आपूर्ति में सुधार के साथ 2027 की चौथी तिमाही तक ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 77 डॉलर प्रति बैरल तक गिरने का अनुमान: EIA

वॉशिंगटन : वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की आपूर्ति में सुधार और भंडार दोबारा बढ़ने के साथ वर्ष 2027 की चौथी तिमाही में ब्रेंट क्रूड की औसत कीमत घटकर 77 डॉलर प्रति बैरल तक आ सकती है। अमेरिकी ऊर्जा सूचना प्रशासन (EIA) ने यह अनुमान जताया है। हालांकि, एजेंसी ने चेतावनी दी है कि, समुद्री परिवहन मार्गों में लगातार व्यवधान के कारण तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

EIA ने अपनी नवंबर 2026 की शॉर्ट-टर्म एनर्जी आउटलुक रिपोर्ट में अनुमान लगाया है कि इस वर्ष नवंबर और दिसंबर के दौरान ब्रेंट क्रूड की कीमत लगभग 100 डॉलर प्रति बैरल बनी रह सकती है। इसके बाद मध्य पूर्व में तेल उत्पादन धीरे-धीरे सामान्य होने के साथ 2027 की दूसरी तिमाही में कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ सकती है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

EIA ने कहा, “अगले वर्ष के दौरान वैश्विक तेल भंडार में दोबारा वृद्धि होने के साथ ब्रेंट स्पॉट कीमत धीरे-धीरे घटकर 2027 की चौथी तिमाही में औसतन 77 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने का अनुमान है।” एजेंसी के अनुसार, 2026 की तीसरी तिमाही में वैश्विक तेल भंडार में प्रतिदिन औसतन 12 लाख बैरल की कमी आई थी। हालांकि, अगले वर्ष की पहली छमाही में वैश्विक तेल भंडार में प्रतिदिन 35 लाख बैरल की वृद्धि होने की उम्मीद है।

EIA का अनुमान है कि, ईरान को छोड़कर मध्य पूर्व के अधिकांश देशों का तेल उत्पादन 2027 की दूसरी तिमाही के अंत तक संघर्ष से पहले के स्तर पर लौट आएगा। हालांकि, पूर्वानुमान अवधि के दौरान ईरान के तेल निर्यात पर प्रतिबंध और सीमाएं बने रहने की आशंका है।एजेंसी ने आगाह किया है कि, होर्मुज जलडमरूमध्य और वैकल्पिक समुद्री मार्गों से होने वाली तेल आपूर्ति अब भी व्यवधानों के प्रति संवेदनशील रहेगी। इसके कारण अल्पावधि में तेल की कीमतों में मासिक पूर्वानुमान की तुलना में अधिक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

यह अनुमान ऐसे समय आया है, जब अक्टूबर में ब्रेंट क्रूड की औसत कीमत 124 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी। जुलाई 2022 के बाद यह इसका सबसे ऊंचा स्तर था। वैश्विक तेल भंडार में गिरावट, तेल टैंकरों पर हमलों और सीमित समुद्री परिवहन क्षमता के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई थी। इसके बाद 4 नवंबर को कीमतें गिरकर 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गईं।

वर्ष 2026 में कमजोर मांग के बीच EIA ने 2027 में तेल की मांग में प्रतिदिन औसतन 20 लाख बैरल की वृद्धि का अनुमान लगाया है। तेल आपूर्ति में सुधार और कीमतों में गिरावट से खपत बढ़ने की उम्मीद है। इस बीच, अमेरिका में कच्चे तेल का उत्पादन वर्ष 2027 में बढ़कर रिकॉर्ड 1.43 करोड़ बैरल प्रतिदिन तक पहुंचने का अनुमान है। यह इस वर्ष के अनुमानित 1.39 करोड़ बैरल प्रतिदिन के उत्पादन से 3 प्रतिशत अधिक होगा।

अमेरिका में बढ़ते घरेलू उत्पादन और शुद्ध आयात में वृद्धि से कच्चे तेल के भंडार को दोबारा बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। EIA के अनुमानों से संकेत मिलता है कि, तेल आपूर्ति से जुड़ी बाधाएं कम होने पर अगले वर्ष वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आ सकती है। हालांकि, भू-राजनीतिक तनाव और समुद्री परिवहन से जुड़े जोखिम अब भी बाजार में अनिश्चितता बनाए रख सकते हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here