लखीमपुर : बेलरायां वन रेंज क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। बीती रात हाथियों के झुंड ने बथुआ गांव के प्रधान पुरवा निवासी किसान रामदयाल के खेत में घुसकर करीब पांच बीघा गन्ने की फसल को रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फसल नष्ट होने के बाद उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करने का संकट खड़ा हो गया है।
सुबह जब किसान खेत पहुंचे तो गन्ने की फसल टूटी और बिखरी हुई मिली। क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। हाथियों के डर से शाम होते ही लोग अपने घरों में रहने को मजबूर हैं। वहीं, फसलों की सुरक्षा के लिए ग्रामीण रातभर जागकर ढोल बजाते हैं और हाथियों को खेतों से दूर भगाने का प्रयास करते हैं।ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और हाथियों के हमले में नष्ट हुई फसल का आकलन कर प्रभावित किसान को जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की है।


















