कुरुक्षेत्र में चीनी मिल के पेराई सत्र के शुभारंभ पर हंगामा, किसानों और पुलिस के बीच झड़प; कई किसान हिरासत में

कुरुक्षेत्र (हरियाणा): हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद स्थित चीनी मिल में मंगलवार को पेराई सत्र के शुभारंभ के दौरान जमकर हंगामा हुआ। ‘जागरण’ में प्रकाशित खबर के अनुसार, इस दौरान प्रदर्शन कर रहे किसानों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। पुलिस ने कुछ किसान नेताओं सहित कई किसानों को हिरासत में ले लिया। किसानों ने पुलिस पर बदसलूकी और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ करने के लिए कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा और कृष्ण बेदी को शाहाबाद पहुंचना था। हालांकि, सोमवार रात से ही किसानों के विरोध और पेराई सत्र शुरू नहीं होने देने की चेतावनी के चलते दोनों मंत्री कार्यक्रम में शामिल होने नहीं पहुंचे।

इसके बाद मंत्रियों ने ऑनलाइन माध्यम से चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ करने की प्रक्रिया शुरू की। इसकी जानकारी मिलते ही मिल के बाहर धरने पर बैठे किसान अंदर पहुंच गए और कार्यक्रम का विरोध करने लगे।मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने किसानों को रोकने की कोशिश की। किसानों का आरोप है कि वे शांतिपूर्वक विरोध जता रहे थे, लेकिन पुलिस ने उनके साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की। इस दौरान पुलिस ने कुछ किसान नेताओं को हिरासत में भी ले लिया।

ChiniMandi WhatsApp Channel

मंत्रियों और सरकार के विरोध की पहले ही दी थी चेतावनी

भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के प्रेस प्रवक्ता राकेश बैंस ने बताया कि सोमवार रात को किसानों और प्रशासन के बीच बैठक हुई थी। बैठक में किसानों ने स्पष्ट कर दिया था कि उन्हें चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू होने से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन वे सरकार और मंत्रियों का विरोध करेंगे।उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को भरोसे में लिए बिना ऑनलाइन माध्यम से पेराई सत्र का शुभारंभ कराने की कोशिश की गई। जब किसानों को इसकी जानकारी मिली तो वे मिल परिसर में पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने लगे। राकेश बैंस के अनुसार, पुलिस ने किसानों के साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें जबरन मिल परिसर से बाहर कर दिया। इस दौरान कुछ किसानों को हिरासत में भी लिया गया।

एसएचओ पर कपड़े फाड़ने का आरोप, माफी की मांग

किसान नेता राकेश बैंस ने पुलिस के एक एसएचओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान किसानों के कपड़े तक फाड़ दिए गए। उन्होंने मांग की कि संबंधित एसएचओ किसानों के बीच आकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। बैंस ने चेतावनी दी कि यदि एसएचओ ने माफी नहीं मांगी तो इस पूरे मामले को किसान पंचायत में उठाया जाएगा।फिलहाल, शाहाबाद चीनी मिल में पेराई सत्र के शुभारंभ को लेकर किसानों और प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here