तेहरान : ईरान सरकार ने मंगलवार को एक बार फिर स्पष्ट किया कि, भारतीय जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य में लागू प्रतिबंधों से छूट दी गई है। ईरान के अनुसार, भारतीय जहाज इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से बिना किसी रोक-टोक के आवागमन कर सकते हैं। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के उपाध्यक्ष अहमद हयात-मोगद्दम ने कहा कि समुद्री मार्ग से गुजरने पर लगाए गए प्रतिबंधों से कुछ देशों को छूट दी गई है। उन्होंने बताया कि भारत, चीन, इराक और कतर के जहाज इस जलमार्ग से बिना किसी पाबंदी के गुजर सकते हैं।
आर्थिक और सुरक्षा परिस्थितियों की समीक्षा के लिए आयोजित एक बैठक में बोलते हुए हयात-मोगद्दम ने कहा, होर्मुज जलडमरूमध्य के मामले में हमने पहले ही चार देशों को ‘माफ’ कर दिया है। फिलहाल भारत, चीन, इराक और कतर को यह छूट मिली हुई है। वे स्वतंत्र हैं, यानी हमारी ओर से उन्हें पूरी आजादी है। अमेरिकियों को भी उनसे कोई समस्या नहीं है। ये देश होर्मुज जलडमरूमध्य से आते-जाते रहते हैं। आखिर हम व्यापार कर रहे हैं, है ना?”उन्होंने आगे कहा, “हमने भारतीयों के लिए ऐसा किया है, ताकि हम दवाओं का आयात कर सकें। हमने चीनियों के लिए भी ऐसा किया है, ताकि हमें उनसे राजनीतिक समर्थन मिल सके, हालांकि हम उनसे पैसे भी लेते हैं। हमारा मतलब है कि हम उनका पैसा भी लेते हैं।”
अमेरिका के साथ संभावित संघर्ष के बीच कतर की मध्यस्थता की कोशिश
इस बीच, ईरान के शीर्ष अधिकारी देश के सैन्य नेतृत्व पर जोर दे रहे हैं कि अमेरिका के साथ संभावित संघर्ष की आशंका के बीच कतर की मध्यस्थता से आए समझौते के प्रस्ताव पर विचार किया जाए। अल अरबिया के अनुसार, ईरान के आंतरिक आकलन से संकेत मिलता है कि अमेरिका के साथ प्रत्यक्ष युद्ध दोबारा शुरू होना अब तेहरान के लिए सबसे संभावित स्थिति माना जा रहा है। हालांकि, सैन्य स्तर पर जताई जा रही इन गंभीर आशंकाओं के बावजूद ईरान के वरिष्ठ राजनीतिक नेता कूटनीतिक समाधान के पक्ष में सक्रिय रूप से प्रयास कर रहे हैं।
अल अरबिया ने सूत्रों के हवाले से बताया कि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर गालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने देश के सैन्य नेतृत्व को कतर के मध्यस्थों की ओर से पेश किए गए प्रस्ताव पर सकारात्मक और रचनात्मक तरीके से विचार करने की सलाह दी है। इस प्रस्ताव का उद्देश्य संघर्ष को रोकना है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कतर के दूत हाल ही में सीधे तेहरान पहुंचे थे। उन्हें एक सीमित और स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लंबी बातचीत के कई दौर आयोजित करने के बजाय, मध्यस्थों का मुख्य उद्देश्य प्रस्तावित रूपरेखा पर ईरान का आधिकारिक और अंतिम जवाब हासिल करना था। जहां राजनीतिक नेता कूटनीति के रास्ते खुले रखने की कोशिश कर रहे हैं, वहीं ईरान के सैन्य रणनीतिकार शांति बनाए रखने की संभावनाओं को लेकर अब भी गहरे संदेह में हैं। उनका मानना है कि आने वाले समय में अमेरिकी सेना के साथ सक्रिय टकराव की स्थिति फिर से पैदा हो सकती है। (एएनआई)


















