कोल्हापुर: गन्ने की ढुलाई करने वाले वाहनों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जेके इंडिया ई-एग्रीटेक ने विशेष सुरक्षा अभियान चलाया। इसके तहत लोकनेते सदाशिवराव मंडलिक कागल तालुका सहकारी चीनी मिल और कल्लाप्पाण्णा आवाडे जवाहर किसान सहकारी चीनी मिल परिसर में गन्ना परिवहन करने वाले वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए गए।
गन्ने की ढुलाई में इस्तेमाल होने वाले कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पीछे रिफ्लेक्टर नहीं होते हैं। ऐसे में रात के समय अन्य वाहन चालकों को इन वाहनों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए जेके इंडिया ई-एग्रीटेक की ओर से यह महत्वपूर्ण पहल की गई।
वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील
लोकनेते सदाशिवराव मंडलिक चीनी मिल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मिल के संचालक वीरेंद्र मंडलिक, कार्यकारी संचालक एन. वाय. पाटील, जेके इंडिया ई-एग्रीटेक के पारस पाटील और अक्षय पाटील सहित मिल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।इस अवसर पर संचालक वीरेंद्र मंडलिक ने कहा कि, गन्ना परिवहन करने वाले वाहनों का नियमित रखरखाव करना बेहद जरूरी है, ताकि वाहन में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटना न हो। उन्होंने वाहन चालकों से ट्रैक्टर की गति नियंत्रित रखने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
‘जवाहर’ चीनी मिल परिसर में भी चलाया गया अभियान
कल्लाप्पाण्णा आवाडे जवाहर किसान सहकारी चीनी मिल परिसर में भी रिफ्लेक्टर लगाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मिल के उपाध्यक्ष बाबासो चौगुले, कृषि अधिकारी कांबळे सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।इस दौरान दोनों चीनी मिलों में ‘चीनीमंडी’ समाचार पत्र के अंकों का भी वितरण किया गया।जेके इंडिया ई-एग्रीटेक की इस पहल से गन्ना परिवहन के दौरान रात में होने वाली संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है।


















