सहरसा : बिहार के सहरसा जिले में गन्ने की खेती को फिर से बढ़ावा देने के लिए गन्ना विकास विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। पिछले कई वर्षों में जिले में गन्ने की खेती का रकबा काफी घट गया है। इसे देखते हुए बिहार गन्ना विकास बोर्ड ने इस वर्ष 200 एकड़ क्षेत्र में शरदकालीन गन्ने की बुवाई कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए किसानों को मुफ्त बीज, अनुदान और आधुनिक खेती का तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में गन्ना उत्पादन को दोबारा मजबूत करना है।इस योजना को जिले में प्रस्तावित नई चीनी मिल की स्थापना से भी जोड़कर देखा जा रहा है। भविष्य में चीनी मिल को पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध कराने के लिए विभाग सहरसा और आसपास के क्षेत्रों में गन्ने का रकबा बढ़ाकर 15 हजार से 20 हजार हेक्टेयर तक पहुंचाना चाहता है।
पहली बार गन्ना लगाने वाले किसानों को मुफ्त बीज
योजना के तहत पहली बार गन्ने की खेती शुरू करने वाले किसानों को खेतों के सत्यापन के बाद अधिकतम एक एकड़ क्षेत्र के लिए मुफ्त बीज उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, पहले से गन्ने की खेती कर रहे किसानों को उन्नत किस्मों के बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।इसके साथ ही किसानों को वैज्ञानिक और आधुनिक खेती की तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि गन्ने की उत्पादकता और गुणवत्ता में सुधार किया जा सके।
गन्ने की नर्सरी तैयार करने का दिया गया प्रशिक्षण
किसानों को गुणवत्तापूर्ण गन्ना बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग ने पूसा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें किसानों को गन्ने की नर्सरी तैयार करने की वैज्ञानिक विधियां सिखाई गईं। प्रशिक्षण में शामिल किसानों को नर्सरी स्थापित करने के लिए आवश्यक सामग्री भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। प्रशिक्षण के बाद किसानों ने अपने खेतों में बताई गई तकनीक के अनुसार गन्ने की नर्सरी तैयार करना शुरू कर दिया है।
10 से 20 एकड़ तक सिमट गई थी गन्ने की खेती
एक समय सहरसा जिले में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती होती थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में इसका रकबा घटकर महज 10 से 20 एकड़ रह गया था। अब विभाग शरदकालीन बुवाई अभियान के माध्यम से इसे बढ़ाकर 200 एकड़ तक पहुंचाने की तैयारी कर रहा है। सहरसा गन्ना विकास बोर्ड के सहायक निदेशक शुभम कुमार ने बताया कि कोसी क्षेत्र में गन्ने की खेती को पुनर्जीवित करने और इसके क्षेत्रफल में विस्तार के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। आने वाले वर्षों में अधिक से अधिक किसानों को गन्ने की खेती से जोड़ने की योजना है।
दो दशक पहले कोसी क्षेत्र था गन्ना उत्पादन का प्रमुख केंद्र
करीब दो दशक पहले कोसी क्षेत्र बिहार के प्रमुख गन्ना उत्पादक इलाकों में शामिल था। सहरसा जिले के अमरपुर, बलुआहा, सीतानाबाद, नरियार, रहुआमणि, बिशनपुर, बेंगहा, बलवा हाट, सहुरिया और सुहथ जैसे गांवों में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती की जाती थी। उस समय सोनबरसा कचहरी रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन गन्ने से भरे रेलवे रैक हसनपुर चीनी मिल भेजे जाते थे। किसानों को मिल में गन्ना पहुंचाने के बाद समय पर भुगतान भी मिल जाता था। इससे गन्ने की खेती किसानों के लिए नियमित आमदनी का एक महत्वपूर्ण साधन बनी हुई थी।
हसनपुर चीनी मिल बंद होने से घटा किसानों का रुझान
हसनपुर चीनी मिल बंद होने के बाद धीरे-धीरे किसानों का गन्ने की खेती से मोहभंग होने लगा। गन्ने की बिक्री और भुगतान की व्यवस्था प्रभावित होने से किसानों ने दूसरी फसलों की ओर रुख करना शुरू कर दिया। इसका सीधा असर जिले में गन्ने के कुल रकबे पर पड़ा। अब क्षेत्र में नई चीनी मिल स्थापित करने के प्रस्ताव और गन्ना विकास विभाग के विशेष अभियान से किसानों में एक बार फिर उम्मीद जगी है। सरकार का लक्ष्य सहरसा सहित पूरे कोसी क्षेत्र में गन्ने की खेती को पुरानी पहचान दिलाना और भविष्य की चीनी मिलों के लिए पर्याप्त गन्ना उपलब्ध कराना है। नई चीनी मिल की संभावित स्थापना, मुफ्त बीज, 50 प्रतिशत अनुदान और तकनीकी प्रशिक्षण के जरिए बिहार सरकार को उम्मीद है कि सहरसा और कोसी क्षेत्र में गन्ने की खेती फिर से किसानों की आमदनी का प्रमुख आधार बन सकेगी।

















