ढाका : बांग्लादेश की राजशाही शुगर मिल में 2026-27 का गन्ना पेराई सत्र 13 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। हालांकि, मिल के सामने 1,064 करोड़ टका का भारी संचित घाटा, गन्ने की अपर्याप्त आपूर्ति और उत्पादन लागत में लगातार बढ़ोतरी जैसी चुनौतियां बनी हुई हैं। डेली ऑब्जर्वर की रिपोर्ट के अनुसार, इन परिस्थितियों के बीच मिल नए पेराई सत्र की तैयारी कर रही है। मिल ने चालू सत्र के लिए गन्ने का खरीद मूल्य 11 टका प्रति मन बढ़ाकर 260 टका कर दिया है। पेराई कार्य 60 दिनों तक चलाने की योजना है, जो 13 जनवरी को समाप्त होगा।
मिल की प्रबंध निदेशक मसूमा अख्तर जहां ने बताया कि, लगभग 3,900 अनुबंधित किसानों से मिलने वाले करीब 70,000 टन गन्ने की पेराई कर 3,000 मीट्रिक टन चीनी उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। पर्याप्त गन्ना उपलब्ध कराने के लिए खरीद केंद्र तैयार किए जा रहे हैं। हालांकि, अधिकारियों ने संकेत दिया है कि यदि गन्ने की उपलब्धता पर्याप्त नहीं रही तो निर्धारित समय से पहले ही पेराई बंद करनी पड़ सकती है।
आंतरिक अनुमानों के अनुसार, इस सत्र में चीनी की उत्पादन लागत लगभग 300 टका प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकती है, जबकि सरकार ने चीनी का बिक्री मूल्य 125 टका प्रति किलोग्राम निर्धारित किया है। इससे उत्पादन लागत और नियंत्रित बिक्री मूल्य के बीच बड़ा अंतर बना हुआ है। मिल में पंजीकृत और गैर-पंजीकृत, दोनों तरह के किसानों को गन्ना आपूर्ति करने की अनुमति होगी। हालांकि, पेराई सत्र के दौरान मिल के परिचालन क्षेत्र में स्थानीय मिनी क्रशिंग इकाइयों और गुड़ उत्पादन पर प्रतिबंध जारी रहेगा।
गन्ने की अपर्याप्त उपलब्धता लगातार मिल के उत्पादन प्रदर्शन को प्रभावित करती रही है। 2025-26 के पेराई सत्र में मिल ने 67 दिनों के दौरान 6,930 मीट्रिक टन चीनी उत्पादन का लक्ष्य रखा था। लेकिन गन्ने की कमी के कारण 44 दिनों बाद ही पेराई कार्य रोकना पड़ा और मिल केवल 3,171 मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन कर सकी। वर्ष 2024-25 में मिल का चीनी उत्पादन 3,567 मीट्रिक टन रहा था। इससे पहले 2021 से 2024 के तीन सत्रों में मिल ने कुल 4,537 मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन किया था। इन सत्रों में भी गन्ने की अपर्याप्त आपूर्ति के कारण पेराई कार्य बार-बार निर्धारित समय से पहले बंद करना पड़ा।


















