बेलगावी: कर्नाटक के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री और चीनी मिल के मालिक सतीश जारकीहोली ने सोमवार को कहा कि किसानों की तरह चीनी मिलों को भी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन बार-बार मांग उठाने के बावजूद उनका समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से चीनी उद्योग की समस्याओं पर ध्यान देने की अपील की। द हिंदू मी प्रकाशित खबर के अनुसार, उन्होंने यह बात 26 अक्टूबर को बेलगावी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
जारकीहोली ने बताया कि, मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार का सुवर्ण विधान सौध में चीनी मिलों के प्रतिनिधियों और किसानों से मुलाकात करने का कार्यक्रम है। इस बैठक में दोनों पक्ष अपनी-अपनी मांगें और समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि, चीनी मिल मालिक भी इस अवसर पर उद्योग से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।
मंत्री ने कहा कि, चीनी मिलें पिछले सात वर्षों से अधिक समय से न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) में संशोधन की मांग कर रही हैं, लेकिन इस पर अब तक निर्णय नहीं लिया गया है। उनके अनुसार, चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य बढ़ने से मिलों की नकदी स्थिति बेहतर होगी और किसानों को गन्ने का भुगतान करने की उनकी क्षमता मजबूत होगी। उन्होंने बिजली उत्पादन से जुड़े बकाया भुगतान का मुद्दा भी उठाया। जारकीहोली के मुताबिक, सह-उत्पादन (को-जनरेशन) इकाइयों के माध्यम से बिजली ग्रिड को आपूर्ति की गई बिजली का भुगतान राज्य की बिजली कंपनियों की ओर से चीनी मिलों को मिलना बाकी है।
उन्होंने बताया कि, चीनी मिल मालिक कर्नाटक सरकार से 20 वर्षों का बिजली खरीद समझौता (पावर परचेज एग्रीमेंट) करने और पानी के शुल्क में कटौती करने की मांग भी कर रहे हैं। जारकीहोली ने कहा कि, इन सभी मांगों को पहले ही मुख्यमंत्री के ध्यान में लाया जा चुका है, लेकिन अब तक उनका समाधान नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री शिवकुमार की ओर से किसानों और चीनी कारखानों के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग चर्चा करने की पहल का स्वागत करते हुए मंत्री ने कहा कि, सरकार को दोनों पक्षों की समस्याओं और मांगों पर विचार करना चाहिए। साथ ही, ऐसा समाधान निकालने का प्रयास करना चाहिए जो किसानों और चीनी मिलों, दोनों के लिए स्वीकार्य हो।


















