नई दिल्ली: खाद्य मंत्रालय ने 30 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना के तहत सितंबर 2026 के पहले पखवाड़े के लिए 587 चीनी मिलों और दो रिफाइनरियों को कुल 13 लाख मीट्रिक टन (LMT) चीनी बिक्री कोटा आवंटित किया है। सितंबर 2025 में सरकार ने घरेलू बिक्री के लिए 23.5 लाख मीट्रिक टन का मासिक चीनी कोटा निर्धारित किया था। पखवाड़ेवार कोटे के तहत चीनी मिलों को आवंटित मात्रा में से कम से कम 40 प्रतिशत चीनी पहले सप्ताह में बेचनी होगी। शेष मात्रा अगले सप्ताह में बेची जाएगी। सितंबर के लिए यह पखवाड़ेवार आवंटन ऐसे समय किया गया है, जब सरकार समय-समय पर बिक्री कोटा निर्धारित कर घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता को नियंत्रित कर रही है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य घरेलू बाजार में पर्याप्त चीनी उपलब्ध कराना और कीमतों में अचानक उतार-चढ़ाव को रोकना है। सितंबर में चीनी की कीमत तय करने में बाजार की स्थिति और मांग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विशेषज्ञों के अनुसार, सितंबर के पहले पखवाड़े के लिए निर्धारित चीनी बिक्री कोटा घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। उनका अनुमान है कि, सितंबर के पहले पखवाड़े में चीनी बाजार का रुख स्थिर से नकारात्मक रह सकता है। हालांकि, त्योहारी सीजन के कारण इस अवधि में चीनी की मांग पर नजर रहेगी। त्योहारों के दौरान घरों में खपत बढ़ने के साथ मिठाई निर्माताओं और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग की मांग भी आमतौर पर बढ़ जाती है।
उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र को सबसे बड़ा कोटा
आदेश के अनुसार, प्रत्येक चीनी मिल के लिए व्यक्तिगत बिक्री सीमा की गणना 1 सितंबर को उपलब्ध शुरुआती स्टॉक और पखवाड़े के दौरान होने वाले उत्पादन के आधार पर की गई है। हालांकि, प्रत्येक इकाई के लिए निर्धारित अधिकतम सीमा लागू रहेगी। राज्यवार आवंटन में उत्तर प्रदेश को सबसे अधिक करीब 4.20 लाख टन चीनी का कोटा मिला है। इसके बाद महाराष्ट्र को करीब 4.10 लाख टन और कर्नाटक को 1.77 लाख टन आवंटित किया गया है।
तमिलनाडु, गुजरात, बिहार और पंजाब को लगभग 24,000 से 44,000 टन के बीच कोटा दिया गया है। वहीं मध्य प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना, उत्तराखंड और ओडिशा समेत अन्य राज्यों को अपेक्षाकृत कम मात्रा आवंटित की गई है। इसके अलावा श्री रेणुका शुगर्स लिमिटेड और श्री दत्त इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित रिफाइनरियों को इस अवधि में संयुक्त रूप से एक लाख टन परिवर्तित चीनी बेचने की अनुमति दी गई है।
18 सितंबर तक देनी होगी स्टॉक की जानकारी
सभी चीनी मिलों को सितंबर के पखवाड़े के लिए शुरुआती स्टॉक, उत्पादन, डिस्पैच, जारी की गई चीनी और अंतिम स्टॉक का विवरण 18 सितंबर 2026 तक निर्धारित ऑनलाइन फॉर्म के माध्यम से जमा करना होगा। मिलों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि बेची गई चीनी की सात दिनों के भीतर आपूर्ति/डिस्पैच कर दी जाए। केंद्र और राज्य सरकारों के अधिकारियों द्वारा विशेष संयुक्त निरीक्षण अभियान के दौरान GST बिलों का भी मिलान किया जाएगा।
P-II रिटर्न में गलती पर अगला कोटा हो सकता है रद्द
मिलों को अगस्त 2026 का मासिक P-II रिटर्न 7 सितंबर 2026 तक API के माध्यम से जमा करना होगा। ऐसा नहीं करने पर अगले पखवाड़े का चीनी बिक्री कोटा प्रभावित हो सकता है। 31 अगस्त 2026 को उपलब्ध अंतिम स्टॉक, जो P-II रिटर्न में घोषित किया गया है, उसका भौतिक स्टॉक सत्यापन किया जाएगा। किसी भी प्रकार की विसंगति को शुगर (कंट्रोल) ऑर्डर, 2025 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत उल्लंघन माना जाएगा।
आदेश में कहा गया है कि, जुलाई 2026 के P-II रिटर्न में गलत या झूठी जानकारी देने वाली कुछ मिलों को पहले ही कारण बताओ नोटिस जारी किए जा चुके हैं। अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई भी की जाएगी। एक से अधिक चीनी इकाइयां संचालित करने वाली समूह कंपनियों को स्टॉक इकाईवार या संयुक्त आधार पर रखने की अनुमति दी गई है।
20% चीनी की जूट बैग में पैकिंग अनिवार्य
सभी चीनी मिलों को जूट पैकेजिंग मैटेरियल (कमोडिटीज की पैकिंग में अनिवार्य उपयोग) अधिनियम, 1987 के तहत चीनी की 20 प्रतिशत मात्रा की पैकिंग जूट की बोरियों में करना अनिवार्य किया गया है। मिलों को इस संबंध में जानकारी NSWS पोर्टल पर P-II प्रोफार्मा में जमा करनी होगी। इस आदेश का उल्लंघन होने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत दंडात्मक प्रावधान लागू होंगे।


















