इस्लामाबाद : पाकिस्तान की आर्थिक समन्वय समिति (ईसीसी) ने देश में चीनी के बढ़ते अतिरिक्त स्टॉक और चीनी मिलों पर बढ़ते वित्तीय दबाव के बीच 4.16 लाख मीट्रिक टन चीनी के निर्यात को मंजूरी दे दी है। इसमें सिंध प्रांत के लिए आवंटित अतिरिक्त 16 हजार टन चीनी भी शामिल है। वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। इससे पहले कैबिनेट की चीनी निर्यात समिति ने निर्यात की सिफारिश की थी। हालांकि, द न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त मंत्रालय ने अपनी आधिकारिक घोषणा में निर्यात की स्वीकृत मात्रा का खुलासा नहीं किया।
पिछले चार महीनों में यह तीसरी बार है, जब पाकिस्तान सरकार ने चीनी निर्यात को मंजूरी दी है। इस फैसले के बाद चालू सीजन में निर्यात के लिए स्वीकृत चीनी की कुल मात्रा बढ़कर 7.24 लाख टन हो गई है। इससे पहले सरकार ने अगस्त में आयातित चीनी के 1.08 लाख टन और सितंबर में स्थानीय स्तर पर उत्पादित चीनी के 2 लाख टन के निर्यात को मंजूरी दी थी। यह ताजा मंजूरी ऐसे समय में आई है, जब राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं अनुसंधान मंत्रालय ने 18 नवंबर को 6 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। पाकिस्तान शुगर मिल्स एसोसिएशन (पीएसएमए) फरवरी 2026 से ही 10 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति मांग रही थी। एसोसिएशन का कहना था कि मिलों के गोदामों में बड़ी मात्रा में चीनी बिना बिके पड़ी हुई है।
पंजाब में पेराई शुरू होने में देरी से किसान चिंतित
दूसरी ओर, चीनी मिलों में पेराई कार्य शुरू होने में देरी के कारण पंजाब के किसानों की चिंता बढ़ गई है। 18 नवंबर तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सरकारी निर्देशों के बावजूद प्रांत की 47 चीनी मिलों में से केवल एक मिल ने नियमित रूप से पेराई शुरू की थी। किसानों का आरोप है कि पेराई में देरी के कारण खेतों में खड़े गन्ने का वजन और उसकी कीमत घट रही है। इसके अलावा, गेहूं की समय पर बुवाई भी प्रभावित होने का खतरा है। किसानों के अनुसार, फिलहाल गन्ना खरीद रही एकमात्र मिल 350 पाकिस्तानी रुपये प्रति मन से भी कम कीमत दे रही थी। यह कीमत किसानों की उत्पादन लागत से नीचे बताई जा रही है।
गोदामों में 13 लाख टन अतिरिक्त चीनी का अनुमान
पीएसएमए के निवर्तमान अध्यक्ष चौधरी जका अशरफ ने हाल ही में अनुमान जताया था कि, पाकिस्तान के गोदामों में लगभग 13 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त चीनी का स्टॉक मौजूद है। इस विवाद ने चीनी और गन्ने के नियमन को लेकर पाकिस्तान में केंद्र और प्रांतीय सरकारों के बीच जिम्मेदारियों के बंटवारे का मुद्दा भी सामने ला दिया है। पाकिस्तान में चीनी का नियमन संघीय सरकार के अधीन है, जबकि गन्ने से संबंधित अधिकार प्रांतीय सरकारों के पास हैं।

















