मनीला: पेरिस स्थित आर्थिक सहयोग एवं विकास संगठन (ओईसीडी) ने फिलीपींस से कृषि क्षेत्र में अल्पकालिक उपायों पर निर्भरता कम करने और उत्पादकता बढ़ाने के साथ निवेश आकर्षित करने के लिए दीर्घकालिक नीतिगत सुधार लागू करने का आग्रह किया है। ओईसीडी ने 2 नवंबर को प्रकाशित अपनी रिपोर्ट “एग्रीकल्चरल पॉलिसी मॉनिटरिंग एंड इवैल्यूएशन 2026: एन्हांसिंग रेजिलिएंस इन अ वर्ल्ड ऑफ इंटरकनेक्टेड रिस्क्स” के फिलीपींस संबंधी देश नोट में कहा कि, किसानों को सरकारी सहायता देने के मामले में फिलीपींस दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां समर्थन का स्तर काफी ऊंचा है। हालांकि, कृषि क्षेत्र को मिलने वाली सहायता मुख्य रूप से बाजार मूल्य समर्थन (एमपीएस) तक सीमित रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 से 2025 के बीच किसानों को मिलने वाली सहायता उनकी कुल सकल कृषि आय का औसतन 22 प्रतिशत रही। इसका मतलब है कि किसानों की सकल आय का पांचवें हिस्से से थोड़ा अधिक हिस्सा सरकारी सहायता नीतियों से आया। ओईसीडी के अनुसार, इन नीतियों के कारण खेत के स्तर पर मापे जाने वाले उपभोक्ताओं के खाद्य खर्च में औसतन करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि, एमपीएस नीतियों के माध्यम से उपभोक्ताओं से किसानों को होने वाला आर्थिक हस्तांतरण, उपभोक्ताओं को दी जाने वाली सरकारी खाद्य सहायता से अधिक रहा। इस तरह कुल मिलाकर उपभोक्ता कृषि क्षेत्र को मिलने वाली सहायता में शुद्ध योगदानकर्ता बन गए।
2023 से 2025 के दौरान कृषि क्षेत्र को मिलने वाली कुल सहायता देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का औसतन 2.3 प्रतिशत रही। यह 2000 से 2002 के बीच दर्ज 2.9 प्रतिशत के स्तर से कम है, लेकिन रिपोर्ट में शामिल देशों की तुलना में अब भी सबसे ऊंचे स्तरों में से एक है। ओईसीडी ने कहा कि, इन पहलों से अल्पकालिक कीमतों में उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने में कुछ मदद मिली होगी, लेकिन विशिष्ट कृषि वस्तुओं के लिए मूल्य समर्थन पर लगातार निर्भरता देश के कृषि उत्पादन को सीमित कर रही है।
देश की प्रमुख खाद्य फसल चावल के मामले में रिपोर्ट ने कहा कि, सरकार की हालिया नीतियां, जैसे धान (बिना कुटा चावल) के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य व्यवस्था और लचीला चावल शुल्क ढांचा, केवल अस्थायी लाभ प्रदान करती हैं।ओईसीडी ने चेतावनी दी कि, किसी खास कृषि उत्पाद के लिए मूल्य समर्थन पर लगातार निर्भर रहने से कृषि विविधीकरण सीमित हो सकता है और उत्पादन तथा व्यापार से जुड़े प्रोत्साहन प्रभावित हो सकते हैं।
संगठन ने कहा, चावल नीति में संतुलन लाने के लिए कीमतों को विकृत करने वाले तंत्रों पर निर्भरता धीरे-धीरे कम की जानी चाहिए और इसके स्थान पर अधिक लक्षित जोखिम-प्रबंधन उपाय अपनाए जाने चाहिए। चावल के अलावा, ओईसीडी ने चीनी के लिए भी सीमा शुल्क संबंधी उपायों और सरकार द्वारा निर्धारित कीमतों पर निर्भरता कम करने की सिफारिश की है। फिलीपींस में चीनी पर अब भी आयात शुल्क, आयात प्रतिबंध और सरकार के अन्य हस्तक्षेप लागू हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, कृषि विभाग (डीए) और चीनी नियामक प्रशासन (एसआरए) ने 2025 के अंत में चीनी आयात पर रोक की फिर से पुष्टि की थी। स्थानीय उत्पादकों को समर्थन देने और घरेलू आपूर्ति को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से इस रोक को बाद में 2026 तक बढ़ा दिया गया। अक्टूबर 2025 में शीरे (मोलासेस) के आयात पर भी अलग से रोक लगाई गई थी। यह कदम आयातित मात्रा में वृद्धि और घरेलू उत्पादन बढ़ने के बाद उठाया गया। बाद में इस प्रतिबंध को मार्च 2026 तक बढ़ा दिया गया।
ओईसीडी ने बताया कि 2025 में चावल, चीनी, मक्का, पोल्ट्री, आलू और कॉफी सहित 14 कृषि उत्पाद शुल्क-दर कोटा व्यवस्था के दायरे में थे। इस व्यवस्था के तहत निर्धारित कोटे के भीतर आयात पर शुल्क 15 से 50 प्रतिशत तक था, जबकि कोटे से बाहर आयात पर शुल्क 65 प्रतिशत तक पहुंच गया था। 2025 में कृषि उत्पादों पर औसत लागू आयात शुल्क 11.24 प्रतिशत रहा, जो गैर-कृषि उत्पादों पर लागू 5.84 प्रतिशत के औसत शुल्क से लगभग दोगुना था।
ओईसीडी की प्रमुख सिफारिश है कि कृषि क्षेत्र के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जाए। इसके तहत कृषि मूल्य श्रृंखलाओं को बेहतर बनाने और कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने के लिए बुनियादी ढांचे में अधिक निवेश किया जाना चाहिए। दीर्घकालिक सुधारों की जरूरत को देश की कमजोर कृषि उत्पादकता भी रेखांकित करती है। 2014 से 2023 के बीच फिलीपींस का कृषि उत्पादन सालाना औसतन केवल 0.1 प्रतिशत की दर से बढ़ा, जो वैश्विक औसत 1.8 प्रतिशत से काफी कम है। ओईसीडी ने कृषि क्षेत्र की मजबूती और जोखिमों से निपटने की क्षमता बढ़ाने के लिए फसल कटाई के बाद के बुनियादी ढांचे, भंडारण व्यवस्था के आधुनिकीकरण, डिजिटल प्रणालियों और जलवायु संबंधी सलाह सेवाओं में निवेश को प्राथमिकता देने की सिफारिश की।


















