नई दिल्ली : भारतीय चावल निर्यातक महासंघ (IREF) को उम्मीद है कि, भारत इंटरनेशनल राइस कॉन्फ्रेंस (BIRC) 2026 में 50,000 करोड़ रुपये से अधिक के समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर होंगे। इस सम्मेलन में चावल निर्यातक और अंतरराष्ट्रीय खरीदार ऐसे समय में एकत्र हुए हैं, जब वैश्विक उत्पादन में संभावित गिरावट, ईंधन की बढ़ती कीमतों और समुद्री परिवहन में बाधाओं को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं।
IREF के उपाध्यक्ष देव गर्ग ने एएनआई के साथ विशेष बातचीत में कहा कि, संगठन को उम्मीद है कि इस वर्ष सम्मेलन में होने वाली कारोबारी प्रतिबद्धताएं पिछले संस्करण के मुकाबले अधिक रहेंगी। गर्ग ने कहा, “पिछले वर्ष हमने 32,000 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए थे। मुझे पूरा विश्वास है कि इस वर्ष यह आंकड़ा 50,000 करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा। ”उन्होंने बताया कि, तीन दिवसीय सम्मेलन के समापन तक कारोबार से जुड़े अंतिम आंकड़े अधिक स्पष्ट हो जाएंगे। सम्मेलन शुक्रवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू हुआ।
सम्मेलन में 2,000 से अधिक बी2बी बैठकें
गर्ग ने कहा कि, इस वर्ष सम्मेलन के दौरान 2,000 से अधिक व्यावसायिक-से-व्यावसायिक (B2B) बैठकों की योजना बनाई गई है। इन बैठकों का रिकॉर्ड रखा जाएगा और उनसे मिलने वाली प्रतिक्रिया का आकलन किया जाएगा। सम्मेलन में अब तक 32,467 पंजीकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 153 देशों के 4,856 खरीदार शामिल हैं। इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय चावल निर्यातकों को नए बाजार तलाशने, वर्ष 2027 के वैश्विक चावल मूल्य परिदृश्य का आकलन करने और पूरे उद्योग में कारोबार का लाभ बढ़ाने के अवसर पहचानने में मदद करना है। प्रतिभागियों की व्यापक भागीदारी पर प्रकाश डालते हुए गर्ग ने कहा कि सम्मेलन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि भारत से आने वाले प्रतिभागियों में 92 प्रतिशत से अधिक लोग दिल्ली के बाहर के हैं।
वैश्विक चावल उत्पादन में गिरावट की आशंका
चावल उद्योग को आने वाले महीनों में उत्पादन, व्यापार और कीमतों को प्रभावित करने वाली कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। गर्ग ने अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) के अनुमानों का हवाला देते हुए कहा कि, वैश्विक चावल उत्पादन में गिरावट आने की आशंका है। उन्होंने कहा, अमेरिकी कृषि विभाग ने अनुमान लगाया है कि दुनिया का चावल उत्पादन 545 मिलियन मीट्रिक टन से घटकर 533 मिलियन मीट्रिक टन रह जाएगा। यानी लगभग 12 मिलियन टन की गिरावट होगी। गर्ग के अनुसार, वैश्विक उत्पादन में अनुमानित कमी में भारत की हिस्सेदारी लगभग 70 लाख टन हो सकती है। उन्होंने भारत की धान की फसल में संभावित गिरावट को उद्योग के लिए एक बड़ी चिंता बताया।
पश्चिम एशिया संकट और बढ़ती ईंधन कीमतें भी चुनौती
गर्ग ने कहा कि, पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण समुद्री परिवहन मार्गों में व्यवधान आ रहा है। इसके साथ ही ईंधन की बढ़ती कीमतें भी चावल व्यापार को प्रभावित कर रही हैं। कुछ देशों में आयात नीतियों में बदलाव, ऊंचे शुल्क और प्रतिबंधों ने भी निर्यातकों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। सम्मेलन के दौरान इन चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी। उद्योग से जुड़े प्रतिभागी अंतरराष्ट्रीय चावल कीमतों, निर्यात मांग और भविष्य के कारोबारी अवसरों का आकलन करेंगे। इन चुनौतियों के बावजूद गर्ग ने चावल उद्योग की दीर्घकालिक संभावनाओं पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि मौजूदा मुश्किलों के बावजूद उद्योग का भविष्य उज्ज्वल है।
तीन दिवसीय सम्मेलन में उद्योग से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा
शुक्रवार को भारत मंडपम, नई दिल्ली में शुरू हुआ BIRC 2026 भारतीय चावल निर्यातक महासंघ (IREF) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय सम्मेलन है। इसमें भारतीय चावल निर्यातकों और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को नए बाजार तलाशने, वर्ष 2027 के वैश्विक चावल मूल्य परिदृश्य को समझने और उद्योग में बेहतर लाभ की संभावनाएं खोजने का अवसर मिल रहा है। सम्मेलन में नौ ज्ञान सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें वैश्विक चावल कीमतों और चावल की पूरी आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े प्रतिभागियों का लाभ बढ़ाने जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा शामिल है।


















