तिरुवनंतपुरम: केरलम के नागरिक आपूर्ति विभाग ने राज्यव्यापी जांच अभियान के तहत अलप्पुझा और कासरगोड जिलों के चार पेट्रोल पंपों से पेट्रोल के नमूने एकत्र किए हैं। इस अभियान का उद्देश्य यह जांचना है कि पेट्रोल में एथेनॉल का मिश्रण निर्धारित सीमा के भीतर है या नहीं। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्रवाई उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण ईंधन उपलब्ध कराने के लिए की जा रही है। सोमवार को तेल कंपनियों के अधिकारियों की मौजूदगी में अचानक निरीक्षण किए गए। इससे पहले पिछले सप्ताह विभाग ने चार जिलों के नौ पेट्रोल पंपों से नमूने एकत्र किए थे।
अलप्पुझा जिले में जिला आपूर्ति अधिकारी के नेतृत्व वाली टीम ने दो पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। इनमें अलप्पुझा नगरपालिका क्षेत्र स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) का आउटलेट ‘अलप्पी पेट्रोलियम’ और थ्रिक्कुन्नापुझा पंचायत क्षेत्र में स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) का आउटलेट ‘अंबाडी फ्यूल्स’ शामिल हैं।अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए दोनों पेट्रोल पंपों से पेट्रोल के नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए एर्नाकुलम स्थित क्षेत्रीय रासायनिक परीक्षक प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
राज्य के खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री अनूप जैकब ने कहा कि, इन निरीक्षणों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण ईंधन उपलब्ध कराना और मिलावट सहित अन्य अनियमितताओं को रोकना है। उन्होंने कहा कि, विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि पेट्रोल पंपों पर बेचा जाने वाला पेट्रोल भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो। यदि प्रयोगशाला जांच में एथेनॉल की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पड़ोसी राज्य कर्नाटक के कुछ पेट्रोल पंपों पर एथेनॉल मिश्रण में अनियमितताओं की खबरों के बाद एहतियातन राज्यव्यापी जांच अभियान शुरू करने का आदेश दिया गया था। हालिया निरीक्षण से पहले विभाग तिरुवनंतपुरम, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोझिकोड और कन्नूर जिलों के पेट्रोल पंपों से भी नमूने एकत्र कर चुका है। इन नमूनों को अधिकृत प्रयोगशालाओं में भेज दिया गया है और इनके जांच परिणाम 10 दिनों के भीतर आने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने बताया कि, केरलम में अब तक पेट्रोल में निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल मिश्रण का कोई मामला आधिकारिक रूप से सामने नहीं आया है। पीटीआई के अनुसार, विभाग आने वाले दिनों में राज्य के अलग-अलग जिलों में पेट्रोल पंपों का निरीक्षण जारी रखेगा। इसका उद्देश्य एथेनॉल मिश्रण की निर्धारित सीमा और ईंधन गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।


















