उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले गन्ने का एसएपी 20-30 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ने की संभावना

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले गन्ना किसानों को बड़ी राहत देने की तैयारी कर रही है। राज्य सरकार वर्ष 2026-27 के पेराई सत्र के लिए गन्ने के राज्य परामर्शित मूल्य (SAP) में 20 से 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करने पर विचार कर रही है। द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रस्ताव को लेकर गन्ना विकास विभाग में चर्चा चल रही है।

रिपोर्ट में विभागीय सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंजूरी मिलने के बाद राज्य मंत्रिमंडल प्रस्तावित बढ़ोतरी पर फैसला ले सकता है। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो अगेती किस्म के गन्ने का मूल्य बढ़कर 420 से 430 रुपये प्रति क्विंटल हो सकता है, जबकि सामान्य किस्मों का भाव 410 से 420 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच सकता है। इससे पहले सरकार ने वर्ष 2025-26 के पेराई सत्र में SAP में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की थी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसान संगठनों की 50 से 100 रुपये बढ़ोतरी की मांग

किसान प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित बढ़ोतरी को अपर्याप्त बताते हुए गन्ने के मूल्य में 50 से 100 रुपये प्रति क्विंटल तक वृद्धि करने की मांग की है। उनका कहना है कि, खेती की लागत, मजदूरी और सिंचाई खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। इसके अलावा गन्ना भुगतान में देरी और फसल की लंबी अवधि के कारण किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।गन्ना विकास विभाग के सर्वेक्षण के अनुसार, उत्तर प्रदेश में वर्ष 2026-27 के दौरान गन्ने का रकबा घटकर 28.14 लाख हेक्टेयर रह गया है, जबकि पिछले वर्ष यह 28.61 लाख हेक्टेयर था। यानी एक वर्ष में गन्ने के क्षेत्रफल में लगभग 47 हजार हेक्टेयर की कमी दर्ज की गई है।

चीनी मिल मालिकों ने बढ़ोतरी का किया विरोध

दूसरी ओर, चीनी मिल मालिकों ने गन्ने के एसएपी में एक बार फिर बढ़ोतरी करने का विरोध किया है। मिल मालिकों का कहना है कि, पिछले वर्ष की तुलना में चीनी रिकवरी दर में लगभग 0.5 प्रतिशत अंक की गिरावट आई है।चीनी रिकवरी घटने का मतलब है कि एक क्विंटल गन्ने से पहले की तुलना में कम चीनी का उत्पादन हो रहा है। इससे चीनी मिलों की आमदनी और मुनाफे पर दबाव बढ़ रहा है। मिलों को उत्पादन में कमी के बावजूद सरकार द्वारा निर्धारित SAP के अनुसार किसानों को भुगतान करना अनिवार्य है। ऐसे में मिल मालिकों का तर्क है कि गन्ने की कीमत में और बढ़ोतरी से उनकी आर्थिक मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों पर BJP की नजर

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए गन्ने के एसएपी में संभावित बढ़ोतरी का राजनीतिक महत्व भी काफी बढ़ गया है। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गन्ना ग्रामीण अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है और बड़ी संख्या में किसान परिवार इस फसल पर निर्भर हैं।भारतीय जनता पार्टी के लिए गन्ना किसानों का समर्थन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भी कृषि एवं किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाकर ग्रामीण मतदाताओं को अपने पक्ष में लामबंद करने की कोशिश कर रही हैं।

2017 से किसानों को 3.25 लाख करोड़ रुपये का भुगतान : सरकार का दावा

राज्य सरकार ने गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को अपनी प्राथमिकता बताया है। सरकार का दावा है कि वर्ष 2017 से अब तक गन्ना किसानों के खातों में 3.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सितंबर तक चीनी मिलों ने वर्ष 2025-26 के गन्ना बकाये का 95 प्रतिशत से अधिक भुगतान कर दिया था। इस दौरान कुल देनदारियां 34,500 करोड़ रुपये से अधिक थीं।अब किसानों, चीनी मिल मालिकों और राजनीतिक दलों की नजर राज्य सरकार के अंतिम फैसले पर टिकी है। यदि SAP में बढ़ोतरी होती है, तो आगामी पेराई सत्र में उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here