पुणे : महाराष्ट्र की चीनी मिलों और एथेनॉल उत्पादकों ने चेतावनी दी है कि, गन्ने के रस, सिरप और बी-हेवी शीरे से बनने वाले एथेनॉल की खरीद पर लगाए गए प्रतिबंधों से इस क्षेत्र में किए गए लगभग 40,000 करोड़ रुपये के निवेश पर संकट खड़ा हो सकता है। इससे डिस्टिलरी की क्षमता का पूरा उपयोग नहीं हो पाएगा और चीनी मिलों को कर्ज चुकाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। नेशनल हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने यह चिंता जताई है।
तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने 16 अक्टूबर को जारी दिशानिर्देशों में 1 नवंबर से 31 अक्टूबर तक के आपूर्ति वर्ष के लिए गन्ने के रस, सिरप और बी-हेवी शीरे से बने इथेनॉल को बाहर रखा है। इसके बाद चीनी उद्योग के लिए केवल सी-हेवी शीरे से बने एथेनॉल को ही अनुमत फीडस्टॉक के रूप में रखा गया है। उत्पादकों का कहना है कि मौजूदा कीमतों पर केवल सी-हेवी शीरे से एथेनॉल बनाना व्यावसायिक रूप से लाभदायक नहीं है।
उद्योग प्रतिनिधियों के अनुसार, चीनी मिलों ने पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य हासिल करने की केंद्र सरकार की पहल के अनुरूप अपनी डिस्टिलरी क्षमता का विस्तार किया था। महाराष्ट्र की एक प्रमुख सहकारी चीनी मिल के अध्यक्ष ने बताया कि, भारत में एथेनॉल उत्पादन की वार्षिक क्षमता लगभग 2,000 करोड़ लीटर है, जिसमें अनाज आधारित प्लांट्स की क्षमता 848 करोड़ लीटर है। इस क्षेत्र में कुल निवेश लगभग 1 लाख करोड़ रुपये आंका गया है।
उन्होंने कहा कि, महाराष्ट्र में 16 स्वतंत्र और अनाज आधारित डिस्टिलरी हैं, जिनकी संयुक्त क्षमता लगभग 56 करोड़ लीटर है। राज्य की चीनी मिलों ने सालाना लगभग 3,750 मिलियन लीटर एथेनॉल उत्पादन की क्षमता स्थापित की है, जबकि 2025-26 में एथेनॉल की आपूर्ति 1,250 मिलियन लीटर रही।
इन प्रतिबंधों से राज्य के 2026-27 के गन्ना पेराई अनुमानों को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता वाली मंत्रिस्तरीय समिति ने 9.9 करोड़ टन गन्ने की उपलब्धता और 96 लाख टन चीनी उत्पादन का अनुमान लगाया है। इस अनुमान में एथेनॉल उत्पादन के लिए 15 लाख टन चीनी के उपयोग को भी शामिल किया गया है।
राष्ट्रीय सहकारी चीनी कारखाना महासंघ के अध्यक्ष हर्षवर्धन पाटिल ने चेतावनी दी कि, नीति में इस बदलाव से निवेश खतरे में पड़ सकता है और ऋणदाताओं के सामने 1 लाख करोड़ रुपये तक की गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों (NPA) का जोखिम पैदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि, एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम से देश को 2 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा बचाने में मदद मिली है और किसानों को 1.75 लाख करोड़ रुपये का भुगतान हुआ है।
चीनी उद्योग के प्रतिनिधि बी. बी. ठोंबरे ने कहा कि, ये प्रतिबंध कई वर्षों की नीतिगत सहायता से विकसित हुए एथेनॉल उद्योग के पूरे तंत्र के लिए खतरा हैं। उत्पादक सरकार से मौजूदा डिस्टिलरी को बहु-फीडस्टॉक संयंत्रों में बदलने के लिए सहायता मांग रहे हैं, ताकि उनमें मक्का और अन्य अनाज का उपयोग किया जा सके और पूरे वर्ष उत्पादन जारी रखा जा सके।


















