नई दिल्ली: अल नीनो के प्रभाव से सूखे की स्थिति का सामना कर रहे द्वीपीय देश फिजी के चीनी उद्योग को भारत सहायता देने के लिए तैयार है। भारत के उच्चायुक्त सुनीत मेहता ने फिजी शुगर कॉर्पोरेशन (FSC) को कृषि ड्रोन उपलब्ध कराने सहित कृषि क्षेत्र में सहयोग का उल्लेख किया। फिजी सन की रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने फिजी को हरसंभव सहायता देने की तत्परता जताई है।
मेहता का यह बयान बुधवार को फिजी के प्रधानमंत्री सिटिवेनी राबुका द्वारा लंबे समय से जारी सूखे के मद्देनजर प्राकृतिक आपदा घोषित किए जाने के बाद आया। गुरुवार को सुवा में फिजी सन से बातचीत करते हुए भारतीय उच्चायुक्त ने कहा कि, अल नीनो के प्रभाव से निपटने के लिए नई दिल्ली फिजी को उसकी जरूरत के अनुसार हरसंभव मदद देने को तैयार है।
उन्होंने कहा कि, मौसम की इस स्थिति से फसलों की पैदावार और किसानों की आजीविका प्रभावित हो सकती है। मेहता ने भरोसा दिलाया कि, भारत फिजी को अपना सहयोग जारी रखेगा। हालांकि, उन्होंने किसी विशेष सहायता पैकेज की घोषणा नहीं की और न ही यह पुष्टि की कि फिजी ने औपचारिक रूप से भारत से मदद मांगी है।
भारत ने कृषि क्षेत्र में जारी सहयोग के तहत कुछ महीने पहले फिजी शुगर कॉर्पोरेशन को 12 कृषि ड्रोन उपलब्ध कराए थे। इन ड्रोन के संचालन के लिए 22 ऑपरेटरों का प्रशिक्षण आने वाले दिनों में पूरा होने की उम्मीद है। मेहता के अनुसार, इस पहल से फिजी में पहली बार कृषि छिड़काव तकनीक की शुरुआत होने की संभावना है। इससे कृषि कार्यों को अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।


















