महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला! सहकारी चीनी मिलों के NCDC कर्ज पर सख्ती, अब अधिकतम 100 करोड़ रुपये ही मिलेंगे

मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने सहकारी चीनी मिलों को राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (NCDC) के माध्यम से दिए जाने वाले कर्ज के नियमों को और सख्त कर दिया है। राज्य के सहकारिता विभाग ने 27 नवंबर को जारी शुद्धिपत्र के जरिए कर्ज की अधिकतम सीमा 100 करोड़ रुपये तय की है। इसके साथ ही कर्ज लेने वाली चीनी मिलों के लिए पात्रता, आर्थिक स्थिति और भुगतान से जुड़े नियमों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं।सरकार के अनुसार, इस योजना के तहत अब तक राज्य की 36 सहकारी चीनी मिलों को 41 कर्ज प्रकरणों के माध्यम से कुल 5,488.84 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। यह कर्ज कार्यशील पूंजी और पूंजीगत खर्च के लिए राज्य सरकार के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है।

सहकारिता विभाग ने स्पष्ट किया है कि, कई चीनी मिलों से मूलधन और ब्याज की वसूली संतोषजनक नहीं रही है। कुछ मिलों ने अपनी कर्ज चुकाने की क्षमता का आकलन किए बिना ही बड़ी रकम के लिए आवेदन किया। वहीं, NCDC को निर्धारित समय पर किस्त चुकाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। ऐसे में मिलों की ओर से भुगतान में देरी होने पर सरकारी निधि फंसने के साथ राज्य पर आर्थिक बोझ भी बढ़ता है।चीनी आयुक्त के प्रस्ताव के आधार पर सरकार ने कर्ज वितरण और वसूली के नियमों में बदलाव किया है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

100 करोड़ रुपये होगी कर्ज की अधिकतम सीमा

नए नियमों के अनुसार, किसी भी सहकारी चीनी मिल को दो में से जो राशि कम होगी, उतना ही कर्ज दिया जाएगा। इसमें पहला, मिल की स्थायी संपत्ति कवरेज अनुपात (FACR) के आधार पर मिलने वाली पात्र राशि और दूसरा, अधिकतम 100 करोड़ रुपये की सीमा शामिल है।कर्ज के लिए FACR कम से कम 1:1.5 होना अनिवार्य है। इसमें भविष्य में स्थायी संपत्तियों के बढ़ने की संभावित राशि को शामिल नहीं किया जाएगा।

इसके अलावा, मिल का औसत ऋण सेवा कवरेज अनुपात (DSCR) कम से कम 1.33 होना चाहिए। इसे चार्टर्ड अकाउंटेंट से प्रमाणित कराना अनिवार्य होगा। अगले वर्षों के लिए अनुमानित DSCR के आंकड़े पिछले तीन वित्तीय वर्षों के वास्तविक आंकड़ों के अनुरूप होने चाहिए। इनमें असामान्य अंतर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

50 करोड़ से अधिक घाटे वाली मिलों को कर्ज नहीं

जिन चीनी मिलों को पिछले और चालू वित्तीय वर्ष में मिलाकर 50 करोड़ रुपये से अधिक का संचित घाटा हुआ है, वे इस योजना के तहत कर्ज लेने के लिए पात्र नहीं होंगी।इसकी स्वतंत्र जांच चीनी आयुक्तालय सरकारी लेखा परीक्षकों के माध्यम से करेगा। स्थायी संपत्तियों का पुनर्मूल्यांकन तभी मान्य होगा, जब वह आवेदन से दो वर्ष पहले की ऑडिट की गई बैलेंस शीट में दर्ज हो। वहीं, श्रेणी-2 की जमीन का मूल्यांकन उसके वास्तविक मूल्य के 50 प्रतिशत के आधार पर किया जाएगा।

चीनी और एथेनॉल की बिक्री से होगी कर्ज की वसूली

सरकार ने कर्ज की नियमित वसूली सुनिश्चित करने के लिए चीनी और एथेनॉल की बिक्री पर भी नियंत्रण संबंधी प्रावधान किए हैं।नए नियमों के अनुसार, मिल द्वारा बेची जाने वाली प्रत्येक क्विंटल चीनी या प्रत्येक लीटर एथेनॉल पर कम से कम 250 रुपये की राशि कर्ज की किस्त के रूप में निर्धारित की जाएगी। इसके अतिरिक्त सरकार की अन्य देनदारियों के लिए प्रति क्विंटल या प्रति लीटर 25 अथवा 50 रुपये की अतिरिक्त राशि भी निर्धारित की जाएगी।

प्रत्येक कर्ज लेने वाली मिल को राष्ट्रीयकृत बैंक में संयुक्त बचत खाता खोलना होगा। इस खाते का संचालन मिल के कार्यकारी संचालक और क्षेत्रीय सहसंचालक (चीनी) के संयुक्त नियंत्रण में रहेगा।चीनी या एथेनॉल को मिल परिसर से बाहर भेजने की अनुमति तभी मिलेगी, जब संबंधित अधिकारी यह प्रमाणित करेंगे कि निर्धारित राशि संयुक्त खाते में जमा हो गई है। सह-विद्युत उत्पादन (को-जनरेशन) परियोजनाओं से बिजली बेचकर मिलने वाली रकम भी सीधे इसी संयुक्त खाते में जमा करनी होगी।

दोबारा कर्ज लेने से पहले पुराना बकाया चुकाना अनिवार्य

सरकार ने कुछ नए प्रतिबंध भी लागू किए हैं। पहले इस योजना के तहत कर्ज ले चुकी मिलों को दोबारा आवेदन करने से पहले अपनी सभी पुरानी देनदारियां चुकानी होंगी।कर्ज लेने वाली मिलें राज्य सरकार की अनुमति और NCDC की सिफारिश के बिना कोई नई परियोजना शुरू नहीं कर सकेंगी और न ही स्थायी संपत्तियों में नया निवेश कर सकेंगी। इसके अलावा, मिल के प्रबंधन में किसी भी तरह का बदलाव होने पर तत्काल सरकार को इसकी जानकारी देना अनिवार्य होगा।केंद्र या राज्य सरकार से मिलने वाली किसी भी प्रकार की अनुदान राशि का उपयोग तब तक कर्ज चुकाने के लिए करना होगा, जब तक पूरा कर्ज अदा नहीं हो जाता। इस शर्त का उल्लंघन वित्तीय अनियमितता माना जाएगा।

DSCR एक से नीचे आने पर अतिरिक्त गारंटी देनी होगी

यदि किसी चीनी मिल का DSCR एक से नीचे चला जाता है, तो उसे कर्ज की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त गारंटी देनी होगी।इसके तहत मिल के चेयरमैन और सभी संचालक मंडल सदस्यों की व्यक्तिगत गारंटी, मिल की संपूर्ण संपत्ति का राज्य सरकार के नाम पर बंधक, एस्क्रो खाते के माध्यम से वसूली या भविष्य की तारीख वाले चेक जैसे विकल्प शामिल किए गए हैं।

नियम तोड़ने पर पूरा कर्ज ब्याज सहित वसूला जाएगा

राज्य सरकार और NCDC को नए नियमों के तहत किसी भी शर्त का उल्लंघन होने पर कर्ज रद्द करने तथा पूरी बकाया राशि ब्याज सहित वसूलने का अधिकार होगा।इसके अलावा, प्रत्येक कर्ज लेने वाली चीनी मिल के लिए श्रेणी-1 के विशेष लेखा परीक्षक की नियुक्ति की जाएगी। यह विशेष ऑडिटर कर्ज की राशि का उपयोग किस प्रकार किया जा रहा है और उसकी किस्तों का भुगतान नियमित हो रहा है या नहीं, इसकी निगरानी करेगा। जब तक मिल का पूरा कर्ज नहीं चुकता, तब तक यह निगरानी जारी रहेगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here