मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र; चीनी के एमएसपी में संशोधन और एथेनॉल उत्पादन पर आदेश बदलने की मांग की

बेलगावी (कर्नाटक): गन्ना किसानों के विरोध प्रदर्शन और चीनी मिल मालिकों के साथ चर्चा के बाद मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) में संशोधन करने की मांग की है। चीनी मिलर्स ने आश्वासन दिया है कि, एमएसपी में बढ़ोतरी से मिलने वाला अतिरिक्त लाभ किसानों को दिया जाएगा।शुक्रवार को लिखे गए पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि, वर्ष 2019 से चीनी का एमएसपी ₹31 प्रति किलोग्राम पर स्थिर है, जबकि इसी अवधि में गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) ₹2,750 से बढ़कर ₹3,650 प्रति टन हो गया है।

उन्होंने बताया कि, बाजार में चीनी की बिक्री लगभग ₹45 प्रति किलोग्राम की दर से हो रही है। ऐसे में एमएसपी में संशोधन करने से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने 26 अक्टूबर को बेलगावी में आयोजित किसान-मिल मालिक बैठक का भी उल्लेख किया। इस बैठक में शामिल सभी चीनी मिल प्रतिनिधियों ने किसानों को भरोसा दिलाया था कि चीनी के एमएसपी में होने वाली किसी भी बढ़ोतरी का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाया जाएगा।

ChiniMandi WhatsApp Channel

एथेनॉल से होने वाली आय पर असर

मुख्यमंत्री ने पत्र में बताया कि, केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने 22 अक्टूबर 2026 को निर्देश जारी कर एथेनॉल आपूर्ति वर्ष 2026-27 के दौरान गन्ने के रस, सिरप और बी-हेवी शीरे से एथेनॉल उत्पादन पर रोक लगा दी है।उन्होंने कहा कि, कर्नाटक की गन्ना आधारित डिस्टिलरियों ने वर्ष 2025-26 में एथेनॉल से ₹5,803.70 करोड़ की आय अर्जित की थी। यह आय लगभग पूरी तरह इन्हीं माध्यमों से हुई थी। इस राजस्व की मदद से चीनी मिलें किसानों को 14 दिनों के भीतर भुगतान कर पा रही थीं। लेकिन नए निर्देश के कारण मिलों की भुगतान क्षमता प्रभावित हो रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से इस आदेश में बदलाव करने और गन्ने के रस तथा बी-हेवी शीरे से बनने वाले एथेनॉल की कीमतों में संशोधन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि, इनकी कीमतें वर्ष 2022-23 से अब तक नहीं बदली गई हैं। इसके अलावा, उन्होंने FRP के लिए आधार रिकवरी दर को फिर से 9.50 प्रतिशत करने की मांग की, ताकि कम रिकवरी वाले क्षेत्रों के किसानों को मिट्टी और जलवायु संबंधी परिस्थितियों के कारण नुकसान न उठाना पड़े। उन्होंने घरेलू और व्यावसायिक उपयोग वाली चीनी के लिए अलग-अलग एमएसपी तय करने का भी सुझाव दिया, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं के हित सुरक्षित रहें और थोक खरीदार उचित कीमत चुकाएं।

राजस्व-साझाकरण फॉर्मूले की समीक्षा की मांग

मुख्यमंत्री ने राजस्व-साझाकरण फॉर्मूले की समीक्षा करने की मांग भी की। उन्होंने सुझाव दिया कि, इसमें एथेनॉल और सह-उत्पादन (को-जनरेशन) से होने वाली आय को भी शामिल किया जाए। इसके साथ ही नीति आयोग के टास्क फोर्स और कृषि लागत एवं मूल्य आयोग की सिफारिश के अनुसार मूल्य स्थिरीकरण कोष (प्राइस स्टेबिलाइजेशन फंड) स्थापित करने की मांग की।शिवकुमार ने प्रधानमंत्री को बताया कि, रमेश चंद की अध्यक्षता वाली केंद्रीय समिति ने गन्ना किसानों और विशेषज्ञों की बात सुनी थी। राज्य सरकार ने भी समिति के समक्ष अपनी विस्तृत मांगें और सुझाव रखे थे। उन्होंने कहा कि, राज्य सरकार ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाली किसानों की मांगों को लागू करने के लिए कदम उठाए हैं, लेकिन केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र से जुड़ी कुछ मांगें अब भी लंबित हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, सूखे के कारण इस वर्ष गन्ने की पैदावार घटने की आशंका है। इसके साथ ही गन्ने की पेराई का सीजन भी देरी से शुरू हो रहा है। ऐसे में किसान केंद्र सरकार से ठोस आश्वासन मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here