मनिला : अमेरिका की ओर से कच्ची चीनी के निर्यात के लिए अतिरिक्त 9,151 मीट्रिक टन कोटा आवंटित किए जाने के बावजूद फिलीपींस का चीनी उद्योग 2026-27 के पेराई सीजन में चीनी निर्यात के पक्ष में नहीं है। इस अतिरिक्त आवंटन के बाद अमेरिका द्वारा फिलीपींस को दिया गया कुल निर्यात कोटा बढ़कर 1,54,386 मीट्रिक टन हो गया है। ‘डिजीकास्ट नेग्रोस’ की रिपोर्ट के अनुसार, घरेलू मांग और उत्पादन में संभावित कमी को देखते हुए उद्योग ने निर्यात का विरोध किया है।
अमेरिका की कोटा व्यवस्था के तहत मिला अतिरिक्त आवंटन
अतिरिक्त कोटा अमेरिका की वित्त वर्ष 2027 की टैरिफ-रेट कोटा (TRQ) व्यवस्था के तहत दिया गया है। यह अवधि 1 अक्टूबर 2026 से 30 सितंबर 2027 तक रहेगी। इस व्यवस्था के तहत डोमिनिकन गणराज्य के बाद फिलीपींस को दूसरा सबसे बड़ा चीनी निर्यात कोटा मिला है। फिलीपींस के शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA) ने उद्योग के विभिन्न हितधारकों के बीच हुए समझौते के बाद 2026-27 सीजन के पूरे घरेलू चीनी उत्पादन को ‘बी’ यानी घरेलू बाजार श्रेणी में रखा है। SRA के प्रशासक पाब्लो लुइस एज़कोना ने कहा कि अमेरिका के अतिरिक्त कोटे पर कोई निर्णय लेने से पहले सरकार उत्पादन के आंकड़ों का आकलन करेगी और उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श करेगी।
घरेलू मांग पूरी करने के लिए उत्पादन पर्याप्त नहीं
चीनी उद्योग के प्रतिनिधियों का कहना है कि इस वर्ष उत्पादन कम रहने की आशंका है। ऐसे में घरेलू बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और निर्यात करना उचित नहीं होगा। नेशनल फेडरेशन ऑफ शुगरकेन प्लांटर्स के अध्यक्ष एनरिक रोजास ने कहा कि देश का अनुमानित चीनी उत्पादन घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं होगा। इसलिए मौजूदा चीनी आवंटन व्यवस्था में बदलाव करने का कोई ठोस आधार नहीं है।कन्फेडरेशन ऑफ शुगरकेन प्लांटर्स एसोसिएशन ने भी निर्यात का विरोध किया है। संगठन का कहना है कि घरेलू चीनी को अमेरिका भेजने से स्थानीय बाजार में आपूर्ति घट सकती है। इससे घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए फिलीपींस को उलटे चीनी आयात करनी पड़ सकती है।
कीटों और खराब मौसम से उत्पादन प्रभावित
उद्योग प्रतिनिधियों ने लाल धारियों वाले सॉफ्ट स्केल कीटों के प्रकोप और प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को भी उत्पादन प्रभावित होने के प्रमुख कारणों में शामिल किया है। उनका मानना है कि सरकार को पूरे निर्यात कोटे का उपयोग करने पर जोर देने के बजाय इन चुनौतियों से अमेरिका के कृषि विभाग (USDA) को अवगत कराना चाहिए। उद्योग के एक प्रतिनिधि के अनुसार, यदि फिलीपींस अपने आवंटित निर्यात कोटे का पूरा उपयोग नहीं करता है, तो बचा हुआ कोटा अन्य आपूर्तिकर्ता देशों को दिया जा सकता है। इससे फिलीपींस पर स्वतः कोई जुर्माना नहीं लगेगा और न ही भविष्य में मिलने वाले कोटे में स्थायी कटौती होगी।


















