अहमदाबाद : अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड (APSEZ) ने कर्ज में डूबी जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड (JAL) के दिवाला समाधान योजना के तहत जयपी फर्टिलाइजर्स एंड इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड (JFIL) के अधिग्रहण के लिए 1,500 करोड़ रुपये का अंतिम समझौता किया है। यह सौदा 21 मई को हुआ और इससे उत्तर भारत में अडानी समूह की लॉजिस्टिक्स मौजूदगी को बड़ा बल मिलने की उम्मीद है।
नियामकीय फाइलिंग के अनुसार, इस शेयर खरीद समझौते के तहत अडानी पोर्ट्स को JFIL में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी मिलेगी। JFIL, कानपुर फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स लिमिटेड (KFCL) की होल्डिंग कंपनी है। इस अधिग्रहण के जरिए अडानी पोर्ट्स को अप्रत्यक्ष रूप से कानपुर में स्थित करीब 243 एकड़ औद्योगिक और व्यावसायिक जमीन पर नियंत्रण मिलेगा।
कंपनी इस जमीन को उत्तर भारत में लॉजिस्टिक्स पार्क और वेयरहाउसिंग हब विकसित करने के लिए रणनीतिक रूप से बेहद अहम मान रही है। इससे नई जमीन अधिग्रहण में लगने वाला समय बचेगा और परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा सकेगा।अडानी पोर्ट्स का लक्ष्य वर्ष 2031 तक अपने मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क नेटवर्क को 12 से बढ़ाकर 16 पार्क तक ले जाना है। साथ ही वेयरहाउसिंग क्षमता में भी लगभग चार गुना विस्तार की योजना है। कानपुर की यह जमीन इस विस्तार योजना का अहम केंद्र बन सकती है।
यह अधिग्रहण अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की ओर से जयप्रकाश एसोसिएट्स के लिए पेश की गई समाधान योजना के तहत किया जा रहा है। राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) ने इस योजना को 17 मार्च 2026 को मंजूरी दी थी। वहीं भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) ने अगस्त 2025 में इसे मंजूरी दी थी और मई 2026 में एनसीएलएटी ने भी इस योजना को बरकरार रखा, जिससे कानूनी अड़चनें लगभग समाप्त हो गईं।
इसी क्रम में अडानी समूह की एक अन्य कंपनी अडानी पावर ने भी जयप्रकाश एसोसिएट्स के साथ अलग समझौता किया है। इसके तहत कंपनी जयप्रकाश पावर वेंचर्स लिमिटेड (JPVL) में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी और उत्तर प्रदेश स्थित 180 मेगावाट क्षमता वाले चुरक थर्मल पावर प्लांट का अधिग्रहण करेगी। विशेषज्ञों के अनुसार, ये दोनों सौदे अडानी समूह की रणनीतिक योजना का हिस्सा हैं, जिसके तहत वह जयप्रकाश समूह की प्रमुख परिसंपत्तियों और जमीन को अपने कारोबार से जोड़ रहा है। कानपुर अधिग्रहण से अडानी पोर्ट्स को उत्तर प्रदेश के एक बड़े औद्योगिक केंद्र में मजबूत आधार मिलेगा और उसकी लॉजिस्टिक्स विस्तार योजना को गति मिलेगी।

















