बेंगलुरु : सरकारी तेल विपणन कंपनियों इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (एचपीसीएल) ने कर्नाटक सरकार के उस दावे को खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि, राज्य के कुछ पेट्रोल पंपों पर बिकने वाले पेट्रोल में 26 से 31 प्रतिशत तक एथेनॉल मिला हुआ था। कंपनियों का कहना है कि, ये निष्कर्ष निर्धारित परीक्षण प्रक्रियाओं के आधार पर नहीं निकाले गए हैं और इनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि भी नहीं की जा सकती।
तीनों सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि, कर्नाटक सहित पूरे देश में आपूर्ति किया जा रहा ई20 पेट्रोल भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के निर्धारित मानकों के अनुरूप है। साथ ही, इसकी गुणवत्ता की नियमित रूप से कड़ी जांच की जाती है। यह स्पष्टीकरण कर्नाटक के खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले एवं कानूनी माप विज्ञान विभाग के उस दावे के बाद आया है, जिसमें कहा गया था कि पेट्रोल पंपों से लिए गए नमूनों में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित 20 प्रतिशत मिश्रण सीमा से काफी अधिक पाई गई। राज्य सरकार ने यह भी आशंका जताई थी कि इससे उपभोक्ताओं को कम माइलेज और वाहनों के रखरखाव पर अधिक खर्च के रूप में आर्थिक नुकसान हो सकता है।
तेल विपणन कंपनियों ने राज्य सरकार द्वारा अक्टूबर 2026 में किए गए परीक्षण में अपनाई गई नमूना संग्रह प्रक्रिया और जांच पद्धति पर सवाल उठाए हैं। कंपनियों के अनुसार, मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (आपूर्ति का विनियमन, वितरण और गड़बड़ियों की रोकथाम) आदेश, 2005 तथा मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइंस (एमडीजी), 2024 के तहत ईंधन के नमूने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लिए जाने, सुरक्षित रखे जाने, जांचे जाने और उनका दस्तावेजीकरण किया जाना जरूरी है। इस प्रक्रिया में तेल कंपनियों, डीलरों और अधिकृत प्रयोगशालाओं की भागीदारी आवश्यक होती है।
कंपनियों ने बताया कि, अक्टूबर में लिए गए नमूनों के संग्रह के दौरान ओएमसी के प्रतिनिधि मौजूद नहीं थे। साथ ही, कंपनियों को सुरक्षित रखे गए नमूने, पेट्रोल पंप के अनुसार प्रयोगशाला की रिपोर्ट या पूरा तकनीकी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया। उन्होंने यह भी कहा कि, जांच के परिणाम कंट्रोल ऑर्डर के तहत अधिकृत प्रयोगशालाओं के बजाय एक निजी तृतीय-पक्ष प्रयोगशाला में किए गए परीक्षणों पर आधारित थे। ऐसे में इन निष्कर्षों की विश्वसनीयता और निर्धारित प्रक्रिया के पालन को लेकर सवाल खड़े होते हैं। तेल कंपनियों ने नए सिरे से निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण कराने की मांग की है।


















