नई दिल्ली : दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने गुरुवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के धान कटाई और पराली जलाने को लेकर दिए गए बयानों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि, मुख्यमंत्री ने धान की कटाई और पराली जलाने के संबंध में गलत जानकारी दी है। सिरसा ने कहा कि, पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं का दिल्ली की वायु गुणवत्ता पर गंभीर असर पड़ा है। शास्त्री पार्क स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) में मीडिया से बातचीत करते हुए सिरसा ने भगवंत मान पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि, पंजाब सरकार के अपने आंकड़ों के अनुसार राज्य में 77 प्रतिशत पराली पहले ही जलाई जा चुकी है। सिरसा ने कहा, ‘कल भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया था कि धान की कटाई अभी शुरू नहीं हुई है। लेकिन उनकी ही सरकार के आंकड़े बताते हैं कि 77 प्रतिशत पराली जलाई जा चुकी है।’’
चार दिनों में दिल्ली का AQI 60 से बढ़कर 377
सिरसा ने दिल्ली की वायु गुणवत्ता में तेजी से आई गिरावट का उल्लेख करते हुए कहा कि, महज चार दिनों में राजधानी की हवा बेहद प्रदूषित हो गई है। उन्होंने बताया कि, 30 अक्टूबर को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 60 था, जो 31 अक्टूबर को बढ़कर 117 हो गया। वहीं, 4 नवंबर तक यह 377 पर पहुंच गया। उन्होंने सवाल उठाया, दिल्ली के लोगों ने पूरे साल हवा को साफ रखने के लिए मेहनत की। फिर सिर्फ चार दिनों में ऐसा क्या हुआ कि प्रदूषण इतना बढ़ गया? जब दिल्ली की हवा साफ थी, तब पंजाब में पराली जलाना शुरू नहीं हुआ था।
पराली जलाने की घटनाएं बढ़कर 484 हुईं
सिरसा ने पराली जलाने की घटनाओं के आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने कहा कि, 2 नवंबर को आयोजित उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस के समय पराली जलाने की 92 घटनाएं दर्ज की गई थीं। इसके बाद 3 नवंबर तक यह संख्या बढ़कर 484 हो गई। उन्होंने दावा किया कि, यह अब तक दर्ज की गई सबसे अधिक संख्या है और पिछले दो वर्षों के आंकड़ों से लगभग दोगुनी है।
पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों पर उठाए सवाल
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री ने पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि, राज्य में पराली जलाने के 2,196 स्थानों की पहचान की गई है और 494 एफआईआर दर्ज की गई हैं। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई प्रशासनिक अधिकारियों के बजाय किसानों के खिलाफ की जा रही है। सिरसा ने आम आदमी पार्टी सरकार पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का राजनीतिकरण करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि, पार्टी की प्रवक्ता रीना गुप्ता को बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि उनके पास प्रशासनिक या पर्यावरण संबंधी अनुभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ये आंकड़े मेरे अपने नहीं, बल्कि पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के हैं। बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार 2,196 स्थानों पर आग लगाई गई और 494 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसके बावजूद अधिकारियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल नहीं किए जा रहे, बल्कि केवल किसानों पर मामले दर्ज किए जा रहे हैं।’’
चार जिलों के डीसी को CAQM का नोटिस
सिरसा ने बताया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने बठिंडा, फाजिल्का, जालंधर और बरनाला के उपायुक्तों को नोटिस जारी किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन जिलों में पराली जलाने की घटनाओं के आंकड़े छिपाए जा रहे हैं और प्रशासन आग की घटनाओं को रोकने में नाकाम रहा है। उन्होंने कहा कि, केंद्र की मोदी सरकार ने पंजाब सरकार को हैप्पी सीडर और अन्य कृषि उपकरणों के लिए 5,000 करोड़ रुपये दिए थे। सिरसा ने आरोप लगाया कि, पंजाब सरकार ने इन निधियों का दुरुपयोग किया और अब किसानों के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं।


















