कर्नाटक : गन्ना किसानों की SAP घोषित करने की मांग; प्रति टन 1,000 रुपये अतिरिक्त सहायता देने की मांग को लेकर प्रदर्शन

बेलगावी : कर्नाटक में गन्ना किसानों ने राज्य सलाहकार मूल्य (SAP) घोषित करने, गन्ना नियंत्रण बोर्ड का गठन करने और राज्य सरकार की ओर से प्रति टन 1,000 रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर बुधवार को बेलगावी में जिलाधिकारी कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, किसानों ने आगामी विधानसभा शीतकालीन सत्र में इन मांगों पर ठोस निर्णय लेने की मांग की है। यह प्रदर्शन कर्नाटक राज्य रायथा संघ, हसिरू सेना और रैयतरा क्षेमाभिवृद्धि संघ के सदस्यों की ओर से आयोजित किया गया था। किसानों का कहना है कि गन्ना उत्पादक लगातार आंदोलन कर रहे हैं, इसके बावजूद राज्य सरकार ने अब तक गन्ने का राज्य सलाहकार मूल्य घोषित नहीं किया है।

किसानों ने मांग की कि सुवर्ण विधान सौध में होने वाले आगामी विधानसभा शीतकालीन सत्र के दौरान प्रति टन 1,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता की घोषणा की जाए। साथ ही, विधानसभा सत्र में किसानों की समस्याओं और मांगों पर चर्चा के लिए एक दिन अलग से निर्धारित किया जाए।प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसके अलावा विधानसभा सत्र के दौरान उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार से मुलाकात का समय देने की मांग भी की, ताकि किसानों की समस्याएं और मांगें सीधे उनके सामने रखी जा सकें।

ChiniMandi WhatsApp Channel

मिलों द्वारा घोषित दर के ऊपर एसएपी देने की मांग

किसानों ने बताया कि राज्य की चीनी मिलों ने गन्ने की पहली किस्त के रूप में प्रति टन 3,720 रुपये से 4,000 रुपये तक के भाव घोषित किए हैं। किसानों की मांग है कि, सरकार द्वारा घोषित राज्य सलाहकार मूल्य (SAP) इन मिलों के घोषित दरों के अतिरिक्त दिया जाए। यानी एसएपी के नाम पर किसानों को मिलों की ओर से घोषित भुगतान में कटौती नहीं होनी चाहिए।

विधानसभा सत्र के दौरान किसानों के लिए आवास की व्यवस्था हो

किसानों ने कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में किसान आंदोलन में शामिल होने के लिए बेलगावी पहुंचेंगे। ऐसे में उनके रहने और ठहरने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए।उन्होंने किसी विशेष किसान संगठन या समूह को प्राथमिकता देने का विरोध करते हुए सभी किसान संगठनों और किसानों के साथ समान व्यवहार करने की मांग की।

धान किसानों के लिए भी अतिरिक्त सुविधाओं की मांग

गन्ना किसानों की अन्य मांगों में उत्तरी कर्नाटक के धान उत्पादकों को दक्षिणी क्षेत्र के किसानों के समान खेती अनुदान उपलब्ध कराना शामिल है। इसके अलावा किसानों ने मांग की कि सरकार की ओर से घोषित सहायता राशि अग्रिम रूप से सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जाए, ताकि उन्हें समय पर आर्थिक मदद मिल सके।इस प्रदर्शन में कर्नाटक राज्य रैयत संघ के प्रदेश अध्यक्ष गणपति इलिगेर, जिला अध्यक्ष सुरेश परगन्नवर, राजू मारवे सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।अब किसानों की निगाहें विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र पर टिकी हैं। देखना होगा कि राज्य सरकार एसएपी, प्रति टन 1,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता और गन्ना नियंत्रण बोर्ड के गठन को लेकर क्या निर्णय लेती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here