किसानों के दरवाजे तक पहुंचे मुख्यमंत्री: कर्नाटक के मंत्री लक्ष्मण सवदी बोले- दो दिन में सुलझ सकता है गन्ना मूल्य विवाद

बेलगावी : कर्नाटक में गन्ने की कीमत को लेकर चल रहा विवाद अगले दो दिनों में सुलझ सकता है। राज्य के सहकारिता मंत्री लक्ष्मण सवदी ने मंगलवार को यह उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि, राज्य सरकार किसानों, चीनी मिल मालिकों और सरकार के बीच समझौता कराने की दिशा में काम कर रही है। मीडिया से बातचीत में सवदी ने बताया कि, दशहरा उत्सव के बाद मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने गन्ना किसानों के साथ बैठक की थी। इसके बाद सोमवार को चीनी मिल मालिकों और किसानों की संयुक्त बैठक भी आयोजित की गई।

किसानों को स्थायी राहत दिलाना सरकार का लक्ष्य

ChiniMandi WhatsApp Channel

लक्ष्मण सवदी ने कहा कि, सरकार किसानों को स्थायी राहत दिलाने के उद्देश्य से प्रयास कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवकुमार के किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने के कदम की सराहना की। सवदी ने कहा, यह पहली बार है जब कोई मुख्यमंत्री खुद समाधान तलाशने के लिए किसानों के दरवाजे तक पहुंचे हैं। पूरे राज्य में मुख्यमंत्री के इस कदम का स्वागत किया जा रहा है।

किसानों की मांग 4,000 रुपये प्रति टन

मंत्री के अनुसार, गन्ना किसानों ने प्रति टन 4,000 रुपये की कीमत देने की मांग की है। उन्होंने हुब्बली में हुई बैठक का उल्लेख करते हुए कहा कि,, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने चीनी के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में 50 रुपये की बढ़ोतरी करने का आश्वासन दिया था। सवदी ने बताया कि, चीनी मिल मालिकों का कहना है कि यदि चीनी के MSP में 50 रुपये की बढ़ोतरी की जाती है, तो वे किसानों को 4,000 रुपये प्रति टन देने के लिए तैयार हैं। हालांकि, इस प्रक्रिया में लगभग एक महीने का समय लग सकता है।

चीनी की कीमत 48 रुपये तक, मिल मालिकों से दो दिन में जवाब मांगा

सवदी ने कहा कि, वर्तमान में बाजार में चीनी की कीमत 48 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री शिवकुमार ने मिल मालिकों से कहा है कि मौजूदा बाजार मूल्य को ध्यान में रखते हुए किसानों को 4,000 रुपये प्रति टन गन्ना मूल्य दिया जाना चाहिए। मंत्री के मुताबिक, चीनी मिल मालिकों ने इस प्रस्ताव पर जवाब देने के लिए दो दिन का समय मांगा है।उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार, चीनी मिल मालिकों और किसानों के बीच ऐसा समझौता होना चाहिए, जो बाजार में चीनी की मौजूदा कीमत के आधार पर तय किया जाए। इससे सभी पक्षों के हितों का ध्यान रखा जा सकेगा।सवदी ने कहा, “हर फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया जा सकता। इस समस्या का समाधान दो दिनों में निकाला जा सकता है।”

सूखे के कारण गन्ने की फसल पर संकट

मंत्री ने राज्य में सूखे की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि जलस्तर घट रहा है और गन्ने की फसल सूखने लगी है। ऐसे हालात में चीनी मिलों को जल्द से जल्द गन्ने की पेराई शुरू करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि, सूखे की समस्या अगले साल भी जारी रह सकती है। इससे आने वाले समय में गन्ने की फसल के बचने को लेकर आशंकाएं पैदा हो रही हैं।सवदी ने कहा, “स्थिति कठिन है। सूखा केवल इस साल तक सीमित नहीं है। ऐसी जानकारी है कि अगले साल भी सूखे की स्थिति बनी रह सकती है। यह चिंता है कि अगले साल गन्ने की फसल बचेगी या नहीं। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि गन्ना महाराष्ट्र न जाए।”

गन्ना तौल और मूल्य निर्धारण पर भी चर्चा

लक्ष्मण सवदी ने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि वह खुद गन्ना उत्पादक किसान हैं और 18,000 से 20,000 टन तक गन्ने की खेती करते हैं। उन्होंने कहा कि, यह मुद्दा केवल किसानों की मेहनत तक सीमित नहीं है, बल्कि गन्ने की तौल और उचित मूल्य निर्धारण जैसे विषय भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि गन्ने की तौल और अन्य संबंधित मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। चीनी का MSP तय होने के बाद किसानों को मिलने वाले गन्ना मूल्य के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

किसानों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे

मंत्री ने भरोसा दिलाया कि, राज्य सरकार किसानों के साथ किसी भी तरह का अन्याय नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि चीनी का न्यूनतम मूल्य निर्धारित होने के बाद किसानों को मिलने वाले भुगतान का रास्ता स्पष्ट हो जाएगा। सरकार की कोशिश है कि किसानों को उचित मूल्य मिले, चीनी मिलों की समस्याओं का समाधान हो और गन्ना पेराई का काम जल्द शुरू किया जा सके।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here