देश में चीनी उत्पादन बढ़कर 12.85 लाख टन पहुंचा, 184 मिलों में पेराई शुरू : ISMA

नई दिल्ली : देश में चीनी मिलों का नया पेराई सीजन तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब तक देशभर की 184 चीनी मिलों ने गन्ने की पेराई शुरू कर दी है और 5 नवंबर 2026 तक कुल चीनी उत्पादन 12.85 लाख टन तक पहुंच गया है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 154 मिलों के संचालन के दौरान केवल 3.20 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था। इंडियन शुगर एंड बायो-एनर्जी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (ISMA) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष शुरुआती दौर में चीनी उत्पादन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। महाराष्ट्र में समय से पेराई शुरू होने और अन्य प्रमुख उत्पादक राज्यों में मिलों के धीरे-धीरे चालू होने से उत्पादन को गति मिली है।

महाराष्ट्र में 136 मिलें चालू, 10.78 लाख टन चीनी उत्पादन

ChiniMandi WhatsApp Channel

महाराष्ट्र इस सीजन में शुरुआती पेराई और चीनी उत्पादन के मामले में सबसे आगे है। राज्य में 5 नवंबर तक 136 चीनी मिलों ने पेराई शुरू कर दी थी और इन मिलों से 10.78 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है। पिछले वर्ष इसी अवधि में महाराष्ट्र की 101 मिलें चालू थीं और कुल 1.23 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था। इस बार मिलों की संख्या और उत्पादन, दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

ISMA के महानिदेशक दीपक बल्लानी ने कहा कि, मौजूदा चीनी सीजन की शुरुआत सकारात्मक रही है। 5 नवंबर 2026 तक देश की 184 मिलों में पेराई शुरू हो चुकी है और चीनी उत्पादन 12.85 लाख टन तक पहुंच गया है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में उत्पादन 3.20 लाख टन था। उन्होंने बताया कि, पिछले सीजन का लगभग 36 लाख टन चीनी का कैरीओवर स्टॉक उपलब्ध है। इसके साथ ही नए सीजन का उत्पादन भी तेजी पकड़ रहा है। ऐसे में घरेलू खपत की जरूरतों को पूरा करने के लिए देश की स्थिति संतोषजनक है।

उत्तर प्रदेश में 19 मिलों ने शुरू की पेराई

उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य क्षेत्रों में अब तक 19 चीनी मिलों ने पेराई शुरू कर दी है। इन मिलों से 5 नवंबर तक 0.20 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है। पिछले वर्ष इसी अवधि में राज्य की 32 मिलें चालू थीं और उन्होंने 1.10 लाख टन चीनी का उत्पादन किया था। कर्नाटक में विशेष पेराई सीजन के तहत पहले से संचालित सात मिलों से 0.90 लाख टन चीनी का उत्पादन दर्ज किया गया है। वहीं, तमिलनाडु की सात मिलों से 0.64 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है। अन्य राज्यों में गुजरात की 12 मिलों और तेलंगाना की तीन मिलों ने पेराई शुरू कर दी है। इन राज्यों की कुल 15 मिलों से अब तक 0.33 लाख टन शुद्ध चीनी उत्पादन दर्ज किया गया है।

आने वाले दिनों में बढ़ेगी पेराई की रफ्तार

दीपक बल्लानी ने कहा कि, स्थानीय मुद्दों का समाधान होने और त्योहारों का दौर समाप्त होने के साथ शेष क्षेत्रों में भी चीनी मिलों का संचालन बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अधिकांश मिलें अगले कुछ दिनों में पेराई शुरू कर देंगी। इसके बाद दिवाली के पश्चात मध्य उत्तर प्रदेश की मिलों में भी पेराई शुरू होने की उम्मीद है। कर्नाटक में किसानों से जुड़े मुद्दों का समाधान होने के बाद मिलें मुख्य पेराई सीजन का संचालन शुरू करेंगी। इन राज्यों में पेराई का काम धीरे-धीरे शुरू होने के साथ आने वाले सप्ताहों में चीनी उत्पादन में काफी वृद्धि होने की संभावना है।

घरेलू खपत के लिए पर्याप्त चीनी उपलब्ध : ISMA

ISMA के महानिदेशक ने दोहराया कि, देश में घरेलू खपत की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध है। उद्योग घरेलू बाजार में चीनी की निरंतर और पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। शुरुआती उत्पादन में तेजी और पिछले सीजन के कैरीओवर स्टॉक को देखते हुए त्योहारी सीजन में घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता को लेकर फिलहाल चिंता की स्थिति नहीं है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here