नई दिल्ली : सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (OMCs) इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने कर्नाटक सरकार के उस दावे को खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि राज्य के कुछ पेट्रोल पंपों पर बेचे जा रहे पेट्रोल में 26 से 31 प्रतिशत तक एथेनॉल मौजूद है। यह जानकारी तेल विपणन कंपनियों की ओर से जारी एक बयान में दी गई।
तीनों तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया कि, देशभर में आपूर्ति किया जा रहा E20 पेट्रोल भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के निर्धारित मानक IS 17021 के अनुरूप है। कंपनियों ने कर्नाटक सरकार के इस दावे को स्वीकार नहीं किया कि राज्य के कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा 26–31 प्रतिशत है। कंपनियों ने अपने बयान में कहा, हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि मीडिया में सामने आए ये दावे निर्धारित कानूनी और तकनीकी प्रक्रियाओं के अनुसार की गई जांच से प्रमाणित नहीं होते। तीनों तेल कंपनियों द्वारा कर्नाटक सहित पूरे देश में आपूर्ति किया जा रहा E20 पेट्रोल भारतीय मानक ब्यूरो के एथेनॉल मिश्रित मोटर गैसोलीन संबंधी मानक IS 17021 के अनुरूप है।”
तेल कंपनियों ने अक्टूबर 2026 में की गई जांच के दौरान अपनाई गई नमूना संग्रह प्रक्रिया और जांच पद्धति पर भी सवाल उठाए। कंपनियों के अनुसार, इस प्रक्रिया में मोटर स्पिरिट और हाई स्पीड डीजल नियंत्रण आदेश, 2005 तथा मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइंस (MDG) 2024 के निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया। OMCs के मुताबिक, निर्धारित प्रक्रिया के तहत पेट्रोल के छह एक-एक लीटर के नमूने लेने होते हैं। इनमें से दो नमूने पेट्रोल पंप डीलर को, दो तेल कंपनी या संबंधित विभाग के पास सुरक्षित रखने के लिए और दो जांच के लिए निर्धारित प्रयोगशाला में भेजे जाते हैं।
कंपनियों ने बताया कि, सितंबर 2026 में एकत्र किए गए नमूनों की जांच निर्धारित OMC प्रयोगशालाओं में की गई थी। हालांकि, अक्टूबर में की गई जांच कथित तौर पर तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों की अनुपस्थिति में हुई।कंपनियों का कहना है कि, अनुरोध किए जाने के बावजूद उन्हें सुरक्षित रखे गए नमूने, पेट्रोल पंप के अनुसार विस्तृत जानकारी और प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गईं। तेल कंपनियों ने नियंत्रण आदेश के तहत निर्धारित प्रयोगशाला के बजाय किसी तीसरी पार्टी की प्रयोगशाला द्वारा जारी प्रमाणपत्रों पर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार, इन प्रमाणपत्रों में इतनी तकनीकी जानकारी नहीं है कि उनमें बताई गई इथेनॉल की मात्रा की स्वतंत्र रूप से पुष्टि की जा सके। कंपनियों ने यह भी कहा कि, सुरक्षित नमूनों और निर्धारित दस्तावेजों की अनुपलब्धता के कारण वे तथा संबंधित पेट्रोल पंप डीलर दोबारा जांच या सत्यापन की मांग नहीं कर सके।
OMCs ने आगे बताया कि, IS 17021:2018 (अगस्त 2025 का संशोधन संख्या 3) के अनुसार, E20 पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा की जांच निर्धारित तरीकों से की जानी चाहिए। इनमें फूरियर ट्रांसफॉर्म इन्फ्रारेड स्पेक्ट्रोस्कोपी (FTIR), जल निष्कर्षण (Water Extraction) या गैस क्रोमैटोग्राफी (Gas Chromatography) शामिल हैं।कंपनियों के अनुसार, ASTM D4815/D6839 मानकों के तहत गैस क्रोमैटोग्राफी जांच के लिए नमूनों को ऑक्सीजन-मुक्त पेट्रोल के साथ 1:1 के अनुपात में मिलाना आवश्यक है। इसके बाद प्राप्त परिणामों को E10 प्रमाणित संदर्भ सामग्री के आधार पर संशोधित किया जाना चाहिए।
हालांकि, कर्नाटक सरकार द्वारा उद्धृत प्रयोगशाला प्रमाणपत्रों में केवल “गैस क्रोमैटोग्राफी द्वारा इथेनॉल प्रतिशत” का उल्लेख है। इनमें जांच के मानक, नमूने को पतला करने की प्रक्रिया या इस्तेमाल की गई संदर्भ सामग्री की जानकारी नहीं दी गई है।OMCs ने कहा, इन आवश्यक तकनीकी विवरणों के अभाव में 26–31 प्रतिशत एथेनॉल की बताई गई मात्रा को IS 17021 में निर्धारित जांच पद्धति के आधार पर स्वतंत्र रूप से प्रमाणित नहीं किया जा सकता।”तेल विपणन कंपनियों ने कर्नाटक सरकार से पूरी नमूना संग्रह प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज, पेट्रोल पंप के अनुसार प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट और जांच में अपनाई गई पद्धति का पूरा विवरण साझा करने का अनुरोध किया है।


















