नई दिल्ली : भारत को 2026-27 सीजन में घरेलू चीनी भंडार को फिर से भरने के लिए लगभग 25 से 35 लाख टन चीनी का आयात करना पड़ सकता है। इसकी वजह आगामी सीजन में चीनी उत्पादन का अनुमानित घरेलू खपत से कम रहने की आशंका है। डोलट कैपिटल की एक रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, 2026-27 सीजन में भारत का चीनी उत्पादन घटकर लगभग 270 लाख टन रह सकता है, जबकि घरेलू खपत 285 से 290 लाख टन रहने का अनुमान है।
पिछले सीजन में उम्मीद से कम उत्पादन के कारण सीजन की शुरुआत में चीनी का शुरुआती स्टॉक भी लगभग 36 लाख टन रहने का अनुमान है। इससे घरेलू बाजार में आपूर्ति की स्थिति और सख्त होने की आशंका है। रिपोर्ट के मुताबिक, सीजन के अंत तक चीनी का क्लोजिंग स्टॉक घटकर लगभग 16 लाख टन रह सकता है। घरेलू उपलब्धता बनाए रखने और भंडार को दोबारा बढ़ाने के लिए आयात की जरूरत पड़ सकती है।
रिपोर्ट में कहा गया है, “लगभग 285 से 290 लाख टन की अनुमानित घरेलू खपत के मुकाबले सीजन का अंतिम स्टॉक घटकर करीब 16 लाख टन रह सकता है। ऐसे में भंडार की भरपाई के लिए लगभग 25 से 35 लाख टन चीनी आयात करने की जरूरत पड़ सकती है।” महाराष्ट्र और कर्नाटक में मौसम संबंधी अनिश्चितताओं के कारण चीनी उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है, जबकि उत्तर प्रदेश में उत्पादन अपेक्षाकृत स्थिर रहने का अनुमान है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि, आपूर्ति कम रहने की आशंका का असर घरेलू चीनी कीमतों पर पहले से दिखाई देने लगा है। फिलहाल एक्स-मिल कीमतें लगभग 49 से 51 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच हैं। वहीं, थोक बाजार में कीमतें 54 से 55 रुपये प्रति किलोग्राम और संस्थागत खरीदारों के लिए लगभग 58 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर हैं। रिपोर्ट में प्रबंधन की ओर से साझा की गई टिप्पणियों के आधार पर निकट अवधि में चीनी कीमतों पर कुछ दबाव की संभावना जताई गई है। हालांकि, अगले एक-दो तिमाहियों में मौजूदा कीमतों के मोटे तौर पर टिके रहने की उम्मीद है।
सरकार के नीतिगत फैसले और चीनी आयात की वास्तविक मात्रा घरेलू बाजार में कीमतों की दिशा तय करने वाले महत्वपूर्ण कारक होंगे। रिपोर्ट के अनुसार, एथेनॉल उत्पादन में गन्ने के रस/सिरप और बी-हैवी शीरे के इस्तेमाल पर लगी पाबंदियों के कारण चीनी मिलों के लिए गन्ने को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ने का प्रोत्साहन कम हुआ है। इससे बाजार में चीनी की उपलब्धता को समर्थन मिला है। मौजूदा कीमतों पर चीनी उत्पादन, गन्ने के रस से इथेनॉल बनाने की तुलना में अधिक लाभकारी है। इसके चलते चीनी मिलें एथेनॉल के बजाय चीनी उत्पादन को प्राथमिकता दे रही हैं।
हालांकि, फीडस्टॉक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध, मक्का आधारित एथेनॉल के खरीद मूल्य में कमी और ऊंची इनपुट लागत के कारण एथेनॉल कारोबार के मार्जिन पर दबाव बना हुआ है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि, चीनी की बेहतर कीमतों से निकट अवधि में चीनी मिलों की लाभप्रदता को सहारा मिलने की उम्मीद है। इससे डिस्टिलरी कारोबार के कमजोर मार्जिन के प्रभाव को कुछ हद तक कम किया जा सकेगा।

















