चंडीगढ़: शिरोमणि पंजाब फोरम ने कहा की, केंद्र सरकार के वर्ष 2026-27 के लिए E20 पेट्रोल मिश्रण कार्यक्रम से गन्ने पर आधारित एथेनॉल को बाहर रखने के फैसले का पंजाब के गन्ना किसानों, सहकारी चीनी मिलों, पोल्ट्री एवं डेयरी उद्योगों और भूजल संसाधनों पर व्यापक असर पड़ सकता है।बाबुशाही में प्रकाशित खबर के अनुसार, स्वतंत्र थिंक टैंक शिरोमणि पंजाब फोरम ने बुधवार को 11 पृष्ठों का एक चर्चा-पत्र जारी किया। ‘स्वीट आर द यूज़ेज़ ऑफ एडवर्सिटी — एंड डाइवर्सिटी’ शीर्षक वाले इस दस्तावेज़ के लेखक फोरम के संस्थापक एवं संयोजक तथा पंजाब के पूर्व विशेष मुख्य सचिव केबीएस सिद्धू हैं।फोरम ने विभिन्न हितधारकों से प्रस्तावों की समीक्षा करने और अपने सुझाव साझा करने की अपील की है।
गन्ने से बने एथेनॉल की खरीद पर रोक
केंद्र सरकार के फैसले के तहत सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के लिए गन्ने के रस, चीनी की चाशनी और बी-हैवी शीरे से बने एथेनॉल की खरीद नहीं करेंगी। हालांकि, शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले अल्कोहल पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा, क्योंकि इसका नियमन राज्य सरकारें करती हैं।फोरम का कहना है कि, इस नीतिगत बदलाव से गन्ना किसानों को भुगतान में देरी हो सकती है। साथ ही, उन सहकारी चीनी मिलों पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है, जिन्होंने एथेनॉल उत्पादन के लिए डिस्टिलरी स्थापित करने में निवेश किया है।इसके अलावा, एथेनॉल निर्माताओं और पंजाब के पोल्ट्री, डेयरी तथा स्टार्च उद्योगों के बीच मक्के की मांग को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है। इससे इन क्षेत्रों की उत्पादन लागत में वृद्धि होने की आशंका है।
एथेनॉल उत्पादन में पानी की खपत पर चिंता
चर्चा-पत्र में विभिन्न कच्चे माल से एथेनॉल बनाने के दौरान पानी की खपत में अंतर को भी रेखांकित किया गया है। आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए इसमें अनुमान लगाया गया है कि एक लीटर एथेनॉल के उत्पादन में चावल से लगभग 10,790 लीटर, मक्के से 4,670 लीटर और गन्ने से 3,630 लीटर पानी की जरूरत होती है। रिपोर्ट में चालू वर्ष के लिए भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के चावल से 325 करोड़ लीटर एथेनॉल की निविदा प्रक्रिया का भी उल्लेख किया गया है। दस्तावेज़ के अनुसार, यह चावल डिस्टिलरी इकाइयों को 2,390 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बेचा जा रहा है, जो कल्याणकारी योजनाओं के लिए लागू मूल्य है। वहीं, एफसीआई की आर्थिक लागत लगभग 4,100 रुपये प्रति क्विंटल बताई गई है।
पंजाब को तीन स्तरों पर चुकानी पड़ती है कीमत: सिद्धू
केबीएस सिद्धू ने कहा कि, ईंधन उत्पादन में चावल के इस्तेमाल से पंजाब को कई तरह की लागत वहन करनी पड़ती है।उन्होंने कहा, पंजाब को ईंधन टैंक के लिए तीन बार कीमत चुकानी पड़ती है—पहली, धान की खेती के लिए भूजल निकालने के रूप में; दूसरी, उस पानी को निकालने के लिए मुफ्त बिजली के रूप में; और तीसरी, एफसीआई की लागत तथा बिक्री मूल्य के बीच के अंतर के रूप में।”सिद्धू के अनुसार, मौजूदा स्थिति पंजाब में फसल विविधीकरण को गति देने का अवसर भी प्रदान कर सकती है। इसके तहत पानी की अधिक खपत वाली वसंतकालीन मक्के की खेती के विकल्प के रूप में खरीफ मक्का उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा सकता है।
गन्ने से बने एथेनॉल पर स्थायी प्रतिबंध के बजाय वैकल्पिक व्यवस्था का प्रस्ताव
फोरम के चर्चा-पत्र में गन्ने पर आधारित एथेनॉल पर स्थायी प्रतिबंध लगाने का विरोध किया गया है। इसके बजाय, चीनी के अंतिम उपलब्ध भंडार के आधार पर यह तय करने के लिए एक पारदर्शी और सार्वजनिक व्यवस्था बनाने का प्रस्ताव दिया गया है कि कितनी चीनी को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ा जाए। दस्तावेज़ में सात प्रमुख सिफारिशें की गई हैं। इनमें कच्चे माल की कीमतों को पानी की खपत से जोड़ना और पंजाब में खरीफ मक्का उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष समझौता लागू करना शामिल है। इस व्यवस्था के तहत मक्के की सुनिश्चित खरीद और मंडियों में अनाज सुखाने की मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का सुझाव दिया गया है।
इसके अलावा, भूजल के लिहाज से अति-संकटग्रस्त क्षेत्रों में वसंत और ग्रीष्मकालीन मक्के की बुवाई के लिए निश्चित समय-सीमा निर्धारित करने की सिफारिश की गई है। अन्य प्रस्तावों में E20 आपूर्ति शृंखला से आनुवंशिक रूप से संशोधित (जीएम) मक्के को बाहर रखना, एथेनॉल कार्यक्रम के लिए देशव्यापी जल ऑडिट कराना, पंजाब की सहकारी चीनी मिलों के लिए बी-हैवी शीरे के इस्तेमाल का विकल्प बनाए रखना और डिस्टिलरी की स्थापना तथा अपशिष्ट जल के निस्तारण से जुड़े नियमों को सख्त करना शामिल है।



















ये भारत के राजनीतिक लोगों पर भरोसा करना बड़ा मुश्किल हो गया जब पूरब की और चलने की बात हो रही हो तो पश्चिम वाले नया नैरेटिव रचने लगते है
ऐसे में देश को बरबाद करने में इन्ही राजनीतिक लोगों का हाथ होता है ये विदेशों से फंडिंग लेकर देश को बरबाद करने का काम करते है
मेरी जनता से एक ही अनुरोध है कृपया सोच समझ कर वोट करे