वैश्विक मांग बढ़ने से अमेरिकी एथेनॉल निर्यात ने बनाया नया रिकॉर्ड, जून 2026 तक 12% की वृद्धि

वॉशिंगटन: वर्ष 2026 में अमेरिका का एथेनॉल निर्यात रिकॉर्ड गति से जारी है। जून 2026 तक एथेनॉल निर्यात की मात्रा में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 12 प्रतिशत और मूल्य में 21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। रूरल वॉयस ने सितंबर 2026 की अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) की रिपोर्ट के हवाले से यह जानकारी दी है। इस वृद्धि के साथ अमेरिकी एथेनॉल निर्यात 2025 में बने रिकॉर्ड स्तर से भी आगे निकल गया है। वैश्विक मांग में बढ़ोतरी, एथेनॉल मिश्रण संबंधी नियमों में बदलाव और ब्राजील से कम निर्यात प्रतिस्पर्धा ने अमेरिकी एथेनॉल की विदेशी मांग को समर्थन दिया है।

हालांकि, USDA ने कहा है कि, वर्ष 2026 के बाकी महीनों में एथेनॉल निर्यात के परिदृश्य को कई कारक प्रभावित कर सकते हैं। इनमें अमेरिका और अन्य देशों की जैव ईंधन नीतियों में बदलाव, नए व्यापार समझौतों का क्रियान्वयन और मध्य पूर्व में संघर्ष के कारण ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी शामिल हैं। अमेरिका का एथेनॉल निर्यात 2025 में लगातार दूसरे वर्ष रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा। वर्ष 2025 में अमेरिका ने 8.4 अरब लीटर एथेनॉल का निर्यात किया, जिसका मूल्य 4.7 अरब डॉलर था। वर्ष 2024 में निर्यात 7.4 अरब लीटर रहा था, जिसकी कीमत 4.3 अरब डॉलर थी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

वर्ष 2025 में वैश्विक एथेनॉल निर्यात में अमेरिका की हिस्सेदारी 64 प्रतिशत रही, जो 2020-23 के दौरान औसतन 48 प्रतिशत थी। वहीं, ब्राजील की हिस्सेदारी 23 प्रतिशत से घटकर 12 प्रतिशत रह गई। इस बदलाव की एक प्रमुख वजह ब्राजील में घरेलू एथेनॉल खपत में वृद्धि है, जिसके कारण निर्यात के लिए उपलब्ध एथेनॉल की मात्रा कम हुई है। ब्राजील ने अगस्त 2025 में पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण का अनिवार्य स्तर E27 से बढ़ाकर E30 कर दिया था, जिससे घरेलू मांग को और बढ़ावा मिला।

हालांकि, अमेरिकी एथेनॉल निर्यात के भविष्य के लिए ब्राजील अभी भी एक महत्वपूर्ण कारक बना हुआ है। ब्राजील में मक्का आधारित एथेनॉल उत्पादन क्षमता के तेजी से विस्तार से 2026 के अंत तक करीब 3 अरब लीटर अतिरिक्त उत्पादन क्षमता जुड़ने की उम्मीद है। इससे ब्राजील के पास निर्यात के लिए उपलब्ध एथेनॉल की मात्रा बढ़ सकती है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा भी बढ़ सकती है।

भारत भी वैश्विक एथेनॉल मांग बढ़ाने वाले प्रमुख बाजारों में

भारत भी वैश्विक एथेनॉल मांग में वृद्धि करने वाले प्रमुख बाजारों में शामिल है। हालांकि, अमेरिका से भारत आने वाला एथेनॉल मुख्य रूप से औद्योगिक और रासायनिक उपयोग के लिए जाता है, क्योंकि आयातित एथेनॉल को ईंधन मिश्रण के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है। USDA के अनुसार, भारत को अमेरिकी औद्योगिक एथेनॉल का निर्यात 2024 में रिकॉर्ड 718 मिलियन लीटर तक पहुंच गया था। इसके बाद 2025 में इसमें मामूली कमी आई और यह 711 मिलियन लीटर रहा।

USDA ने भारत में एथेनॉल की मजबूत मांग के पीछे ईंधन एथेनॉल की खपत में तेज वृद्धि, मिश्रण दर में बढ़ोतरी, पेट्रोल की बढ़ती खपत और घरेलू एथेनॉल उत्पादन में विस्तार को प्रमुख कारण बताया है। भारत में 2021 से 2025 के बीच ईंधन एथेनॉल की खपत तीन गुना से अधिक बढ़ी। इसी अवधि में औसत एथेनॉल मिश्रण दर करीब 8 प्रतिशत से बढ़कर 20 प्रतिशत हो गई। घरेलू उत्पादन में वृद्धि और विभिन्न फीडस्टॉक के इस्तेमाल से भारत को एथेनॉल की आपूर्ति बढ़ाने और नवंबर 2025 तक E20 लक्ष्य हासिल करने में मदद मिली। जैसे-जैसे भारत में घरेलू रूप से उत्पादित एथेनॉल का अधिक हिस्सा ईंधन मिश्रण के लिए इस्तेमाल होने लगा, अमेरिकी एथेनॉल ने भारत के औद्योगिक और रासायनिक क्षेत्रों की मांग को पूरा करने में योगदान दिया।

वियतनाम में भी अमेरिकी एथेनॉल के लिए बढ़े अवसर

अन्य देशों में एथेनॉल मिश्रण के नए नियम भी अमेरिकी निर्यातकों के लिए अतिरिक्त अवसर पैदा कर रहे हैं। वियतनाम ने जून 2026 में देशभर में E10 अनिवार्यता लागू की। इसके चलते वहां एथेनॉल की खपत पिछले वर्ष के स्तर की तुलना में आठ गुना से अधिक बढ़ने का अनुमान है। 2026 के पहले छह महीनों में अमेरिका ने वियतनाम को 73 मिलियन लीटर एथेनॉल का निर्यात किया। यह मात्रा पूरे 2025 में वियतनाम को भेजे गए एथेनॉल की तुलना में पहले ही आठ गुना है।

USDA के अनुसार, वर्ष 2026 के बाकी हिस्से में अमेरिकी एथेनॉल निर्यात के प्रदर्शन को जैव ईंधन नीतियों, व्यापार समझौतों, ऊर्जा कीमतों और भू-राजनीतिक परिस्थितियों में होने वाले बदलाव महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित करेंगे। अमेरिकी एथेनॉल निर्यात पहले ही पिछले वर्ष के रिकॉर्ड स्तर से आगे चल रहा है। अब वर्ष की दूसरी छमाही में निर्यात की दिशा इस बात पर निर्भर करेगी कि वैश्विक मांग कितनी तेजी से बढ़ती है, ब्राजील के पास निर्यात के लिए कितना एथेनॉल उपलब्ध रहता है और नीतिगत तथा ऊर्जा बाजार से जुड़े बदलाव अंतरराष्ट्रीय व्यापार को किस तरह प्रभावित करते हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here