अमेरिका और मैक्सिको के बीच एथेनॉल व्यापार समझौते की दिशा में प्रगति, 1.5 अरब डॉलर के निर्यात अवसर की संभावना : USDA

वॉशिंगटन : अमेरिका और मैक्सिको ने अमेरिकी एथेनॉल के निर्यात के लिए बाजार पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से एक प्रारंभिक समझौता किया है। इस समझौते से करीब 1.5 अरब डॉलर का नया बाजार अवसर पैदा हो सकता है और अमेरिका से मैक्सिको को एथेनॉल का निर्यात 32 प्रतिशत तक बढ़ने की संभावना है। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) के अनुसार, अमेरिकी कृषि मंत्री ब्रुक रोलिंस ने 26 अक्टूबर को आयोवा के सीडर रैपिड्स स्थित आर्चर डेनियल्स मिडलैंड (ADM) की एक इकाई के दौरे के दौरान इस घटनाक्रम की घोषणा की।

इस समझौते का उद्देश्य मैक्सिको के बाजार को अमेरिकी एथेनॉल निर्यात के लिए खोलना है। उम्मीद है कि दोनों देश आने वाले महीनों में इसे लागू करने की दिशा में आगे के कदम उठाएंगे। USDA के एक प्रवक्ता ने बताया कि, विभाग इस समझौते को लागू करने के लिए आवश्यक तकनीकीऔर प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी करने के वास्ते मैक्सिको के अधिकारियों के साथ काम करेगा। USDA के अनुसार, इसी प्रक्रिया के तहत मैक्सिको के अधिकारी इस सप्ताह तकनीकी मूल्यांकन के लिए टेक्सास के ह्यूस्टन का दौरा कर रहे हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

यह समझौता अगस्त में मैक्सिको सिटी में मैक्सिको के अधिकारियों और उस समय अमेरिकी कृषि विभाग में व्यापार एवं विदेशी कृषि मामलों के उप-मंत्री रहे ल्यूक लिंडबर्ग के बीच हुई चर्चाओं के बाद सामने आया है। इन बैठकों में यूएस ग्रेन्स काउंसिल, रिन्यूएबल फ्यूल्स एसोसिएशन और ग्रोथ एनर्जी के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया था। चर्चा का मुख्य उद्देश्य मैक्सिको में एथेनॉल के उपयोग को बढ़ावा देना था।

यह पहल USDA की ओर से जारी ‘अमेरिकन बायोफ्यूल्स ट्रेड आउटलुक’ रणनीति का भी हिस्सा है। इस रणनीति को सितंबर में ग्रोथ एनर्जी के बायोफ्यूल्स समिट के दौरान जारी किया गया था। इस रणनीति का उद्देश्य वाहनों में एथेनॉल मिश्रण की मात्रा बढ़ाने और फसल आधारित जैव ईंधन के व्यापार पर लगी पाबंदियां हटाने के माध्यम से अमेरिकी जैव ईंधन के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों का विस्तार करना है।

इस रणनीति में कई प्रमुख प्राथमिकताएं तय की गई हैं। इनमें लैटिन अमेरिका और दक्षिण-पूर्व एशिया में E10 एथेनॉल मिश्रण को बढ़ावा देना, मैक्सिको के साथ तकनीकी सहयोग मजबूत करना, एशिया के उभरते बाजारों की संभावनाएं तलाशना, भारत में बाजार पहुंच बेहतर बनाना और नाइजीरिया में एथेनॉल पायलट कार्यक्रम को समर्थन देना शामिल है।

अमेरिकी एथेनॉल का मैक्सिको प्रमुख खरीदार

यूएस ग्रेन्स काउंसिल के अनुसार, मैक्सिको फिलहाल अमेरिकी एथेनॉल का नौवां सबसे बड़ा खरीदार है। पिछले विपणन वर्ष के दौरान मैक्सिको ने अमेरिका से 8.2 करोड़ गैलन से अधिक एथेनॉल का आयात किया था। अमेरिकी ऊर्जा सूचना प्रशासन (EIA) के आंकड़ों के रूपांतरण के आधार पर, मैक्सिको में वर्ष 2025 के दौरान मोटर गैसोलीन की खपत करीब 11.8 अरब गैलन रही। अमेरिका और मैक्सिको के बीच प्रस्तावित यह समझौता लागू होने पर दोनों देशों के एथेनॉल व्यापार को नई गति मिलने के साथ अमेरिकी जैव ईंधन निर्यात के विस्तार का रास्ता भी खुल सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here