बिहार : किसानों को मुफ्त गन्ना बीज का मौका, 25 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन; परिवहन खर्च भी उठाएगी सरकार

पटना : बिहार में गन्ने की खेती करने की इच्छुक किसानों के लिए अच्छी खबर है। राज्य के गन्ना उद्योग विभाग ने गन्ने की खेती का विस्तार करने के उद्देश्य से संचालित मुफ्त गन्ना बीज वितरण योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है।अब किसान 25 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ‘जागरण’ में प्रकाशित खबर के मुताबिक, इस योजना के तहत किसानों को उन्नत किस्म के गुणवत्तापूर्ण और रोगमुक्त गन्ने के बीज मुफ्त उपलब्ध कराए जाएंगे। खास बात यह है कि बीज को खेत तक पहुंचाने के लिए होने वाला परिवहन खर्च भी सरकार उठाएगी। इसके अलावा बीज की लोडिंग और अनलोडिंग का खर्च भी राज्य सरकार की ओर से दिया जाएगा। इससे किसानों को गन्ने की खेती शुरू करने में आर्थिक सहायता मिलेगी।

चीनी मिल और गैर-चीनी मिल क्षेत्र के किसानों को मिलेगा लाभ

ChiniMandi WhatsApp Channel

गन्ना उद्योग विभाग की इस योजना का लाभ चीनी मिल संचालित क्षेत्रों के साथ-साथ गैर-चीनी मिल क्षेत्रों के किसानों को भी मिलेगा। चीनी मिल क्षेत्र के ऐसे गांवों के रैयत और गैर-रैयत किसान आवेदन कर सकते हैं, जहां वर्तमान में गन्ने की खेती नहीं होती है और गन्ने का रकबा पांच एकड़ या उससे कम है। ऐसे गांवों को केन केयर पोर्टल पर गन्ना रहित गांव के रूप में चिह्नित किया गया है। वहीं, जिन क्षेत्रों में फिलहाल कोई चीनी मिल संचालित नहीं है, वहां के सभी रैयत और गैर-रैयत किसान इस योजना का लाभ लेने के लिए पात्र होंगे।

0.25 से 2.5 एकड़ तक के लिए मिलेगा मुफ्त बीज

योजना के अंतर्गत किसानों को न्यूनतम 0.25 एकड़ और अधिकतम 2.5 एकड़ भूमि में गन्ने की खेती करने के लिए मुफ्त बीज उपलब्ध कराया जाएगा। बीज के परिवहन, लोडिंग और अनलोडिंग का पूरा खर्च सरकार की ओर से वहन किया जाएगा। विभाग ने पात्र किसानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक किसान इस योजना का लाभ उठा सकें।

केन केयर पोर्टल पर करें आवेदन

इच्छुक किसान केन केयर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 25 नवंबर निर्धारित की गई है। किसानों को अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

Bioenergy Times

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here