साओ पाउलो : ब्राजील से अक्टूबर 2026 में वेरी हाई पोलराइजेशन (VHP) चीनी का निर्यात सालाना आधार पर 23 प्रतिशत घटकर 28 लाख मीट्रिक टन रह गया। खासतौर पर एशियाई बाजारों में भौतिक मांग कमजोर रहने से निर्यात पर असर पड़ा। इसके विपरीत, यूरोपीय संघ और फिलीपींस से मजबूत मांग के चलते एथेनॉल का निर्यात 133 प्रतिशत बढ़कर 2.23 लाख घन मीटर हो गई। इटाऊ बीबीए की नवंबर में जारी कृषि व्यवसाय निर्यात रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। VHP चीनी ब्राजील में उत्पादित उच्च शुद्धता वाली कच्ची गन्ना चीनी है, जिसका मुख्य रूप से निर्यात और औद्योगिक रिफाइनिंग में इस्तेमाल किया जाता है।
अक्टूबर में चीन की ओर से ब्राजील की VHP चीनी की खरीद में भारी गिरावट आई। चीन ने इस महीने केवल 36 हजार मीट्रिक टन चीनी खरीदी, जबकि पिछले साल अक्टूबर में यह आंकड़ा 6.19 लाख मीट्रिक टन था। इंडोनेशिया और यूरोपीय संघ को कम निर्यात होने से भी कुल शिपमेंट में गिरावट आई। जनवरी से अक्टूबर 2026 के दौरान ब्राजील का VHP चीनी निर्यात कुल 2.06 करोड़ मीट्रिक टन रहा, जो 2025 की समान अवधि की तुलना में 14 प्रतिशत कम है। सऊदी अरब, नाइजीरिया और ओमान की ओर से बढ़ी खरीद के बावजूद प्रमुख बाजारों में कमजोर मांग की भरपाई नहीं हो सकी।
अक्टूबर में चीनी का औसत निर्यात मूल्य सालाना आधार पर 6.9 प्रतिशत गिरकर 358 डॉलर प्रति मीट्रिक टन रह गया। सीमित मांग के कारण अंतरराष्ट्रीय भौतिक बाजार में ब्राजील की चीनी कम कीमत पर बिकती रही। रिफाइंड चीनी के निर्यात में भी गिरावट दर्ज की गई। अक्टूबर में इसका निर्यात 14 प्रतिशत घटकर 4.79 लाख मीट्रिक टन रह गया। जनवरी से अक्टूबर के दौरान रिफाइंड चीनी का कुल निर्यात 32.6 लाख मीट्रिक टन रहा, जो पिछले साल की समान अवधि से 6.6 प्रतिशत कम है। बेनिन, घाना और दक्षिण अफ्रीका को अधिक निर्यात होने से सेनेगल को कम हुई आपूर्ति के असर को कुछ हद तक कम किया जा सका।
दूसरी ओर, ब्राजील का एथेनॉल निर्यात अक्टूबर में दोगुने से अधिक बढ़कर 2.23 लाख घन मीटर हो गया, जबकि पिछले साल इसी महीने यह 96 हजार घन मीटर था। यूरोपीय संघ और फिलीपींस की ओर से बढ़ी मांग ने इस तेजी को समर्थन दिया। हालांकि, जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच इथेनॉल का कुल निर्यात पिछले साल के स्तर से नीचे रहा। इस अवधि में 12.36 लाख घन मीटर इथेनॉल का निर्यात हुआ, जो पिछले साल के 13.66 लाख घन मीटर के मुकाबले 9.5 प्रतिशत कम है। अक्टूबर में एथेनॉल निर्यात से 12.1 करोड़ डॉलर का राजस्व प्राप्त हुआ। इस दौरान एथेनॉल का औसत निर्यात मूल्य 543.30 डॉलर प्रति घन मीटर रहा, जो सालाना आधार पर करीब 9 प्रतिशत कम है। इटाऊ बीबीए के अनुसार, ब्राजील में घरेलू खपत एथेनॉल की कीमतों को सबसे बड़ा सहारा दे रही है। हाइड्रस एथेनॉल की रिकॉर्ड खपत और बारिश के मौसम में गन्ने से बनने वाले इथेनॉल की कम उपलब्धता जैसे कारकों ने घरेलू बाजार को मजबूती दी है।


















