ISMA ने CMVR नियमों में संशोधन का किया स्वागत, भारत में E100 फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के इस्तेमाल का रास्ता खुला

नई दिल्ली : भारतीय चीनी एवं जैव-ऊर्जा निर्माता संघ (ISMA) ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) द्वारा 23 अक्टूबर 2026 को अधिसूचित केंद्रीय मोटर वाहन (संशोधन) नियम, 2026 का स्वागत किया है। ये नियम अधिसूचना संख्या G.S.R. 911(E) के तहत जारी किए गए हैं। केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में किए गए इस संशोधन के तहत फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों (FFVs) के लिए लागू उत्सर्जन प्रमाणन व्यवस्था में E85 के साथ E100 को भी स्पष्ट रूप से मान्यता दी गई है। इसके अनुसार, इन ईंधनों पर चलने के लिए डिजाइन किए गए वाहनों को उनकी संबंधित श्रेणियों के लिए निर्धारित उत्सर्जन मानकों, परीक्षण आवश्यकताओं और वाहन सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा।

यह नियामकीय उपलब्धि उच्च एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधनों पर चलने वाले वाहनों के विकास, परीक्षण और प्रमाणन के लिए एक महत्वपूर्ण आधार तैयार करती है। E100 को मान्यता मिलने से उच्च एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधनों को व्यापक स्तर पर अपनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे भारतीय बाजार में पहले से उपलब्ध E85 फ्लेक्स-फ्यूल व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही, घरेलू एथेनॉल की मांग बढ़ेगी और भारत के जैव ईंधन तथा ऑटोमोबाइल उद्योगों के बीच तालमेल मजबूत होगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

फ्लेक्स-फ्यूल वाहन: उच्च एथेनॉल मिश्रण के लिए तैयार

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की परिभाषा के अनुसार, फ्लेक्स-फ्यूल वाहन ऐसा वाहन है, जिसे E20 से E85/E100 तक के ईंधन पर चलने के लिए डिजाइन किया गया है। ऐसे वाहनों में ईंधन के साथ अनुकूलता से जुड़ी कोई बड़ी समस्या नहीं होनी चाहिए। अमेरिकी ऊर्जा विभाग के अनुसार, इन वाहनों में एक ही ईंधन प्रणाली का इस्तेमाल किया जाता है। इथेनॉल की अधिक ऑक्सीजन मात्रा के अनुरूप इंजन कंट्रोल मॉड्यूल (ECM), ईंधन पंप, ईंधन हीटर, इंजेक्शन प्रणाली तथा ईंधन पाइप और सील में मामूली बदलाव किए जाते हैं।

एथेनॉल आधारित परिवहन: पर्यावरण और ऊर्जा सुरक्षा को लाभ

एथेनॉल घरेलू स्तर पर उत्पादित होने वाला एक महत्वपूर्ण परिवहन ईंधन है। इसका व्यापक उपयोग आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने, विदेशी मुद्रा की बचत करने और देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने में मदद कर सकता है।बायोमास से तैयार होने वाले नवीकरणीय ईंधन के रूप में इथेनॉल जीवन-चक्र के दौरान होने वाले ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने में भी योगदान दे सकता है। इथेनॉल के दहन से निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड जैविक स्रोतों से आती है। यह कार्बन डाइऑक्साइड बायोमास के विकास के दौरान पहले ही वातावरण से अवशोषित की गई होती है।

एथेनॉल के अधिक मिश्रण से वायु गुणवत्ता में सुधार की संभावना भी है। एथेनॉल में ऑक्सीजन की मात्रा अधिक होने के कारण ईंधन का दहन अधिक पूर्ण रूप से हो सकता है। एक किलोग्राम एथेनॉल के दहन के लिए लगभग 9 किलोग्राम हवा की आवश्यकता होती है, जबकि पेट्रोल के लिए यह मात्रा लगभग 14.6 किलोग्राम है।

एथेनॉल मिश्रण पर चलने वाले फ्लेक्स-फ्यूल वाहन कार्बन मोनोऑक्साइड (CO) और हाइड्रोकार्बन (HC) सहित कुछ हानिकारक प्रदूषकों के उत्सर्जन को कम कर सकते हैं। विशेष रूप से, E20 की तुलना में E100 से कणों की संख्या (PN) संबंधी उत्सर्जन में 84% तक कमी आ सकती है। इसके अलावा, पारंपरिक जीवाश्म ईंधन से चलने वाले वाहनों की तुलना में इससे निकलने वाले सूक्ष्म कणों (PM) का उत्सर्जन भी सबसे कम स्तरों में हो सकता है।

इस प्रकार, E85/E100 के अनुकूल फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों का व्यापक उपयोग भारत के मौजूदा एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम को पूरक बनाने के साथ-साथ अधिक विविध और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था विकसित करने में मदद कर सकता है।

किसानों की समृद्धि और घरेलू एथेनॉल मांग को मिलेगा बढ़ावा

भारत में पेट्रोल के साथ 20% एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य हासिल होने से देश को कई महत्वपूर्ण लाभ मिले हैं। इनमें विदेशी मुद्रा की पर्याप्त बचत और किसानों की आय में वृद्धि शामिल है। एथेनॉल आधारित परिवहन का विस्तार E100 तक करने से इन लाभों में और बढ़ोतरी हो सकती है। अनुमान के अनुसार, यदि वर्ष 2027 से नई कारों की बिक्री में 50% हिस्सेदारी E100 के अनुकूल फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की होती है और नई कारों की बिक्री में सालाना 5% की चक्रवृद्धि वृद्धि दर (CAGR) बनी रहती है, तो वर्ष 2030 तक इथेनॉल की कुल खपत लगभग 1,471 करोड़ लीटर तक पहुंच सकती है। इससे अनुमानित 71,448.8 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत और 58,489.9 करोड़ रुपये की किसान आय का लाभ मिल सकता है।

यह बदलाव कृषि समृद्धि, घरेलू विनिर्माण और भारत की ऊर्जा सुरक्षा के बीच संबंध को और मजबूत कर सकता है।एथेनॉल आधारित परिवहन का विस्तार इस पूरी मूल्य शृंखला में निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर सकता है। इसमें एथेनॉल के अनुकूल ऑटोमोबाइल कलपुर्जों का निर्माण, घरेलू एथेनॉल उत्पादन क्षमता बढ़ाना, ईंधन भंडारण एवं वितरण बुनियादी ढांचे का विकास तथा संबंधित विनिर्माण और सेवा क्षेत्र शामिल हैं। इससे किसानों, एथेनॉल उत्पादकों, ईंधन विक्रेताओं और वाहन निर्माताओं के बीच तालमेल बढ़ेगा तथा देश में घरेलू जैव-ऊर्जा पारिस्थितिकी तंत्र के विकास को समर्थन मिलेगा।

भारत की एथेनॉल यात्रा के अगले चरण की तैयारी

E85 के साथ E100 को मान्यता मिलना भारत की एथेनॉल यात्रा के अगले चरण की नींव रखता है। इससे परिवहन क्षेत्र में घरेलू स्तर पर उत्पादित इथेनॉल की भूमिका बढ़ाने का रास्ता खुलेगा। इस बदलाव को गति देने के लिए E85/E100 के अनुकूल फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों की व्यापक उपलब्धता, सुलभ ईंधन वितरण बुनियादी ढांचे और सहयोगी एवं स्थिर नीतिगत व्यवस्था की आवश्यकता होगी। ISMA ने कहा कि, वह किसानों की समृद्धि, घरेलू विनिर्माण और ऊर्जा सुरक्षा को बढ़ावा देने वाले माध्यम के रूप में इथेनॉल आधारित परिवहन को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में योगदान दे सकती है।

ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा, भारत का नियामकीय ढांचा धीरे-धीरे इथेनॉल आधारित परिवहन को सक्षम बनाने की दिशा में विकसित हो रहा है। CMVR व्यवस्था के तहत E85 के साथ E100 को मान्यता मिलना फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को तेजी से अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस तरह के प्रगतिशील और सहायक नीतिगत उपाय घरेलू इथेनॉल की मांग बढ़ाने, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश की यात्रा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here