीय सरकार, ग्रामीण विकास एवं सहकारिता राज्य मंत्री मीर शाहे आलम शामिल थे। इसके अलावा, BNP की स्थायी समिति के सदस्य गयेश्वर चंद्र रॉय, प्रधानमंत्री के सलाहकार रेहान आसिफ असद, राजशाही सिटी कॉरपोरेशन के प्रशासक महफूजुर रहमान रिटन और राजशाही क्षेत्र के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।


















