मनिला : फिलीपींस के शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन (SRA) ने वर्ष 2026-27 के गन्ना पेराई सीजन के लिए स्थानीय स्तर पर उत्पादित कच्ची चीनी की स्वैच्छिक खरीद योजना शुरू की है। इस योजना में भाग लेने वालों को भविष्य में सरकार की ओर से चलाई जाने वाली चीनी आयात योजनाओं में प्राथमिकता दी जाएगी। ‘मनीला बुलेटिन’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य घरेलू चीनी उद्योग को समर्थन देना है। 18 नवंबर को जारी शुगर ऑर्डर नंबर-2 के तहत पात्र किसान, चीनी मिलें, निर्माता, पेय पदार्थ उत्पादक और लाइसेंस प्राप्त चीनी व्यापारी प्रीमियम कीमत पर कच्ची चीनी खरीद सकेंगे। इस योजना के तहत खरीदी गई चीनी को अधिकतम 90 दिनों तक ‘सी’ श्रेणी यानी आरक्षित चीनी के रूप में रखा जाएगा। हालांकि, घरेलू उपयोग के लिए श्रेणी बदलने की अनुमति मिलने पर इसमें बदलाव किया जा सकता है।
चीनी आयात में मिलेगा खरीद के आधार पर हिस्सा
योजना के तहत भविष्य में होने वाले कुल चीनी आयात का 75 प्रतिशत हिस्सा उन प्रतिभागियों को आवंटित किया जाएगा, जो किसानों के हिस्से की कच्ची चीनी खरीदेंगे। वहीं, शेष 25 प्रतिशत हिस्सा उन प्रतिभागियों को मिलेगा, जो चीनी मिलों के हिस्से की चीनी खरीदेंगे। वर्ष 2025-26 के दौरान पहले की योजनाओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्राथमिकता दी जाएगी। SRA के अनुसार, इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाना, खुदरा बाजार में चीनी की कीमतों को स्थिर रखना और उत्पादन के व्यस्त महीनों में घरेलू बाजार में चीनी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करना है। फिलीपींस यदि अमेरिका के लिए निर्धारित चीनी निर्यात कोटे को पूरा करने का फैसला करता है, तो इस योजना के तहत खरीदी गई चीनी को ही निर्यात के लिए पात्र माना जाएगा।
2026-27 में चीनी उत्पादन 10 प्रतिशत घटने का अनुमान
फिलीपींस में वर्ष 2026-27 के दौरान चीनी उत्पादन में पिछले साल की तुलना में 10 प्रतिशत की गिरावट आने का अनुमान है। इसके चलते कुल उत्पादन घटकर 16.6 लाख टन रहने की संभावना है। रिपोर्ट के मुताबिक, गन्ने की फसल में रेड-स्ट्राइप्ड सॉफ्ट स्केल नामक कीट के प्रकोप और प्रतिकूल मौसम संबंधी जोखिमों के कारण उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। फिलीपींस को अमेरिका में 1,54,386 टन चीनी निर्यात करने का कोटा मिला हुआ है। हालांकि, फिलीपींस का शुगर रेगुलेटरी एडमिनिस्ट्रेशन ने अभी तक यह फैसला नहीं किया है कि वह इस निर्यात कोटे को पूरा करेगा या नहीं।


















