बेंगलुरु : कर्नाटक स्टेट ट्रैवल ऑपरेटर्स एसोसिएशन (KSTOA) ने राज्य में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के परीक्षण परिणामों में कथित विसंगतियों की जांच कराने की मांग केंद्र और राज्य सरकार से की है। एसोसिएशन ने राज्य के 63 स्थानों से एकत्र किए गए E20 पेट्रोल के नमूनों की मूल परीक्षण रिपोर्ट और दोबारा की गई जांच के नतीजे सार्वजनिक करने की भी मांग की है। द टेलीग्राफ में प्रकाशित खबर के अनुसार, एसोसिएशन ने इस संबंध में सरकारों को ज्ञापन सौंपा है।
एसोसिएशन ने अपने ज्ञापन में नमूने एकत्र करने की तारीख, परीक्षण की प्रक्रिया और दोनों चरणों में दर्ज किए गए परिणामों का खुलासा करने की मांग की है। उसका कहना है कि राज्य में बेचे जा रहे पेट्रोल में एथेनॉल की वास्तविक मात्रा को लेकर उठ रही चिंताओं को दूर करने के लिए पारदर्शिता जरूरी है।
शुरुआत में तेल कंपनियों द्वारा संचालित प्रयोगशालाओं में पेट्रोल के नमूनों की जांच की गई थी। इसका उद्देश्य यह पता लगाना था कि, पेट्रोल में एथेनॉल का मिश्रण निर्धारित 20 प्रतिशत की सीमा से अधिक तो नहीं है। इसके बाद राज्य सरकार ने नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लेबोरेटरीज (NABL) से मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं में दोबारा परीक्षण की व्यवस्था की। बताया गया है कि इन दोबारा किए गए परीक्षणों में कुछ नमूनों में एथेनॉल की मात्रा 31.2 प्रतिशत तक पाई गई।
KSTOA के अध्यक्ष के. राधाकृष्ण होल्ला ने कहा कि, इस मुद्दे का समाधान राजनीतिक विचारों के बजाय वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर किया जाना चाहिए। एसोसिएशन ने पेट्रोल पंपों पर बेचे जा रहे पेट्रोल में एथेनॉल की सटीक मात्रा प्रमुखता से प्रदर्शित करने की भी मांग की है। इसके अलावा, पेट्रोल पंपों को यह स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि संबंधित ईंधन किन श्रेणियों के वाहनों के लिए उपयुक्त है। ग्राहकों को जरूरी चेतावनी और जानकारी भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
KSTOA ने सरकार से इंजन के प्रदर्शन, वाहन रखरखाव की लागत, वाहनों की टिकाऊ क्षमता और एथेनॉल मिश्रण के पर्यावरणीय प्रभावों पर किए गए स्वतंत्र वैज्ञानिक अध्ययनों को सार्वजनिक करने का आग्रह किया है। एसोसिएशन का कहना है कि वाहन मालिकों को यह जानने का अधिकार है कि अलग-अलग मात्रा में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का उनके वाहनों पर क्या प्रभाव पड़ सकता है।
यह घटनाक्रम कर्नाटक में पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की मात्रा को लेकर जारी बहस के बीच सामने आया है। सोमवार को राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रिजवान अरशद ने कहा था कि उपभोक्ताओं को अपने वाहनों की अनुकूलता के अनुसार E10, E20, E30 और शुद्ध पेट्रोल में से ईंधन चुनने का विकल्प मिलना चाहिए।

















