नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मध्यावधि चुनाव में लगे राजनीतिक झटके से अचानक टैरिफ बढ़ाने का खतरा कम हो सकता है। इससे भारत को वाशिंगटन के साथ व्यापार वार्ता में अधिक गुंजाइश मिल सकती है। हालांकि, व्यापार से जुड़ी अनिश्चितताएं बनी रहने की संभावना है। एमके रिसर्च की एक रिपोर्ट में यह आकलन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव परिणाम से अमेरिका की समग्र टैरिफ व्यवस्था में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इससे व्यापारिक साझेदार देशों के प्रति ट्रंप के रुख में बदलाव आ सकता है। डेमोक्रेट्स के कांग्रेस के दोनों सदनों पर नियंत्रण हासिल करने से प्रशासन पर नई व्यापारिक पाबंदियां लागू करने के मामले में अधिक सीमाएं लग सकती हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि, मध्यावधि चुनाव के बाद ट्रंप की व्यापार नीति को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारकों में नए टैरिफ बढ़ाने के विकल्पों में कमी, उपभोक्ताओं के लिए वस्तुओं को किफायती बनाने का दबाव और 2028 से पहले व्यापारिक समझौते करने की जरूरत शामिल हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, भविष्य में टैरिफ बढ़ाने के लिए अमेरिका को धारा 301 और धारा 232 के तहत जांच आधारित कार्रवाई का सहारा लेना पड़ सकता है। इससे व्यापारिक साझेदार देशों पर अचानक टैरिफ बढ़ने का खतरा कम हो सकता है।
भारत के लिए व्यापार समझौते की जल्दबाजी कम
भारत के संदर्भ में रिपोर्ट में कहा गया है कि, अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने की जरूरत अब पहले की तुलना में कम हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्तावित 18 प्रतिशत फ्रेमवर्क टैरिफ दर कभी लागू ही नहीं हुई, जबकि भारतीय वस्तुओं पर अब धारा 301 के तहत 10 प्रतिशत का कम शुल्क लागू है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि, अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्तियां अधिनियम (IEEPA) के तहत अमेरिका ने अपना दबाव बनाने का एक महत्वपूर्ण अधिकार खो दिया है।
हालांकि, रिपोर्ट ने आगाह किया है कि व्यापार से जुड़े जोखिम पूरी तरह समाप्त नहीं हुए हैं। धारा 232 के तहत अलग-अलग क्षेत्रों पर लगाए जाने वाले टैरिफ, विशेष रूप से दवाइयों और इलेक्ट्रॉनिक्स पर संभावित शुल्क, भारतीय निर्यातकों के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि, रूस या ईरान से जुड़े कूटनीतिक प्रयासों में किसी तरह की विफलता होने पर भारत के तेल आयात को लेकर एक बार फिर दबाव बढ़ सकता है।
ट्रंप की व्यापार नीति में उतार-चढ़ाव जारी रहने की आशंका
रिपोर्ट में कहा गया है, व्यापार उन कुछ क्षेत्रों में से एक है, जिन पर ट्रंप का अब भी अकेले नियंत्रण है। इसलिए राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव के बावजूद व्यापार नीति से जुड़ी घोषणाओं में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है, भले ही टैरिफ बढ़ाने का रुख कुछ नरम हो जाए। रिपोर्ट के अनुसार, मध्यावधि चुनाव के नतीजे टैरिफ से जुड़ी अनिश्चितता कम करके भारत के लिए अधिक अनुकूल माहौल तैयार कर सकते हैं। हालांकि, नए व्यापारिक दबाव की आशंका अभी भी बनी हुई है।
इसके अलावा, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिकी डॉलर की कमजोरी के साथ टैरिफ संबंधी अनिश्चितता कम होने से भारतीय रुपये को समर्थन मिल सकता है। इससे देश के निर्यात की संभावनाओं में भी सुधार हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन परिस्थितियों से धीरे-धीरे भारत का जोखिम प्रीमियम कम हो सकता है। हालांकि, चालू खाते की वित्तीय जरूरतों और वैश्विक वित्तीय अनिश्चितताओं के कारण इसका लाभ सीमित रह सकता है।


















