चंडीगढ़ : भारतीय किसान यूनियन (दोआबा) ने पंजाब सरकार को चेतावनी दी है कि, यदि 18 नवंबर तक गन्ने का बकाया भुगतान नहीं किया गया और किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो पूरे राज्य में आंदोलन शुरू किया जाएगा। किसानों की प्रमुख मांगों में गन्ने के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी भी शामिल है। ‘द ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, यूनियन ने यह चेतावनी दी है। गुरुवार को फगवाड़ा स्थित गुरुद्वारा सुखचैना साहिब में यूनियन की राज्यस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह राय ने की। इसमें गन्ने के लंबित भुगतान, आगामी सीजन के लिए गन्ने के मूल्य और पराली जलाने के मामलों में किसानों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमों पर चर्चा की गई।
यूनियन नेताओं ने बताया कि, फगवाड़ा स्थित गोल्डन संधार शुगर मिल पर वर्ष 2021-22 के सीजन का करीब 27 करोड़ रुपये का भुगतान अब भी बकाया है। उनका आरोप है कि, राणा ग्रुप द्वारा मिल का अधिग्रहण किए जाने के बाद मौजूदा मालिकों ने किसानों का बकाया चुकाने पर सहमति जताई थी, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया है। इसके अलावा, वर्ष 2025-26 के सीजन का 19 करोड़ रुपये का बोनस भी राज्य सरकार के पास लंबित है।
भाकियू ने राज्य सरकार से गन्ने का मौजूदा खरीद मूल्य 416 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 550 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की है। यूनियन का कहना है कि गन्ने की खेती पर करीब 600 रुपये प्रति क्विंटल लागत आती है। उसने सरकार से 18 नवंबर तक नई दर की घोषणा करने की मांग की है। यूनियन ने पराली जलाने के मामलों में किसानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाने पर भी आपत्ति जताई। उसका कहना है कि फसल अवशेषों के प्रबंधन के लिए किसानों के पास पर्याप्त और किफायती विकल्प उपलब्ध नहीं हैं। यूनियन ने ऐसे मामलों में कार्रवाई रोकने की मांग की और किसानों से शांतिपूर्ण तरीके से इसका विरोध करने की अपील की। साथ ही अधिकारियों के खिलाफ हिंसा या बल प्रयोग से बचने की सलाह दी।
भाकियू ने कहा कि, यदि सरकार ने उसकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की, तो 18 नवंबर को इसी गुरुद्वारे में एक और राज्यस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी। इसमें यह भी निर्णय लिया जाएगा कि जालंधर के धनौवाली रेलवे क्रॉसिंग पर 20 नवंबर को संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होना है या नहीं।


















