नैरोबी: राष्ट्रपति विलियम रुटो ने गन्ना किसानों के लिए 1.2 अरब केन्याई शिलिंग (Sh) के बोनस पैकेज की घोषणा की है। इस बोनस का भुगतान अगले सप्ताह से शुरू होने की उम्मीद है। सरकार का उद्देश्य है कि चीनी मिलों के पुनरुद्धार से उद्योग को मिल रही मजबूती का लाभ गन्ना उत्पादकों की आमदनी में भी दिखाई दे। द स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के प्रयास कर रही है।
बुधवार को नैरोबी स्थित संसद भवन में अपने चौथे ‘स्टेट ऑफ द नेशन’ संबोधन के दौरान राष्ट्रपति रुटो ने कहा कि, इस बोनस का उद्देश्य गन्ना किसानों को चीनी उद्योग की बेहतर होती आर्थिक स्थिति का लाभ देना है। उन्होंने कहा कि, बोनस भुगतान से सरकार किसानों की आजीविका बहाल करने, उनकी आय बढ़ाने और गन्ना उत्पादक क्षेत्रों में फिर से खुशहाली लाने की अपनी प्रतिबद्धता पूरी करेगी।
चीनी उद्योग के पुनरुद्धार पर सरकार का जोर
यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब केन्या सरकार चीनी उद्योग को फिर से मजबूत बनाने और गन्ना उत्पादकों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए प्रयास तेज कर रही है। हालांकि, राष्ट्रपति रुटो ने 1.2 अरब शिलिंग के बोनस को किसानों के बीच किस आधार पर वितरित किया जाएगा, इसकी विस्तृत जानकारी नहीं दी। साथ ही, इस पैकेज के दायरे में आने वाले गन्ना उत्पादक क्षेत्रों के नाम भी स्पष्ट नहीं किए गए हैं।

















