फिजी : सुपर अल नीनो से 2027 में गन्ना उत्पादन में और बड़ी गिरावट की आशंका

सुवा : फिजी का चीनी उद्योग वर्ष 2027 में उत्पादन में भारी गिरावट का सामना कर सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक जारी शुष्क मौसम और सुपर अल नीनो के प्रभाव से सूखे की स्थिति और गंभीर हो सकती है, जिससे गन्ने की खेती पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। द फिजी टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, फिजी शुगर कॉरपोरेशन (एफएससी) के मुख्य परिचालन अधिकारी मिकाएले बिउकोटो ने यह चेतावनी दी है।

बिउकोटो ने कहा कि, अगले वर्ष फिजी के चीनी उद्योग के लिए अब तक के सबसे कठिन वर्षों में से एक साबित हो सकता है। आशंका है कि, उत्पादन में होने वाला नुकसान पिछले बड़े सूखे के दौरान दर्ज गिरावट से भी अधिक हो सकता है।उन्होंने बताया कि, इससे पहले सूखे के कारण गन्ना उत्पादन में 36 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई थी। कुछ अवसरों पर उत्पादन 20 लाख टन से घटकर 10 लाख टन रह गया था, जबकि अन्य मामलों में यह 30 लाख टन से घटकर 20 लाख टन तक पहुंच गया था।

ChiniMandi WhatsApp Channel

बिउकोटो ने विशेष रूप से विटी लेवू क्षेत्र की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि, लाउटोका के आसपास हालात अधिक गंभीर हो सकते हैं। इसके मुकाबले लाबासा क्षेत्र में रुक-रुककर बारिश होने से स्थिति कुछ बेहतर रही है। उन्होंने लाबासा और लाउटोका के फील्ड विभागों से अपील की कि, वे 2027 की गन्ना कटाई से काफी पहले ही किसानों के खेतों को तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दें, ताकि चीनी मिलों को पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि, मिलों का संचालन सुचारू रूप से जारी रखने के लिए पर्याप्त गन्ने की उपलब्धता बेहद जरूरी होगी।

बिउकोटो ने कर्मचारियों से चालू सीजन की बची हुई पेराई जल्द पूरी करने, उपलब्ध सभी गन्ने का प्रसंस्करण करने, बॉयल-आउट प्रक्रिया पूरी करने और अगली पेराई के लिए मिलों को तैयार करने का भी आग्रह किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि चालू पेराई सीजन का काम जारी रहने के साथ ही वर्ष 2027 के लिए तैयारियां भी शुरू कर देनी चाहिए। लाबासा चीनी मिल ने गुरुवार को अपना पेराई सीजन समाप्त किया। सीजन के दौरान मिल ने 4,69,483 टन गन्ने की पेराई कर 51,451 टन चीनी का उत्पादन किया। मिल का गन्ना-से-चीनी अनुपात 9:1 दर्ज किया गया।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here