ढाका: बांग्लादेश सरकार देश के घाटे में चल रहे चीनी उद्योग को लाभदायक क्षेत्र में बदलने के लिए कई पहल कर रही है। जातीय संसद के व्हिप एवं अधिवक्ता एम. रुहुल कुद्दुस तालुकदार दुलु ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।सरकार का उद्देश्य चीनी उद्योग को फिर से मजबूत बनाना और इसकी आर्थिक स्थिति में सुधार करना है। वे नाटोर शुगर मिल्स में गन्ना पेराई कार्यों के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान दुलु ने कहा कि, उद्योग के पुनरुद्धार के लिए सरकार किसानों को गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।
सरकार की प्रमुख पहलों में गन्ने का खरीद मूल्य बढ़ाना, किसानों को प्रोत्साहन देना, उन्नत किस्म के बीज विकसित करना और आधुनिक तकनीकों को अपनाना शामिल है। उन्होंने बताया कि चीनी मिलों को निजी स्वामित्व में सौंपने के पहले के प्रस्ताव पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। इसके बजाय सरकार मिलों के कामकाज में विविधता लाने की योजना बना रही है, ताकि कारखानों को पूरे साल संचालित रखा जा सके।
इस पहल से चीनी उद्योग से जुड़े मौसमी श्रमिकों को पूरे वर्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। चालू पेराई सीजन के लिए नाटोर शुगर मिल्स ने 90,000 टन गन्ने की पेराई और 5,580 टन चीनी उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए अनुमानित चीनी रिकवरी दर 6.2 प्रतिशत रखी गई है। मिल में गन्ना पेराई का कार्य 65 दिनों तक जारी रहने का कार्यक्रम है।


















