नैरोबी: केन्या शुगर बोर्ड (KSB) की चुनाव समिति ने देशभर के गन्ना उत्पादकों द्वारा चुने गए पांच प्रतिनिधियों के नामों की घोषणा की है। ये प्रतिनिधि तीन वर्ष के कार्यकाल के लिए बोर्ड में अपनी सेवाएं देंगे। निर्वाचित प्रतिनिधियों में कोस्टल कैचमेंट क्षेत्र से मार्टिन नदुंडा किमेउ, सेंट्रल क्षेत्र से सैमुअल ओन्यांगो ओंगो, सदर्न क्षेत्र से पीटर ओटिएनो मिडोडो, अपर वेस्टर्न क्षेत्र से जेम्स मुटेले वेइंडाबा और लोअर वेस्टर्न क्षेत्र से जेनेट बारासा अटारो शामिल हैं।
चुनाव 24 नवंबर को आयोजित किए गए थे। इसमें पंजीकृत 1,08,372 पात्र गन्ना उत्पादकों में से 43.9 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पांच कैचमेंट क्षेत्रों में कुल 18 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।चुनाव समिति के अध्यक्ष हारुन काटोर ने बताया कि, निर्वाचित प्रतिनिधियों के नाम कृषि एवं पशुधन विकास मंत्री (कैबिनेट सचिव) को भेज दिए गए हैं, ताकि केन्या शुगर बोर्ड के निदेशकों के रूप में उनकी नियुक्ति की आधिकारिक राजपत्र में अधिसूचना जारी की जा सके।
बोर्ड से शुगर एक्ट के कार्यान्वयन की निगरानी करने, चीनी उद्योग में सुधारों को आगे बढ़ाने और चीनी मिलों के प्रदर्शन पर नजर रखने की अपेक्षा है। इसके अलावा, बोर्ड का विशेष ध्यान किसानों को समय पर गन्ने का भुगतान सुनिश्चित करने, गन्ने के खेती क्षेत्र का विस्तार करने, चीनी उत्पादन बढ़ाने तथा उद्योग की उत्पादकता और टिकाऊ विकास में सुधार लाने पर रहेगा।

















